झारखंड ने 4 साल में 3 वैश्विक सम्मेलन कर बना डाला इतिहास

0
76

ग्लोबल स्किल सम्मिट में एक लाख से अधिक युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र

रांची। झारखंड ने पिछले 4 साल में 3 वैश्विक सम्मेलन का आयोजन किया। पहला वैश्विक सम्मेलन मोमेंटम झारखंड के रूप में 2017 में किया गया था। इस सम्मेलन के तहत राज्य में बहुत सारे नए निवेशकों ने निवेश करना प्रारंभ भी कर दिया है। झारखंड गारमेंट्स इंडस्ट्री के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। गारमेंट इंडस्ट्रीज में बड़ी संख्या में राज्य के युवाओं को नौकरी मिल रही है। राज्य में दूसरा वैश्विक सम्मेलन ग्लोबल एग्रीकल्चर फूड सम्मिट 2018 था। यह आयोजन कुछ ही दिन पहले हुआ। इस आयोजन में राज्य सहित देश और विदेश से कृषि से संबंधित विशेषज्ञ, कृषि वैज्ञानिक एवं उन्नत किसान बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए थे। रोजगार के क्षेत्र में भी यह सम्मिट सकारात्मक रहा। तीसरा वैश्विक सम्मेलन ग्लोबल स्किल सम्मिट गुरुवार को हुआ। स्किल सम्मिट के माध्यम से राज्य के 1 लाख से अधिक युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में नियुक्ति मिली है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने अब तक के कार्यकाल को झारखंड के विकास में मील का पत्थर करार दिया है। नरेंद्र मोदी ने स्किल इंडिया को मिशन के रूप में लिया है।

मुख्यमंत्री ने स्किल सम्मिट के कार्यक्रम में कहा कि केंद्र सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ संचालित कर रही है। आजादी के 70 वर्ष बीत जाने के बाद भी देश की युवा शक्ति के सर्वांगीण विकास की चिंता किसी ने नहीं की, परंतु जिस दिन से देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ, उसी दिन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कौशल विकास कार्यक्रम पूरे देश में मिशन मोड में चलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना था कि देश तभी विकसित होगा, जब सभी युवाओं के हाथ में हुनर होगा और रोजगार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस सोच को केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं कौशल विकास मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में एक नई ऊंचाई मिली है। स्किल सम्मिट के आयोजन से यह सिद्ध हुआ है कि देश के नौजवानों को रोजगार और स्वरोजगार तीव्र गति से उपलब्ध कराया जा रहा है।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और राज्य के युवाओं में काफी क्षमता है। भारत की 65% आबादी युवा है। पूरी दुनिया में भारत एकमात्र ऐसा देश है, जहां की 65% आबादी 20 से 35 वर्ष के बीच है। झारखंड एवं देश के मानव संसाधन यूरोप, अमेरिका, जापान इत्यादि जैसे देश में भी अपने हुनर से रोजगार पाकर देश और दुनिया में अपना और राज्य का नाम रोशन कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र मिलने पाने युवाओं से अपील की कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता है। जो भी नौकरी मिले, उसे मन लगा कर करें। संकल्प से ही सिद्धि मिलती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संकल्प लेकर काम करना शुरू किया है। यही कारण है कि आज हमारा देश पूरे विश्व में अपना अमिट पहचान बनाने में सफल रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि श्री महेंद्र सिंह धोनी ने पूरे विश्व में झारखंड और भारत का नाम रोशन किया है। उनका अनुसरण युवा वर्ग को करना चाहिए। चाहे कोई भी क्षेत्र हो, अगर लगन और ईमानदारी से मेहनत करेंगे तो ऊंचाइयों के बुलंदी को अवश्य छू लेंगे।

दुबई में 50 हजार वाहन चालकों को 2020 में मिलेगा नियोजनः धर्मेंद्र प्रधान

केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यक्रम में कहा कि देश में एक नए अध्याय का सूत्रपात हुआ है। संविधान बनाने वाले महापुरुषों ने समाज के वंचित तबके के लिए आरक्षण की व्यवस्था की थी। सामाजिक पिछड़ेपन एवं शिक्षा के अभाव के कारण जाति आधारित आरक्षण की व्यवस्था संविधान में की गई थी। आजादी के 70 दशक के बाद देश में अभूतपूर्व बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीबी की कोई जाति नहीं होती। गरीबी अभिशाप है और गरीबी के आधार पर आरक्षण की व्यवस्था सरकार ने की है। इसके लिए 124 वें संविधान संशोधन करके 10% आरक्षण भारत के गरीबों के लिए सुनिश्चित किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः पिछड़े समाज के युवाओं के आगे बढ़े बिना विकास की बात बेमानी

श्री प्रधान ने कहा कि आजादी के बाद के दशकों में यह पहला अवसर है, जहां पर एक ही समय पर एक लाख नवयुवकों को नियुक्ति पत्र एक ही प्रांगण में दिए गये हैं। कई देशों के राजदूत एवं उद्यमी भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2020 में दुबई में एक आयोजन कर के 50,000 नए वाहन चालक को नियोजित किया जाएगा। राज्य में ड्राइविंग इंस्टीट्यूट स्थापित करके 10,000 नौजवानों को प्रशिक्षण प्रदान कर दुबई में नियोजन हेतु राज्य सरकार प्रयासरत है, जिससे कि 10000 परिवारों में आर्थिक संपन्नता आएगी।

यह भी पढ़ेंः झारखंड ने 4 साल में कर दिया कुछ ऐसा, जिस पर इतरा रहे सीएम

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने राज्य के 6 नए स्किल डेवलपमेंट सेंटरों का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री द्वारा सांकेतिक रूप से 10 युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में नियुक्ति पत्र भी दिया गया। शिक्षा मंत्री श्रीमती नीरा यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़ कर सुनाया।

यह भी पढ़ेंः गाँधी के सपनों का भारत बना रही है केंद्र सरकार: राजीव

- Advertisement -