राहुल को राम बना दिया बिहार के कांग्रेसियों ने, लगाये पोस्टर

0
331

पटना। आगामी लोकसभा चुनाव में बाजी मारने के लिए सियासी दल बेताब हैं। इस कड़ी में भाजपा से दो कदम आगे बढ़ कर कांग्रेस वोटरों को खींचने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इस कड़ी में प्रदेश कांग्रेस ने पटना के गांधी मैदान में होनेवाली 3 फरवरी की रैली के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी  को रामावतार के रूप में पेश किया है। यह बताना जरूरी है कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी को शिव अवतार के रूप में दिखाया गया था। हो सकता है कि उस समय शिव पूजन के लिए मशहूर मानसरोवर की यात्रा चल रही थी, इसलिए ऐसा किया गया था। अब प्रयागराज के अर्द्धकुंभ के मौके पर रामंदिर का मामला सुर्खियां बटोर रहा है, इसलिए राहुल को शिवातार से रामावतार करने में कहीं अधिक फायदे की संभावन हो।

सामाजिक न्याय व अपनी सियासी सोच के लिए बिहार की अलग पहचान है।  बिहार में राजनीतिक दलों और प्रशंसकों की ओर से बड़े-बड़े पोस्टर का प्रयोग करना आम बात है। फिलहाल लोकसभा चुनाव का जोर है और ऐसे में सभी सियासी दल अपने विरोधियों को मात देने के लिए पोस्टर का सहारा ले रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का पोस्टर है, जिसमें उन्हें राम का अवतार बताया गया है।

- Advertisement -

शिवभक्त कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अब राम के अवतार में नजर आ रहे हैं।  प्रदेश में अपनी जनाधार दिखाने के लिए 3 फरवरी को पटना के गांधी मैदान में कांग्रेस की जन आकांक्षा रैली होने वाली है। इसमें राहुल गांधी शिरकत करने वाले हैं। रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने पूरे शहर के चौक-चौराहों पर बैनर पोस्टर से पाट दिए हैं।

इसी क्रम में कांग्रेस के कुछ नेताओं ने एक दिलचस्प पोस्टर आयकर गोलंबर के पास लगाया है, जिसमें राहुल गांधी को राम के अवतार में दिखाया गया है। इस पोस्टर में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत बिहार के कई नेताओं की तस्वीरें भी लगी हुई हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस पोस्टर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राम के रूप में नजर आ रहे हैं। यह पोस्टर वरीय नेता विजय कुमार सिंह और युवा नेता आलोक हर्ष की तरफ से संयुक्त रूप से लगाया गया है।

इस पोस्टर में ‘वे राम नाम जपते रहे, तुम बन कर राम जियो रे’ लिखा हुआ है। कांग्रेस ने इन दो पंक्तियों के माध्यम से भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस मानती है कि  बीजेपी भगवान राम का नाम केवल राजनीतिक फायदे के लिए जपती है, जबकि कांग्रेस पार्टी चाहती है कि राहुल गांधी राम की तरह आदर्श जीवन जीयें।

- Advertisement -