विवाद खत्म, अजय के बाद झारखंड कांग्रेस की कमान संभालेंगे रामेश्वर उरांव

0
239
Rameshwar Oraon

सोमवार शाम तक नाम की होगी औपचारिक घोषणा

रांची: झारखंड में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। रामेश्वर उरांव को कांग्रेस ने झारखंड प्रदेश कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ ही पांच, संजय पासवान, कमलेश महतो, इरफान अंसारी, मान सिन्हा और राजेश ठाकुर कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गये हैं। इसी के साथ झारखंड में आगामी होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी जुट गई है। सूत्रों के अनुसार आज (सोमवार) शाम तक रामेश्वर उरांव के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

क्या था मामला ?

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय के समर्थक अभी हाल में आपस में भिड़ते नजर आए थे। अजय कुमार कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर बने हुए थे। दोनों गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई पहली बार नहीं हुई है, इससे पहले भी जमकर बवाल हो चुका है।

- Advertisement -

अजय कुमार को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के लिए सहाय गुट के नेताओं ने काफी मशक्कत की। पिछले दिनों सुबोधकांत के नेतृत्व में झारखंड के कई कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली आकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात कर अजय कुमार को हटाकर किसी दूसरे नेता को पार्टी की कमान सौंपने की बात कही थी।

अंतरिम अध्यक्ष के फैसले के बाद आया झारखंड का फैसला

जानकारी हो कि राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पा रही थी। इसी की वजह से झारखंड प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी कोई फैसला पार्टी नहीं कर पा रही थी लेकिन सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष बनाए जाने के बाद झारखंड का भी फैसला हो गया और रामेश्वर उरांव को प्रदेश की कमान सौंप दी गई।

- Advertisement -