देश के प्रत्येक पंचायत में खुलना चाहिए जनऔषधि केंद्र

0
345

स्वस्थ भारत अभियान के राष्ट्रीय संयोजक आशुतोष कुमार सिंह ने कहा

पटना। महंगी दवाइयों के कारण देश के करोड़ों लोग गरीबी रेखा से उबर नही पा रहे हैं। गरीबी को मिटाने के लिए यह जरूरी है कि भारत सरकार देश के प्रत्येक पंचायत में एक जनऔषधि केंद्र खोले। उक्त बातें पटना प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वस्थ भारत अभियान के राष्ट्रीय संयोजक आशुतोष कुमार सिंह ने कही। 21000 किलोमीटर की स्वस्थ भारत यात्रा करने वाले आशुतोष ने बताया कि देश में अभी तक 4400 से ज्यादा जनऔषधि केंद्र सरकार खोल चुकी है, लेकिन यह बहुत कम है। उनका कहना है कि जब तक पंचायतों में जेनरिक दवाइयों की दुकान नहीं खुलती तब तक देश की आम जनता को महंगी दवाइयों से आजादी नहीं मिल पाएगी। दिल्ली स्थित  स्वस्थ भारत (न्यास) के चैयरमैन श्री आशुतोष ने कहा कि यूपी जैसे राज्यों में जनऔषधि की और जरूरत है।

अपनी यात्रा के अनुभवों को साझा करते हुए आशुतोष ने कहा कि भारत की विविधता को समझने के लिए एक बार भारत की यात्रा सभी को करनी चाहिए।

- Advertisement -

उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य के साथ-साथ यात्रा को भी एक विषय के रूप में पढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत में आज भी भारतीयता ज्यादा जीवंत हैं। दक्षिण के राज्यों में हिंदी की पढ़ाई प्रत्येक स्कूल में हो रही है। दक्षिण को समझे बिना हम भारतीयता को नहीं समझ सकते।

बालिकाओं को सेहतमंद बनाएं रखने की वकालत करते हुए श्री आशुतोष ने कहा कि हमें बालिकाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि उन्हें दो-दो घरों की जिम्मेदारी निभानी है। अगर वे स्वस्थ होंगी तो समाज भी स्वस्थ होगा।

लोगो को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए आशुतोष की अगुआई में 8 सदस्यीय स्वस्थ भारत टीम ने समुद्र में साइकिल चला कर यूनिक वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है।

कंट्रोल मेडिसिन मैक्सिमम रिटेल प्राइस, जेनरिक दवा लाइए पैसा बचाइए, तुलसी लगाइए रोग भगाइए, नो योर मेडिसिन एवं स्वस्थ बालिका स्वस्थ समाज जैसे कैम्पेन के माध्यम से श्री आशुतोष देश भर में घूम-घूम कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहे हैं। श्री आशुतोष मूल रूप से बिहार के सीवान जिला के रहने वाले हैं।

- Advertisement -