नीतीश के करीबी शाश्वत गौतम को कांग्रेस ने अपने पाले में लिया

0
205

पटना। कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी ने मोतिहारी (बिहार) के श्री शाश्वत गौतम को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (डाटा एनालिटिक्स विभाग) में राष्ट्रीय समन्वयक के पद पर नियुक्त किया है। वह बिहार प्रदेश कांग्रेस समिति के सलाहकार समिति में भी स्थायी निमंत्रित सदस्य होंगे।

श्री गौतम देश के सभी राज्यों में कांग्रेस पार्टी के बूथ स्तरीय संगठन को मजबूत एवं पार्टी के प्रचार प्रसार को प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेंगे। श्री गौतम अखिल भारतीय कांग्रेस समिति में सीधे पद पर नियुक्त होने वाले ऐसे पहले व्यक्ति हैं, जो इससे पहले कांग्रेस पार्टी के कभी सदस्य तक नहीं रहे।

- Advertisement -

डाटा एनालिटिक्स विभाग के चेयरमैन श्री प्रवीण चक्रवर्ती ने श्री गौतम की नियुक्ति पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शाश्वत जी की ज़मीनी राजनीतिक समझ और टेक्नोलॉजी की जानकारी से पार्टी लम्बे समय तक लाभान्वित होगी और वह पार्टी के लिए मजबूत स्तंभ होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गाँधी युवाओं को मौका देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और कांग्रेस पार्टी के संगठन विस्तार में नए तकनीक एवं सूचना प्रद्योगिकी का महत्वपूर्ण योगदान होगा।

श्री गौतम की नियुक्ति आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के मद्देनज़र देखी जा रही है, जिसमें वह देश के सभी राज्यों में कांग्रेस पार्टी के बूथ स्तरीय संगठन को मजबूत एवं पार्टी के प्रचार प्रसार को प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेंगे।

यह माना जा रहा है की श्री गौतम कांग्रेस अध्यक्ष एवं सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के समन्वयन में काम करेंगे। राज्यों में पार्टी की ज़मीनी संगठन की स्थिति का जायज़ा लेंगे और संगठन को सुदृढ़ बनाने के लिए पार्टी के योजनाओं का क्रियान्वन करेंगे।

श्री राहुल गाँधी ने इसी साल फरवरी में डाटा एनालिटिक्स विभाग की शुरुआत श्री प्रवीण चक्रवर्ती की अध्यक्षता में की थी। संभवतः आने वाले चुनावों में कांग्रेस अपने संगठन के डाटा एनालिटिक्स विभाग के माध्यम से चुनावी प्रचार प्रसार का काम करवायेगी। साथ ही लोकसभा प्रत्याशियों का चयन, जमीनी मुद्दों का विश्लेषण और लोकसभा क्षेत्रों निगरानी की जिम्मेवारी भी इसी विभाग के माध्यम से किये जाने की आशंका है। कांग्रेस के डाटा एनालिटिक्स विभाग ने हाल ही में प्रोजेक्ट शक्ति के नाम से अपनी पहली योजना को क्रियान्वित किया है, जिसके माध्यम से बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को पार्टी के शीर्षतम नेतृत्व के साथ सीधा संवाद स्थापित किये जाने की पहल की गयी है। कांग्रेस नें 9 राज्यों में  लगभग 1 करोड़ कार्यकर्ताओं को इसके माध्यम से जोड़ा है।

श्री गौतम इससे पहले जद (यू) के राजनीतिक संवाद को बेहतर करने की दिशा में अपना सहयोग देते रहे हैं। उन्हें पटना के आद्री स्थित बिहार सरकार के आर्थिक नीति एवं लोक वित्त केंद्र में निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने लोक वित्त डाटा एनालिटिक्स केंद्र को स्थापित किया। हाल ही में पन्द्रहवें वित्त आयोग को बिहार के सभी राजनीतिक दलों के तरफ से संयुक्त ज्ञापन देने के लिए उन्होंने सभी राजनीतिक दलों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बिहार आने से पहले वह अमेरिका के मेरीलैंड राज्य सरकार में नौकरशाह थे। उनकी पढाई अमेरिका के जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी से हुई है।

यह भी पढ़ेंः मलिकाइन के पाती- नून, खून, कानून में सस्ता सबसे खून

उनकी नियुक्ति पर बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी श्री शक्ति सिंह गोहिल, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष श्री मदन मोहन झा, नागालैंड के पूर्व राज्यपाल एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री निखिल कुमार, आद्री के सचिव श्री शैबाल गुप्ता समेत कांग्रेस के कई नेताओं नें उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

- Advertisement -