ऋषि कपूर ने 30 हजार में खरीदे थे ‘बॉबी’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवार्ड !

0
329

जन्मदिन विशेष

  • नवीन शर्मा

मुंबई: आपको ऋषि कपूर और डिंपल की वो सुपरहिट फिल्म तो याद होगी जिसमें ऋषि रईस बाप के थोड़े बिगड़ैल बेटे के किरदार में थे। टीनएजर्स प्यार पर बनी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रेकॉर्ड तोड़ दिये थे। ऐसे में आदमी को सही और गलत की समझ कम रहती है। रोल की तरह ऋषि का मिज़ाज भी सातवें आसमान पर पहुंच गया था। शायद यह भी एक वजह रही होगी कि ऋषि ने अपने पीआरओ तारकनाथ के प्रस्ताव को बिना सोचे समझे मान लिया, जिसमें उसने 30 हज़ार रुपये में बॉबी फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर का अवार्ड खरीदने की बात कही थी।

हालांकि ऋषि कपूर ने अपनी आत्मकथा खुल्लम-खुल्ला में अपनी गलती स्वीकार करते हुए शर्मिंदगी जाहिर की है। वैसे इस स्वीकारोक्ति ने इस बात की पुष्टि की है कि आज से करीब पचास साल पहले भी अवार्ड की खरीद बिक्री होती थी।

- Advertisement -

अभिनेता ऋषि कपूर का जन्म

खैर, 67 साल के अभिनेता ऋषि कपूर का जन्म आज ही के दिन 4 सितंबर, 1952 को हुआ था। ऋषि कपूर एक भारतीय फ़िल्म अभिनेता, फ़िल्म निर्माता और निर्देशक है। वह एक बाल कलाकार के रूप में काम कर चुके हैं। उन्हें बॉबी के लिए 1974 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार और साथ ही 2008 में फ़िल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार सहित अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स के साथ डांस में माहिर

ऋषि कपूर अपने दौर के सबसे बढ़िया डांसरों में शामिल हैं। उनसे थोड़े बड़े जीतेंद्र और मिथुन चक्रवर्ती ही दो ऐसे कलाकार थे जो इस मामले में उन्हें टक्कर देते थे। वैसे मिथुन ने तो बाद के दौर में इसमें ज्यादा महारत हासिल कर ली थी। ऋषि को उनकी फिल्मों में विभिन्न वाद्ययंत्र को बजाते हुए देखने पर ये भ्रम हो जाता है कि वे इन्हें अच्छी तरह से बजाना जानते होंगे। खासकर गिटार तो उन्होंने कई फिल्मों में इतने कॉन्फीडेंस से बजाया है कि दर्शक सचमुच मान लेते हैं कि वे इसे बजाना जानते हैं।

कभी-कभी की शूटिंग के दौरान जान पर बन आई

ऋषि ‘कभी-कभी’ फिल्म करने को इच्छुक नहीं थे। उन्होंने एक तरह से इंकार ही कर दिया था लेकिन फिल्म के निर्माता गुलशन राय चाहते थे कि ऋषि कपूर ही युवा प्रेमी की भूमिका निभाएं। इसलिए उन्होंने शशि कपूर को भेजा। शशि कपूर और यश चोपड़ा विमान से दिल्ली पहुंचे और उन्होंने ऋषि कपूर को काम करने के लिए राजी किया।

फिल्म ‘कभी-कभी’ की शूटिंग के दौरान पहलगाम में ऋषि कपूर के जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। रात में जश्न शुरू हुआ तो घोड़ों के मालिक और फिल्म यूनिट के टैक्सी चालक के बीच झड़प हो गई। इसके बाद हजारों लोगों की भीड़ हाथों में पत्थर और आग के गोले लिए होटल के बाहर जमा हो गई। उनका निशाना ऋषि कपूर और यस चोपड़ा के असिस्टेंट दीपक सरीन थे। सुरक्षा के लिहाज से होटल में लोगों को कमरों में बंद कर दिया गया। गुस्साए लोगों की भीड़ ने कई खिड़कियों के शीशे चकनाचूर कर दिया और होटल को भी तहस-नहस कर दिया। बात इतनी बिगड़ गई की सेना के जवानों को आकर स्थिति पर काबू पाना पड़ा।

कुछ फिल्मों के बाद डिप्रेशन का दौर

प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सुभाष घई ने ऋषि को लेकर पुनर्जन्म की कहानी को लेकर ‘कर्ज’ फिल्म बनाई थी। ये फिल्म ठीक-ठाक चली थी, लेकिन इसकी सफलता का आनंद उठाने की बजाय ऋषि डिप्रेशन में चले गए। क्योंकि उन्होंने इस फिल्म को लेकर ज्यादा उम्मीदें पाल रखीं थीं।

यह फिल्म ज्यादा इसलिए भी नहीं चली क्योंकि इसके इसके ठीक एक सप्ताह बाद फिरोज खान की ‘कुर्बानी’ रिलीज हो गई। ‘कुर्बानी’ में विनोद खन्ना और जीनत अमान जैसे बड़े सितारे थे। इसके अलावा यह बड़े बजट की भी फिल्म थी और सबसे बढ़कर इसके संगीत ने धूम मचा दी। बिदू और नाजिया हसन के संगीत ने युवाओं पर जादू कर दिया था खास कर ‘आप जैसा कोई मेरी जिंदगी में आई तो बात बन जाए, ने तो कमाल कर दिया था।

इसके अलावा ‘लैला मैं लैला… कैसी मैं लैला… हर कोई चाहे मुझसे मिलना अकेला’ भी लोगों की जुबान पर चढ़ गया था।  इस स्थिति में ऋषि कपूर डिप्रेशन में चले गए। यहां तक की कैमरे का सामना करने से डरने लगे। वे खुद बताते हैं कि मैं सेट पर कांपने लगता और कभी-कभी बेहोश भी हो जाता था। नौबत यहां तक आ गई कि डॉक्टर और मनोचिकित्सक की भी मदद लेनी पड़ी।

ऋषि स्वीकार करते हैं कि यह घटना इस वजह से भी हुई क्योंकि हमारा मन समस्याओं को ज्यादा विकराल रूप में देखने लगता है। उस समय उनके पास चार बड़ी फिल्में थीं ‘प्रेमरोग’, ‘नसीब’,’ कुली’ और ‘जमाने को दिखाना है।‘ इनमें से ‘जमाने को दिखाना है’ को छोड़कर सारी फिल्में हिट हुईं थीं।

ऋषि की शादी

ऋषि कपूर और नीतू सींह की शादी 22 जनवरी, 1980 में हुइ थी। इनके दो बच्चे हैं रणबीर कपूर, जो कि एक अभिनेता हैं और रिदीमा कपूर जो एक ड्रेस डिजाइनर हैं। करिश्मा कपूर और करीना कपूर इनकी भतीजियां हैं। ऋषि कपूर सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणियों के लिए विवादों में हैं।

इन दिनों अमेरिका में हैं ऋषि

ऋषि कपूर बीमारी के चलते काफी दिनों से अमेरिका में हैं। और जानकारी के मुताबिक वे जल्दी ही पूर्व मुंबई स्थित अपने घर लौट सकते हैं।

- Advertisement -