बिहार की सभी जेलों में एक साथ चला तलाशी अभियान

0
138
सासाराम में जेल में छापेमारी के लिए पहुंचे आला अधिकारी

पटना। पिछली बार की तरह रविवार को भी बिहार की कई जेलों में एक साथ छापा मार कर तलाशी अभियान चलाया गया। कहीं से कोई बड़ी बरामदगी तो नहीं हुई, लेकिन गांजा, चीलम, मोबाइल, चार्जर, चाकू, राड जैसे छोटे-मोटे सामान जरूर बरामद हुए। समझा जाता है कि राज्य में बेतहाशा बढ़ते अपराध के मद्देनजर जेलों में एक साथ डीएम, एसपी ने छापामारी की। बेगूसराय मंडल कारा में दो कैदियों के पास से 50 ग्राम गांजा मिला।

इसी क्रम में बेगूसराय मंडल कारा में भी छापेमारी जिलाधिकारी राहुल कुमार और एसपी अवकाश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में की गई। बेगूसराय मंडल कारा की ओर अधिकारियों का काफिला मुड़ा, वहाँ पर कैदियों के बीच हड़कंप मच गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक डीएम, एसपी के नेतृत्व में छापेमारी दल के सदस्य जेल के अंदर प्रवेश कर गये। छापामार दल में जिलाधिकारी राहुल कुमार, एसपी अवकाश कुमार, एएसपी मनोज कुमार तिवारी, एएसपी अभियान अमृतेश कुमार, एडीएम ओम प्रकाश प्रसाद, डीडीसी कंचन कपूर, सदर एसडीएम संजीव कुमार चौधरी के अलावा टाउन थाना अध्यक्ष त्रिलोक कुमार मिश्र, मुफस्सिल थाना अध्यक्ष लाल मोहन सिंह, लोहिया नगर ओपी अध्यक्ष रामप्रताप पासवान, लाखो ओपी अध्यक्ष पल्लव कुमार, रतनपुर ओपी अध्यक्ष राजीव कुमार, बरौनी थाना अध्यक्ष गजेंद्र कुमार के अलावा पुलिस लाइन से भारी संख्या में पुलिस के जवान शामिल थे। जेल के अंदर सभी कैदी वार्ड, जेल अस्पताल व अन्य वार्डों की सघन तलाशी ली गयी। छापेमारी 9 बजे दिन से लेकर 11:00 बजे दिन तक  चली। इस खबर की पुष्टि जिला अधिकारी बेगूसराय राहुल कुमार ने की है।

- Advertisement -

उन्होंने बताया कि पूरे बिहार की सभी जिलों में एक साथ छापामारी की गयी है। उन्होंने बताया कि जेल के अंदर से कई आपत्तिजनक सामान कैदियों के पास से मिले हैं, जिनमें 2 कैदियों के पास से 50 ग्राम गांजा,एक मोबाइल का चार्जर, कुछ लोहे की छड़ों के छोटे-छोटे टुकड़े बरामद किये गये। मंडल कारा के अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि छापामारी के दौरान एक विदेशिया नामक कैदी और रवि झा नामक कैदी के पास से 50 ग्राम के लगभग गांजा  पुलिस ने बरामद किया है। जो  लोहे के छोटे-छोटे छड़ मिले हैं,  उनके सहारे  महिला कैदी  अपना कपड़ा सुखाने का काम करती थीं। डीएम ने उसे वार्ड से तुरंत हटाने के लिए कहा। इस आपत्तिजनक सामान रखने को लेकर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर उन दोनों बंद कैदियों के ऊपर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि मंडल कारा के अधीक्षक से इस बारे में शो काज किया जायेगा कि कैसे जेल के अंदर कैदी के पास गाँजा और मोबाइल का चार्जर पहुंचा।

यह भी पढ़ेंः सीवान में नोट छापने की मशीन पकड़ायी, फिर क्या हुआ?

सासाराम से खबर है कि रोहतास मंडल कारा में जिलाधिकारी पंकज दीक्षित, पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में 5 घंटे तक चलाये गये छापामारी अभियान में जेल से मोबाइल फोन, सिम कार्ड सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किये गये हैं। इसकी जानकारी देते हुए जिलाधिकारी पंकज दीक्षित ने बताया कि सासाराम मंडल कारा में छापेमारी के दौरान विभिन्न विभागों से 4 मोबाइल फोन, एक सिम कार्ड बरामद किया गया है। खैनी-तंबाकू भी बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि कैदियों ने खाने के बारे में शिकायत की। इसकी भी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः बेगूसराय जेल में गांधी, नेहरू, जयप्रकाश और कलाम के नाम वार्ड

- Advertisement -