रांची का बड़ा तालाब अब बन गया स्वामी विवेकानंद सरोवर

0
321

रांची। स्वामी विवेकानंद जी ने समरस समाज और भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना देखा था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी उनके सपनों का भारत बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। वे नये भारत का निर्माण कर रहे हैं, जहां कोई बेघर, बेरोजगार, बेदवा, बे शिक्षा न रहे। कोई अभाव की जिंदगी न जिये। देश के वंचित, शोषित, पीड़ितों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रहे हैं। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कही। वे राष्ट्रीय युवा दिवस पर रांची झील (बड़ा तालाब) के मध्य टापू पर स्वामी विवेकानंद की वृहद प्रतिमा का अनावरण और सौंदर्यीकरण का उदघाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज से बड़ा तलाब का नाम स्वामी विवेकानंद सरोवर होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति ने हमारे देश को काफी पीछे कर दिया है। प्रधानमंत्री जी के सबका साथ सबका विकास के मूलमंत्र पर अब देश चल पड़ा है। अब हर किसी को बिना जात-धर्म पूछे योजनाओं का लाभ मिल रहा है। विकास की बाट जोह रहे शोषितो, वंचितों को उनका हक मिल रहा है। देश के करोड़ो बेघर लोगों को घर मिल रहा है। गरीब महिलाओं को सम्मान के साथ जीने के लिए उज्जवला योजना के तहत गैस-चूल्हा हो या घर में शौचालय। गरीबों का बैंक में खाता हो या मुद्रा लोन से छोटे-छोटे व्यापार के लिए आर्थिक मदद। बिना जात देखे हर वर्ग के कमजोर लोगों के लिए आरक्षण की व्यवस्था सारे काम मोदी जी ने पिछले साढ़े चार साल में करके दिखाये हैं। आज दुनिया में देश की साख बढ़ रही है। उनके नेतृत्व में हम विश्वगुरु बनने की ओर बढ़ रहे हैं।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना ही वास्तविक विकास है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार यही कार्य कर रही है। हजारों नौजवान डिग्री लेकर बेरोजगार घूम रहे थे। देश में पहली बार स्किल डेवलपमेंट विभाग की स्थापना कर नौजवानों को रोजगार से जोड़ने का काम किया। झारखंड सरकार ने इसी को आगे बढ़ाते हुए एक दिन में 1.06 लाख लोगों को रोजगार से जोड़ कर विश्व कीर्तिमान बनाया है। घोटालों और कमीशनखोरी पर मोदी जी के राज में रोक लगी है। इस कारण कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। जिन लोगों का इतिहास दागदार है, वे गरीब मां के बेटे के प्रधानमंत्री बनने से परेशान हैं। देश की जनता सब देख रही है। प्रधानमंत्री जी की मां अभी भी छोटे से घर में रह रही है। उनके भाई छोटा-मोटा काम कर अपना गुजारा कर रहे हैं। वैसे प्रधानमंत्री पर घोटाले का आरोप लगानेवाले विपक्षी दलों की पोल जनता के सामने खुल चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा लोगों को उनके संदेशों और प्रेरणा देने का काम करेगी, जिसका मूल मंत्र देशभक्ति है। इस प्रतिमा से युवा देश प्रेम के प्रति जागरूक होंगे। स्वामी जी के विचारों और उनकी सोच से परिचित होंगे। उन्होंने बड़ा तलाब का नामकरण स्वामी विवेकानंद सरोवर करने की भी घोषणा की। साथ ही, यहां गिर रहे गंदे नालों को बंद करने का निर्देश दिया और तालाब का पानी साफ रखने का निर्देश दिया।

यह भी पढ़ेंः

बेगूसराय में अपराधियों पर आफत, मुठभेड़ में सुमंता समेत 3 ढेर

नया कोई गुल खिलायेगा तेरा-मेरा मिलना, बसपा-सपा का गठबंधन

‘कवलेजिया बलमुआ’ हुआ वायरल, अक्षरा की आवाज का चला जादू 

कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री श्री सी पी सिंह ने बताया कि 33 फीट ऊंची प्रतिमा है। रात में भी यहाँ बोटिंग हो सके इसके लिए विशेष तौर पर लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। स्वामी जी के विचारों को यहां प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में पर्यटन मंत्री श्री अमर कुमार बाउरी, रांची के सांसद श्री रामटहल चौधरी मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार वर्णवाल, पर्यटन विभाग के सचिव श्री राहुल शर्मा, भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री सुनील कुमार, रामकृष्ण मिशन के स्वामी भावेशानंद जी और मूर्तिकार पद्म भूषण श्री राम सुतार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

- Advertisement -