देश में लूट होती रही और कांग्रेस सरकार देखती रहीः नरेंद्र मोदी

0
120

प्रवासी भारतीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बोला कांग्रेस पर जोरदार हमला

  • हरेन्द्र शुक्ला 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रवासी भारतीयों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बीते साढ़े चार वर्ष में भारत ने दुनिया में अपना स्वाभाविक स्थान पाने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया है। पहले लोग कहते थे कि भारत बदल नहीं सकता। हमने इस सोच को ही बदल दिया है। हमने बदलाव करके दिखाया है। आज भारत दुनिया की तेज़ी से बढ़ती आर्थिक ताकत है और खेल जगत में भी हम बड़ी शक्ति बनने की तरफ निकल पड़े हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम लिये बगैर कहा कि आप में से अनेक लोगों ने हमारे देश के एक पूर्व प्रधानमंत्री की भ्रष्टाचार को लेकर कही एक बात जरूर सुनी होगी। उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार दिल्ली से जो पैसा भेजती है, उसका सिर्फ 15 प्रतिशत ही लोगों तक पहुंच पाता है। इतने वर्ष तक देश पर जिस पार्टी ने शासन किया, उसने देश को जो व्यवस्था दी थी, उस सच्चाई को उन्होंने स्वीकारा था। अफसोस रहा कि बाद के अपने 10-15 साल के शासन में भी इस लूट को, इस लीकेज को बंद करने का प्रयास नहीं किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को वाराणसी में आयोजित 15वे प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम में दुनिया के विभिन्न देशों से आये विशाल संख्या में प्रवासियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश का मध्यम वर्ग ईमानदारी से टैक्स देता रहा और जो पार्टी इतने सालों तक सत्ता में रही, वो इस 85 प्रतिशत की लूट को देखकर भी अनदेखा करती रही। हमारे देश के एक प्रधानमंत्री ने सत्ता में रहते हुए स्वीकार किया था कि दिल्ली से चला एक रुपया से मात्र 15 पैसा ही गरीबों तक पहुंचता है। घातक बीमारी का पता चल जाने के बाद भी उन्होंने इस लूट को रोकने के लिये कुछ भी नहीं किया। हमने इस लूट को खत्म किया और पांच लाख अस्सी हजार करोड़ रुपये सीधे जनता के खाते में दिये गये।

उन्होंने कहा कि हमने टेक्नोल़ॉजी का इस्तेमाल करके इस 85 प्रतिशत की लूट को 100 प्रतिशत खत्म कर दिया है। साढ़े चार वर्षों में 5 लाख 78 हजार करोड़ रुपए यानी करीब-करीब 80 बिलियन डॉलर हमारी सरकार ने अलग-अलग योजनाओं के तहत सीधे लोगों को दिए हैं, उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए हैं। आज भारत अनेक मामलों में दुनिया का अगुवाई करने के लिए तैयार है। हम ऐसे संसाधन तैयार कर रहे हैं, जिससे अनेक देशों की समस्या दूर हो सकती हैं। आज इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में हम बढ़ रहे हैं तो स्पेस में भी बड़ी सफलता पा रहे हैं। सरकार का पूरा प्रयास है कि आप सभी जहां भी रहें सुखी रहें और सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े 4 वर्षों के दौरान संकट में फंसे दो लाख से ज्यादा भारतीयों को सरकार के प्रयासों से मदद मिली है। भारत के गौरवशाली अतीत को फिर स्थापित करने के लिए 130 करोड़ भारतवासियों के संकल्प का ये परिणाम है। मैं आज बहुत गर्व से कहना चाहता हूं कि इस संकल्प में आप भी शामिल हैं।

- Advertisement -

प्रधानमंत्री ने कहा कि बनारस नगरी चिरकाल से भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ज्ञान की परंपरा से दुनिया में देश का परिचय कराती रही है। प्रवासी अपने दिलों में भारत और भारतीयता को संजोए हुए, इस धरती की ऊर्जा से दुनिया को परिचित करा रहे हैं। आज पूरा विश्वत हमारी बात को सुन रहा है और उन्हें अपना भी रहा है। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास के विजन पर चलते हुए इस देश ने बहुत कुछ पाया है। आज इकोनॉमिक क्षेत्र में भी हम आगे बढ़े हैं तो खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़े हैं। आज हमारा युवा मेक इन इंडिया के तहत रिकॉर्ड स्तर पर मोबाइल फोन, कार, बस, ट्रक, ट्रेन बना रहा है, खेतों मे रिकॉर्ड अन्न भी उपज रहा है। आज भारत अनेक मामलों में दुनिया की अगुवाई करने की स्थिति में है। इंटरनेशनल सोलर अलायंस ऐसा ही एक मंच है। इसके माध्यम से हम दुनिया को वन वर्ल्डं, वन सन, वन ग्रिड की तरफ ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच पर पहले भी कह चुका हूं और आज फिर दोहराना चाहता हूं कि आप जिस भी देश में रहते हैं, वहां से अपने आसपास के कम से कम 5 परिवारों को भारत आने के लिए प्रेरित करिए। आपका प्रयास देश में टूरिज्म बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

पासपोर्ट के साथ-साथ वीज़ा से जुड़े नियमों को भी सरल किया जा रहा है। हमारी सरकार ने पीआईओ कार्ड को ओसीआई कार्ड में बदलने की प्रक्रिया को भी आसान बनाया है। दुनियाभर में हमारे दूतावासों और सुविधा केन्द्रों को पासपोर्ट सेवा प्रोजेक्ट से जोड़ा जा रहा है। इससे आप सभी के लिए पासपोर्ट सेवा से जुड़ा एक केन्द्रीयकृत प्रणाली तैयार हो जाएगा। अब तो एक कदम आगे बढ़ते हुए चिप बेस्ड ई-पासपोर्ट जारी करने की दिशा में भी काम चल रहा है। आपकी सोशल सिक्योरिटी के साथ-साथ पासपोर्ट, वीज़ा, पीओआई और ओसीआई कार्ड को लेकर भी तमाम प्रक्रियाओं को आसान करने का प्रयास सरकार कर रही है।

श्री मोदी ने कहा कि प्रवासी भारतीयों के लिए कुछ महीने पहले ही एक नया कदम भी उठाया गया है, कि प्रवासियों के लिए दूतावास को सेवाओ से जोड़ा जा रहा है। केंद्रीयकृत सेवा किया जा रहा है। जल्द ही ई पासपोर्ट जारी होगा। ई वीजा मिलने से समय की बचत हो रही है। इनोवेशन में प्रवासी बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। सरकार सभी कुछ एक साथ एक प्लेटफॉर्म पर ला रही है। प्रवासी तीर्थ दर्शन योजना की शुरुआत की जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 150 वीं बापू की जयंती हम मना रहे हैं। देश-,विदेश में रहने वाले प्रवासी भारतीय अपने-अपने देश मे भी इस अवसर पर कुछ करना चाहेंगे, तो वहाँ पर भारतीय दूतावास सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि गाँधी ग्लोबल हैं। गुरुनानक जयंती पर भी आपके सहयोग की जरूरत है।

प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेन्द्र मोदी ने प्रवासी भारतीय दिवस के आयोजन के लिए काशीवासियों को विशेष रूप से प्रणाम किया व इसके लिये प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की भी सराहना की। उन्होंने समारोह में मौजूद सभी लोगों का स्वागत किया और खुद को भारतीय प्रवासी दिवस कार्यक्रम का मेजबान बताया। उन्होंने प्रवासियों से कहा कि यहां उनके पूर्वजों की मिट्टी की सुगंध उन्हें खिंच लायी हैं। दुनियाभर में बसे आप सभी भारतीयों से संवाद का अभियान हम सभी के प्रिय श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने शुरु किया था। अटल जी के जाने के बाद पहला प्रवासी भारतीय सम्मेलन है। इस अवसर पर मैं अटल जी को भी श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं, उनकी इस विराट सोच के लिए नमन करता हूं। पुर्तगाल, त्रिनिदाद-टोबैगो और आयरलैंड जैसे अनेक देशों को भी ऐसे सक्षम लोगों का नेतृत्व मिला है। जिनकी जड़ें भारत में हैं। आप सभी जिस देश में बसे हैं, वहां समाज के लगभग हर क्षेत्र में लीडरशिप के रोल में दिखते हैं। मॉरिशस को प्रविंद जुगनाथ जी पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने सिद्धगंगा मठ के मठाधीश शिवकुमार स्वामी के निधन पर शोक जताया।

29 जनवरी को करूंगा बच्चों से संवाद

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से पिछले एक दो साल से कार्यक्रम कर रहा हूं। मार्च का महीना परीक्षा का महीना होता है। हर घर में तनाव का माहौल होता है। मैं हमेशा कोशिश कर रहा हूं कि सभी बच्चों से उनके परिजनों, शिक्षकों से मैं संवाद करुगा। 29 जनवरी को मैं देश और दुनिया के बच्चों से नरेंद्र मोदी ऐप के जरिए करोड़ो परिवार के साथ एक्जाम वॉरियर के संबंध में संवाद करने वाला हूं। 29 जनवरी सुबह 11 बजे ये कार्यक्रम होना है।

मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद्र जगन्नाथ ने समारोह में सभी का स्वागत हिंदी में किया। इसके साथ ही उन्होंने सभी का आभार भी जताया। मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने कहा कि हम संस्कृति की गोद में हैं और यहां से गंगा जी का आशीर्वाद लेकर अपने-अपने देश जायेंगे। उन्होंने स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, बेटी बचाओ समेत नरेन्द्र मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत व फ्रांस के बीच सोलर प्लांट समझौता ऐतिहसिक है। मॉरीशस के पीएम ने कहा कि मुझे इस मंच से घोषणा करते हुये बहुत प्रसन्नता हो रही है कि अगले महीने मॉरीशस में हरियाणा सरकार के सहयोग से गीता महोत्सव का आयोजन किया जायेगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी के साथ ही मॉरीशस के पीएम प्रवींद जगन्नाथ का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के प्रयास से ही उत्तर प्रदेश में प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने वाराणसी के साथ ही प्रयागराज के कुंभ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि काशी की पुरातन काया को बनाए रखते हुए आधुनिकता के साथ उसे आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज नरेंद्र मोदी जी के प्रभावी नेतृत्व के कारण भारत की प्रतिष्ठा बाहर के देशों में बढ़ी है और उससे आप लोगों का गौरव और सम्मान भी बढ़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में मॉरीशस के लोगों ने अपनी संस्कृति बचा रखी है अपने रीति रिवाजों को संजो रखा है यह अनुपम उदाहरण है। प्रवासी भारतीय दिवस को काशी में आयोजित करना हमारे लिए गर्व की बात है।

यह भी पढ़ेंः

चिता जलने से पहले जी उठी महिला, आखिर क्या हुई करामात

वाराणसी में तानसेन की तलाश में भटक रहा एक विदेशी वैज्ञानिक

झारखंड में 2019-20 के लिए 85429 करोड़ का बजट प्रस्ताव

तीन साल बाद भारत में सिर्फ 36% बूढ़े रह जाएंगे, 64% होंगे जवान

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी दिवस के जन्मदाता अटल जी की स्मृति का भी समय है। यह दिवस उन्ही की देन है। 2004 से 2014 के बीच दिवस का महत्व घटता चला गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दिवस की गरिमा बढ़ाने के साथ इसमें जान भी फूंक दी। उन्होंने भारतवंशियों से सीधा संवाद का प्रयास किया। सुषमा स्वराज ने पिछली सरकार पर प्रवासी दिवस की उपेक्षा का आरोप लगाया। सुषमा स्वराज ने पीएम मोदी को सम्बोधित करते हुये कहा कि आप यहां आज दो भूमिका में हैं। पहली प्रधानमंत्री की दूसरी, बनारस के सांसद की। काशी वासियों ने इस प्रवासी भारतीय दिवस को अपने उत्साह और आतिथ्य से काशीमय कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज नरेंद्र मोदी जी के प्रभावी नेतृत्व के कारण भारत की प्रतिष्ठा बाहर के देशों में बढ़ी है और उससे आप लोगों का गौरव और सम्मान भी बढ़ा है। इस अवसर पर विदेश मंत्री ने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच सामंजस्य को भी काफी सराहा। उन्होंने कहा राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच पटरी न बैठे तो उस प्रदेश का विकास विवाद की बलि चढ़ जाता है, लेकिन यूपी के राज्यपाल और मुख्यमंत्री एक ही पृष्ठ पर हैं इसलिए यहां का विकास तेज गति से हो रहा है। मेहमानों के स्वागत के दौरान सुषमा स्वराज मुख्य अतिथि मॉरीशस के पीएम का स्वागत करना भूलीं। अपनी भूल स्वीकार करते हुये उन्होंने उनका स्वागत किया।

- Advertisement -