भाजपा की होगी सरकार, मोदी फिर बनेंगे प्रधानमंत्री : बिरंची

0
269
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

चतरा। नरेंद्र मोदी को जनता एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाना चाहती है। पूरे चतरा लोकसभा क्षेत्र का माहौल भाजपा के प्रति अनुकूल है। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन भी पुन: भाजपा का झंडा बुलंद करना चाहते हैं। चतरा लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी व बोकारो के विधायक बिरंची नारायण ने ये बातें इटखोरी में कहीं। चतरा लोकसभा के प्रभारी के नाते वह यहां बूथ कमेटी के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में शरीक होने आये थे।

उन्होंने बताया कि चतरा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत अब तक उन्होंने बीस मंडलों की बैठक कर ली है। सभी मंडल में भाजपा के कार्यकर्ता आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर काफी उत्साहित हैं। आम जनता में भी लोकसभा चुनाव को लेकर उमंग देखने को मिल रहा है।

- Advertisement -

लोकसभा प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनता का यह प्रेम प्रधानमंत्री के द्वारा किये गये कार्यों के कारण है। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, जन-धन योजना,  हाल ही में शुरू की गयी आयुष्मान भारत योजना ने प्रधानमंत्री की कार्य क्षमता का लोहा देश-विदेश में मनवाया है।

यह भी पढ़ेंः इलाज के लिए अब लोगों को हाथ नहीं फैलाना पड़ेगाः रघुवर

जनता केंद्र सरकार के द्वारा शुरू की गयी योजनाओं से खूब लाभान्वित हो रही हैं। यही वजह है कि सिर्फ चतरा लोकसभा ही नहीं झारखंड प्रदेश के हर लोकसभा क्षेत्र में जनता भाजपा के प्रत्याशी को जिताने के लिए अभी से ही तैयार नजर आ रही है। इधर, चतरा लोकसभा के प्रभारी ने बूथ कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं को बूथ कमेटी को सशक्त बनाने का गुर सिखाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि चुनाव की घोषणा होने से पहले सभी मंडल में बूथ कमेटी की समीक्षा की जाये। जहां भी कमी रह गयी है उसे पूरा किया जाये। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चुनाव में बूथ कमेटी की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। बैठक में भाजपा नेताओं के अलावा इटखोरी, मयूरहंड व गिद्धौर मंडल के भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल थे।

- Advertisement -