यूपी की राह चलेगा बिहार, राजद व कांग्रेस की राह होगी जुदा?

0
179

मायावती से मिले तेजस्वी यादव आज मिलेंगे अखिलेश यादव से

  • राणा अमरेश सिंह

पटना। लोकसभा चुनाव में गठबंधन की राजनीति को उत्तर प्रदेश सभी दलों को नयी राह दिखा रहा है। बसपा और सपा के गठबंधन में कांग्रेस को दरकिनार करने के बाद बिहार में राजद भी उसी नक्शेकदम पर चल सकता है। राजद विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव रविवार को बसपा की मुखिया मायावती से मिले। यह अलग बात है कि नफा-नुकसान किसे कितना होगा, यह अभी बता पाना मुश्किल है, लेकिन इतना तय है कि देश में त्रिकोणीय चुनाव की संभावनाएं प्रबल हो रही हैं। इसके साथ ही यह बात भी साफ होने लगी है कि राष्ट्रीय स्तर के लोकसभा चुनाव में दो ही चेहरों पर वोट पड़ेंगे। एक चेहरा भाजपा के नरेंद्र मोदी होंगे तो दूसरी तरफ कांग्रेस के राहुल गांधी।

लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजद विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव रविवार को बसपा की मुखिया मायावती से मिले। एकाएक दोनों की मुलाकात ने सियासी जगत को हैरान कर दिया है। खासकर तब, जब बिहार में कांग्रेस और राजद के बीच सीट शेयरिंग की तस्वीर साफ नहीं हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा ने कांग्रेस से दूरी बना कर गठबंधन किया है। तेजस्वी यादव ने सपा और बसपा के बीच हुए गठबंधन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का रास्ता बिहार और उत्तर प्रदेश से होकर जाता है। इससे यह कयास लगाया जाने लगा है कि बिहार में कांग्रेस द्वारा अधिक सीटों की मांग को लेकर राजद दबाव झेलने की स्थिति में नहीं है।

- Advertisement -

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे और विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव रविवार को दिल्ली पहुंचे। वे एयरपोर्ट से सीधे मायावती के आवास 9, माल एवेन्यू पहुंचे। तकरीबन एक घंटे चली बैठक के बाद तेजस्वी, मायावती और सतीश चंद्र मिश्रा साथ निकले। मीडिया से मुखातिब होने पर तेजस्वी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव सपा और बसपा गठबंधन से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने इसकी कल्पना बहुत पहले ही की थी। उन्होंने मायावती को बेहद वरिष्ठ नेता बताते हुए उनके जन्मदिन की अग्रिम बधाई देने के वास्ते मुलाकात की बात कही। हालांकि तेजस्वी ने उत्तर प्रदेश के गठबंधन में शामिल होने की बात से इंकार किया। वहीं मायावती ने भी बिहार के गठबंधन में शामिल होने के बारे में अभी जानकारी देने से साफ मना कर दिया।

मायावती ने कहा कि भाजपा सरकार जान-बूझकर लालू प्रसाद यादव के परिवार को परेशान कर रही है, ताकि देश के सेकुलर पावर को कमजोर किया जा सके। उन्होंने  2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा के सफाया का मीडिया से भरोसा जताया। मायावती ने बिहार में बसपा की सियासी शिरकत को साफ नहीं किया। उन्होंने कहा कि समय आने पर सब कुछ क्लीयर कर दिया जायेगा।

यह भी पढ़ेंः 

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को अब दलित, किसान व मुसलमान पर भरोसा

कांग्रेस का प्लान B, वैकल्पिक अवसर पर कर रही मंथन

बिहार के महागठबंधन में बराबर का हक मांग रही कांग्रेस

तेजस्वी यादव सोमवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलेंगे। तेजस्वी यादव के मायावती और अखिलेश यादव से मुलाकात ने राजनीतिक पंडितों के कान खड़े कर दिये हैं। कुछ लोग इसे बिहार में कांग्रेस के राजद पर सीटों की बढ़ते दबाव को लेकर देख रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः नया कोई गुल खिलायेगा तेरा-मेरा मिलना, बसपा-सपा का गठबंधन

- Advertisement -