उपेंद्र कुशवाहा ने जजों की बहाली प्रक्रिया पर उठाये सवाल

0
90

सासराम राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिक्रमगंज में आयोजित गुरुवार को शाहाबाद क्षेत्रीय महासम्मेलन को संबोधित करते हुए देश में जज बहाली प्रक्रिया पर प्रश्न उठाया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट में जजों की बहाली एक बंद कमरे में करने का प्रावधान सदियों से चला आ रहा है, जबकि साधारण से साधारण पदों पर नियुक्ति के लिए संबंधित विभाग द्वारा बड़े-बड़े विज्ञापन निकाल कर निर्धारित मानक को सार्वजनिक किया जाता है। जब जजों की बहाली अन्यायपूर्ण व्यवस्था के अंतर्गत रखी गई है तो भला इनसे न्याय की उम्मीद जनता कैसे कर सकती है।

इस व्यवस्था में परिवर्तन के लिए रालोसपा द्वारा संचालित ‘हल्ला बोल- दरवाजा खोल’ अपने कार्यक्रम को उन्होंने देश के लिए महत्वपूर्ण बताया। शिक्षक बहाली प्रक्रिया पर प्रश्न उठाते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरने का काम उपेंद्र कुशवाहा ने किया। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के अंतर्गत कई अयोग्य शिक्षक विद्यालयों में सेवारत हैं, जिनसे बेहतर शिक्षा की उम्मीद नहीं की जा सकती। साथ ही शिक्षकों पर थोपे गए गैर शैक्षणिक कार्यों पर भी उन्होंने सवाल खड़े किये।

- Advertisement -

बिहार की सुदृढ़ता के लिए पढ़ाई, दवाई एवं कमाई पर बल देते हुए नीतीश कुमार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि बिहार इन मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है, परंतु नीतीश कुमार गठबंधन धर्म में उलझे पड़े हैं। रोजगार के अभाव में दूसरे प्रदेशों में पलायन कर रहे बिहारी नौजवानों को कोप का भाजन होना पड़ रहा है। विद्यालयों से शिक्षा गायब है और सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था चरमरा गई है।

सवर्णों के लिए केंद्र सरकार द्वारा लाए गए दस प्रतिशत आरक्षण के प्रस्ताव पर उन्होंने भाजपा द्वारा देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्थान के लिए आरक्षण विकल्प नहीं, बल्कि रोजगार सृजन को समाधान बताया। एनडीए से अपनी दूरी का कारण बताते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि केंद्र में बैठी भाजपा की सरकार देश को गुमराह करने का काम कर रही है और गरीब-गुरबा के साथ न्यायोचित व्यवस्था बहाल करने में विफल रही है। इसे हमारे जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति सहन नहीं कर सकते। युवा लोक समता पार्टी के प्रदेश महासचिव अखिलेश सिंह, मुन्ना चौधरी ,चंदन पांडे, अरुण कुशवाहा, शिवप्रसाद सिंह, रोहित कुशवाहा, भीम सिंह, अखिलेश सिंह ,साजिद हुसैन सहित दर्जनों पार्टी के पदाधिकारियों ने सम्मेलन को संबोधित किया |

यह भी पढ़ेंः

भाजपा के भीतर क्या कुछ ठीक नहीं चल रहा, जानिए क्या हैं वे बातें

सावधान! तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे वोटों के सौदागर

क्या वरुण गांधी कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं, जानिए क्या है चर्चा

कर्पूरी जी ने दिया, लालू ने छीन लिया गरीब सवर्णों का आरक्षण

कार्यक्रम की शुरुआत जननायक कर्पूरी ठाकुर के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत दीप प्रज्वलित कर उपेंद्र कुशवाहा ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। मौके पर राजेश कुशवाहा, मालती कुशवाहा, डॉक्टर सुरेश कुशवाहा, उमेश कुशवाहा, तेज प्रताप उर्फ पप्पू कुमार एवं मंटू कुशवाहा सहित सैकड़ों की संख्या में उपेंद्र कुशवाहा के समर्थक उपस्थित हुए।

यह भी पढ़ेंः हरिवंश नारायण सिंह करेंगे पटना में दो पुस्तकों का लोकार्पण

- Advertisement -