राहुल गांधी के मंच पर रहेंगे तेजस्वी यादव, अनंत सिंह की इच्छा अधूरी

0
322
राहुल गांधी व तेजस्वी यादव की फाइल फोटो
राहुल गांधी व तेजस्वी यादव की फाइल फोटो

पटना। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के 3 फरवरी की होनेवाली जन आकांक्षा रैली को सफल बनाने में जी-जान से जुटे बाहुबली विधायक अनंत सिंह के लिए बुरी खबर है। गांधी मैदान में राहुल गांधी के मंच पर विधायक अनंत सिंह को जगह नहीं मिलेगी, जबकि राजद नेता तेजस्वी यादव मंच पर मौजूद रहेंगे। यह अलग बात है कि राजद ने अपने लोगों को रैली में आने का न्यौता नहीं दिया है।

मोकामा से चार बार विधायक रहे अनंत सिंह के लिए यह झटका देनेवाली खबर है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि राहुल गांधी के मंच पर विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव शिरकत करेंगे। महागठबंधन के दूसरे सहयोगियों को भी मंच पर शिरकत करने का आग्रह किया गया है। गोहिल ने एक सवाल के जवाब में बताया कि अनंत सिंह को मंच पर नो एंट्री है। बतातें चलें कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहले ही अनंत सिंह को बैड एलिमेंट बताकर महागठबंधन में शामिल करने से इनकार कर चुके हैं।

- Advertisement -

फिलहाल अनंत सिंह कांग्रेस के राज्य सभा सांसद अखिलेश सिंह के साथ राजधानी की सड़कों पर राहुल गांधी की रैली के लिए रोड शो कर रहे हैं। विधायक रामदेव राय के आवास पर बुधवार को कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल दही-चूड़ा भोज में शामिल होने के लिए आये थे। गोहिल ने स्पष्ट किया कि मोकामा से निर्दलीय बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गांधी मैदान में आयोजित 3 फरवरी की जन आकांक्षा रैली में मंच पर जगह नहीं मिलेगी। अनंत सिंह को कांग्रेस में शामिल होने के सवाल  का उत्तर उन्होंने भावात्मक दिया। उन्होंने कहा कि जब सेतु बनता है तो सभी से सहयोग की अपेक्षा रहती है। पार्टी हर किसी की मदद का स्वागत करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में किसी को टिकट देने के आश्वासन पर शामिल नहीं किया जायेगा और टिकट पर निर्णय आलाकमान करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा पहले भी कह चुके हैं कि अनंत सिंह पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।  अगर कोई राहुल गांधी के लिए प्रचार कर रहा है तो वह तो अच्छी बात है।

मंच शेयर करेंगे पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि राहुल गांधी के उसी मंच पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शिरकत करेंगे। वैसे महागठबंधन के सभी घटक दलों के प्रमुख नेताओं को इसके लिए आमंत्रित किया गया है। वहीं, तेजस्वी यादव ने बताया कि राजद को कांग्रेस की ओर से रैली के लिए न्योता मिला है और वे जन आकांक्षा रैली में शामिल होंगे।

अनंत सिंह का दावा, कांग्रेस से ही लड़ेंगे चुनाव

विधायक अनंत सिंह को पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी उन्हें  मुंगेर से लोकसभा चुनाव का प्रत्याशी बनायेगी। इसके पहले वे राजद सुप्रीमो लालू यादव को सबसे बड़े जनाधार वाला नेता बता चुके हैं और उनकी पार्टी से चुनाव लड़ने का संकेत भी दिये थे। लेकिन तेजस्वी यादव ने उन्हें बैड एलिमेंट बताकर उन्हें पार्टी में नो एंट्री का सिगनल दीखा दी। दिसंबर में अनंत सिंह अपने गांव से लेकर मुंगेर तक रोड शो किया था।  कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर तीन लाख वोटों से चुनाव जीतने का दावा का भी दावा करते हैं।

यह भी पढ़ेंः

- Advertisement -