कोविड-19 का संक्रमण रोकने लिए झारखंड में बना टास्क फोर्स

0
233
कोविड-19 को ले लाक डाउन के दौरान रांची की मेयर आशा लकड़ा ने जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया
कोविड-19 को ले लाक डाउन के दौरान रांची की मेयर आशा लकड़ा ने जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया

रांची। कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम, इलाज और जागरूकता के लिए झारखंड में मुख्य सचिल की अध्यक्षता में  टास्क फोर्स का गठन किया गया है। हालात पर लगातार निगरानी रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार ने राज्य स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक कमेटियों का गठन किया है। इसे और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सरकार ने टास्क फोर्स का गठन किया है। झारखंड सरकार ने मुख्य सचिव सुखदेव सिंह की अध्यक्षता में टास्क फोर्स का गठन किया है, जो राज्य में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयासों को कारगर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर COVID-19 समितियों के कामकाज की निगरानी करेगी।

सीएम का निर्देश, सबको मदद सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि महामारी की इस घड़ी में प्रत्येक गरीब, वंचित, असहाय, पीड़ित तक सरकारी मदद पहुंचे। यह हम सभी की अहम जिम्मेदारी है। सभी जिला प्रशासन सुनिश्चित करें कि राशन, पेंशन एवं अन्य जरूरी सरकारी मदद समय से जरूरतमंद व्यक्ति को मिले। साथ ही कोरोना से जुड़े सुरक्षा मानकों का भी ध्यान रखा जाये।

- Advertisement -

रेलवे ने 775 जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया

कोरोना वायरस से बचाव के लिए पूरे देश में 21 दिन का लॉक डाउन चल रहा है। लॉक डाउन के 10वें दिन आज रांची रेल मंडल पर आईआरसीटीसी,  वाणिज्य विभाग एवं रेल सुरक्षा बल के सहयोग से आईआरसीटीसी के बेस किचन के माध्यम से कई स्थानों पर लगभग 775  गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया। 125 लोगों को मास्क भी उपलब्ध कराया गया। आईआरसीटीसी, वाणिज्य विभाग एवं रेल सुरक्षा बल द्वारा सरना टोली कडरू एवं एकता लाइन बस्ती कडरू में लगभग 400 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

हटिया रेलवे स्टेशन पर स्थित रेल सुरक्षा बल के पोस्ट से आईआरसीटीसी, वाणिज्य विभाग, रेल सुरक्षा बल तथा भारत स्काउट एंड गाइड द्वारा हटिया स्टेशन रोड, कचनार टोली हटिया, डॉन बोस्को स्कूल एरिया, पटेल नगर एवं सत्यारी टोली में लगभग 200 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया तथा मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए भोजन (पूरी एवं सब्जी)के लगभग 75 पैकेट बांटे गये।

रेल सुरक्षा बल हटिया एवं SIB राँची द्वारा हटिया-ओऱगा सेक्शन के लोधमा स्टेशन के नजदीक के गांव चेते जोगे टोली और कंसाली गांव में 125 मास्क व लगभग 100 पैकेट भोजन सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चला कर लोगों से लॉक डाउन का पालन करने का अनुरोध किया गया।

गृह मंत्रालय ने सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा

इधर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकारों को पत्र लिखकर कहा है कि जो लोग स्वास्थ्य सेवाओं में काम कर रहे हैं, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य और सीमावर्ती श्रमिकों पर हमले के मामलों में सख्त कार्रवाई करने के बारे में भी पत्र में निर्देश दिया गया है। गृह मंत्रालय की संयुक्‍त सचिव पुण्‍य सलिला श्रीवास्‍तव की ओर से सभी राज्यों को यह पत्र भेजा गया है।

महापौर आशा ने रिम्स में भोजन वितरण किया

रांची की महापौर आशा लकड़ा द्वारा रिम्स परिसर के सामने मोदी आहार के तहत लोगों को दाल-भात एवं सब्जी का का वितरण किया गया। उनके साथ भारतीय जनता पार्टी की बरियातू मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र  बहादुर एवं अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। महापौर ने चुटिया के कतारी बागान रेलवे फाटक के पास व नामकुम बस्ती में खिचड़ी का वितरण किया,  जहां सैकड़ों की संख्या में भोजन के लिए लोग जुटे। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत टोप्पो, राज रोशन, दीपक बारला, सुकेश उरांव, विमल मुंडा, संजय नायक, विकास कुमार, प्रकाश महतो एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ेंः कोविड-19 से बचाव के लिए झारखंड का दिल्ली में कॉल सेंटर

- Advertisement -