झारखंड के चतरा में कंस्ट्रक्शन साइट पर फिर नक्सली हमला

0
178

रांची। झारखंड में चतरा जिले के नक्सल प्रभावित पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र में करीब डेढ़ दर्जन वर्दीधारी माओवादियों ने शुक्रवार देर रात बकुलिया नदी पर हो रहे पुल निर्माण में लगे जेनेरेटर व मिक्सचर मशीन समेत अन्य मशीनों को फूंक डाला। मशीनों को आग लगाने के बाद माओवादियों ने मौके पर जम कर पोस्टरबाजी व नारेबाजी भी की। नक्सलियों ने मौके पर मौजूद कंस्ट्रक्शन कर्मियों व मजदूरों के साथ मारपीट भी की। इससे पहले भी नक्सली गुटों ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है।

बताया गया है कि लेवी व क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से माओवादियों ने एक माह में इस कंस्ट्रक्शन साइट पर दूसरा हमला बोला है। नक्सलियों ने पोस्टर के माध्यम से मजदूरों को बगैर अनुमति के निर्माण कार्य नहीं करने की चेतावनी दी है। लेवी की मांग को लेकर घटना को अंजाम देने वाले ये नक्सली मुंशी और ठेकेदार को खोज रहे थे। नक्सलियों ने संवेदक को बगैर इजाजत निर्माण कार्य करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

- Advertisement -

गौरतलब है कि पत्थलगड्डा प्रखंड की अति महत्वाकांक्षी बकुलिया नदी पुल निर्माण की मांग को ले ग्रामीण लम्बे समय से आंदोलित थे। नदी पर पुल नहीं रहने से प्रखंड की दर्जनों गांव बरसात में टापू में तब्दील हो जाता है। इन्हीं समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन ने नदी पर करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य को स्वीकृति दी है। निर्माण बाहर की कंपनी कर रही है। लेकिन आये दिन नक्सलियों द्वारा निर्माण कार्य पर रोक लगा दी जा रही है। पहले टीएसपीसी नक्सलियों ने फिर भाकपा माओवादी उग्रवादियों ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी।

घटना की सूचना मिलते हैं अपर पुलिस अधीक्षक अभियान निगम प्रसाद, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय वरुण देवगम व थाना प्रभारी नवीन रजक समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर नक्सलियों की धरपकड़ को ले अभियान में जुट गये हैं।

यह भी पढ़ेंः बिहार में सीट शेयरिंग पर फंस गया पेंच, नीतीश 25 पर अड़े

- Advertisement -