NCC और NSS का प्रशिक्षण जरूर हासिल करें देश के युवा

0
249
हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने मंगलवार को एन.सी.सी. व एन.एस.एस के कैडेट्स व स्वयंसेवकों के सम्मान में आयोजित समारोह संबोधित किया
हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने मंगलवार को एन.सी.सी. व एन.एस.एस के कैडेट्स व स्वयंसेवकों के सम्मान में आयोजित समारोह संबोधित किया

चंडीगढ़। NCC और NSS का प्रशिक्षण जरूर हासिल करें युवा। इससे अनुशासन आता है। यह सलाह हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने युवाओं को दी है। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एन.सी.सी.) व राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) का प्रशिक्षण अवश्य प्राप्त करें, ताकि वे अनुशासित बनकर कुशल नेतृत्व प्रदान करने में सक्षम हों। श्री आर्य मंगलवार को एन.सी.सी. व एन.एस.एस के कैडेट्स व स्वयंसेवकों के सम्मान में आयोजित समारोह में बोल रहे थे।

इस समारोह में एन.सी.सी. के उन सभी 32 कैडेट्स व एन.एस.एस. के 9 स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 2020 में गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में आयोजित परेड व प्रधानमंत्री रैली में भाग लिया था। इनमें दस गर्ल्स कैडेट्स भी शामिल हैं। हरियाणा की एन.सी.सी. की इस टुकड़ी ने इस बार भी चैथी बार परेड में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसी तरह से एन.एस.एस के 9 स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया, जिनमें चार गर्ल्स स्वयंसेवक (वालन्टियर्स) शामिल हैं। इन्होंने भी गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लिया था। उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड में एनएसएस की टुकड़ी का नेतृत्व करने वाले हिसार (हरियाणा) के स्वयंसेवक चेतन गुप्ता को विशेष बधाई दी। उन्होंने कैडेट्स व स्वयंसेवियों को स्मृति चिन्ह के साथ-साथ 21-21 हजार रुपए की राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने सभी कैडेट्स व स्वयंसेवकों को 5100-5100 रुपए की अतिरिक्त राशि इनाम में देने की घोषणा की।

- Advertisement -

राज्यपाल श्री आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एन.सी.सी.) का आदर्श ‘‘एकता एवं अनुशासन‘‘ है, जबकि राष्ट्रीय सेवा योजना का आदर्श ‘‘मैं नही, बल्कि आप‘‘ है। ये दोनों संस्थाएं अपने आदर्शों पर कार्य कर युवाओं में राष्ट्र व समाज सेवा की भावना भरती हैं। इन संस्थाओं के  कैडेट्स व स्वयंसेवी मानवता की सेवा करने के लिए रक्तदान, नेत्रदान का संकल्प लेते हैं। इसके साथ-साथ ये कैडैट्स दहेज उन्मूलन अभियान, एड्स जागरूकता अभियान तथा स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग लेते हैं।

यह भी पढ़ेंः BJP का दावा- पाकिस्तान के दलित-पिछड़ों के लिए वरदान है CAA

उन्होंने कहा कि आज देश महात्मा गांधी जी की 151वीं जंयती मना रहा है। ऐसे अवसर पर एन.सी.सी. के कैडेट ने गणतंत्र दिवस परेड में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। सभी कैडेट्स व स्वयंसेवी बधाई के पात्र हैं। श्री आर्य ने कहा कि एन.सी.सी. व एन.एस.एस में लड़कियां भी लड़कों की तरह प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं और ये भी पूरी तरह प्रशिक्षित होकर देश व समाज सेवा के लिए तैयार हैं। उन्होनें युवाओं से अपील की कि वे अपनी युवा शक्ति को चैनेलाइज कर सामाजिक कुरीतियों को दूर करते हुए समाज व राष्ट्र की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार भी राष्ट्रीय कैडेट कोर व राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों को लोकप्रिय बनाने और उन्हें प्रोत्साहन देने का भरसक प्रयत्न करेगी।

यह भी पढ़ेंः दिल्ली में आप-कांग्रेस की जोड़ी पर भारी पड़ेगी भाजपाः राजीव

श्री आर्य अपने छात्र जीवन के अनुभव सांझा करते हुए कहा कि वे भी छात्र जीवन में स्काउट् व एनसीसी के कैडेट रहे हैं। इसी की वजह से उनके जीवन में जनसेवा की भावना उत्पन्न हुई और ताउम्र अनुशासित जीवन व्यतीत करते हुए जनसेवा के कार्यों में बढ़चढ़ कर भाग लिया। युवाओं को भी चाहिए कि वे अनुशासित बनकर देश के जिम्मेवार नागरिक बनें। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री कंवरपाल गुर्जर ने सभी कैडेट्स व स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के युवा कैडेट्स व स्वयंसेवी  भविष्य में और ज्यादा संख्या में गणतंत्र दिवस समारोह में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगें, जिससे प्रदेश का नाम रोशन होगा। उन्होंने कहा कि एन.सी.सी व एन.एस.एस को युवाओं में और अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः झारखंड को समझना है तो इसके लोगों, प्रकृति व संस्कृति को देखिए

- Advertisement -