देश के संविधान और आरक्षण पर मंडरा रहा खतराः रघुवंश

0
174
  • पुलिस दारू की वसूली में लगी है, इसलिए बढ़रहा अपराध
  • युवा राजद कार्यकर्ता सम्मेलन का हुआ भव्य आयोजन

बेगूसराय। भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने शनिवार को दिनकर कला भवन के सभागार में मिशन: 2019 जिला युवा राजद के कार्यकर्ता सम्मेलन का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र पर आज भारी खतरा मंडरा रहा है। हिंदुस्तान में पहली बार देश के चार न्यायाधीशों ने मिलकर मीडिया के समक्ष प्रेस कॉन्फ्रेंस करके संविधान पर खतरा होने की बातों को रखा था। आज आरक्षण पर भी खतरा है।

उन्होंने कहा- मैं बेगूसराय के राष्ट्रीय जनता दल के युवा कार्यकर्ताओं से कहने आया हूं कि आपको संभलना होगा, नहीं तो देश तबाह हो जाएगा। मीडिया के कारण ही राज्य में नीतीश और देश में मोदी की सरकार चल रही है। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रसाद ने मोदी सरकार और नीतीश सरकार पर करारा हमला करते हुए कहा कि राज्य की सरकार आज मालामाल हो रही है। किसान बेहाल हो रहा है।

- Advertisement -

उन्होंने कहा सामाजिक और शैक्षणिक रूप से जो लोग पीछे हैं, उनको आरक्षण की जरूरत है। इसलिए अगले वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव और 2020 में होने वाले विधानसभा चुनाव में केंद्र और राज्य दोनों सरकारों को भगायें। उन्होंने इस मौके पर युवाओं से पूर्ण रूप से संगठित और संघर्षशील रहने की अपील की। पूर्व कला संस्कृति मंत्री शिवचंद्र राम ने कहा कि हमारी शक्ति युवा हैं। युवा के बिना ना कोई पार्टी चल सकती है और ना ही देश चल सकता है। अगर युवा चाहें तो देश के सत्ता को बदल सकते हैं। इसलिए तेजस्वी प्रसाद यादव, जो हमारे दल के युवा नेता हैं और जिन्होंने बिहार के गरीब और बेरोजगार लोगों के खिलाफ लड़ाई सरकार से शुरू की है, के साथ हमें खड़ा रहना होगा।

उन्होंने लालू प्रसाद यादव के संबंध में कहा कि आज जेल में लालू प्रसाद यादव नहीं बंद हैं, बल्कि गरीबों की आवाज और ताकत बंद है। युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सुहेल ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे झूठे प्रधानमंत्री हैं। देश की जनता 2019 में इस झूठी सरकार को उखाड़ फेंकेगी। बखरी के विधायक व राजद के वरिष्ठ नेता उपेंद्र पासवान ने कहा कि भारत में बहुत जल्द आरक्षण को लेकर गृह युद्ध छिड़ने वाला है। आज सरकार भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को पनाह दे रही है। उन्होंने बेगूसराय लोकसभा सीट को राजद के हिस्से में देने की मांग की।

राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधान पार्षद मो. तनवीर हसन ने कहा कि बेगूसराय के मुंगेर घाट पुल पर पुल का एप्रोच पथ अभी तक नहीं बनने के कारण यहाँ की जनता परेशान है। बेगूसराय में भ्रष्टाचार और अपराधियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। बेगूसराय लोकसभा सीट राजद के कोटे में देने की मांग अपने नेता के पास उन्होंने रखी। युवा राजद के जिला अध्यक्ष मोहित यादव ने अपनी 6 सूत्री मांगों को पढ़कर सर्वसम्मति से पारित कराकर उसे प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के यहां भेजने की मांग की। इस सम्मेलन को राजद नेताओं में राष्ट्रीय महासचिव धर्मेंद्र कुशवाहा, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुभान धुनियां, जिला पार्षद सदस्य दुलारचंद साहनी, अनिता चैधरी सावित्री देवी, मुखी भगत, मनोज राम, नरेश गुप्ता, रूपेश समेत दर्जनों नेता न मिलकर जिला सम्मेलन को संबोधित किया। राजद के युवा जिला सम्मेलन में जिले के कोने-कोने से हजारों की संख्या में लोग सभा में पहुंची थे। अपने नेता का भव्य स्वागत दिनकर कला भवन में सभी मंचासीन नेता को बुके और चादर देकर किया गया।

यह भी पढ़ेंः विपक्षी एकता चुनाव से पहले संभव नहीं दिखती

- Advertisement -