अब खेतों के भी कंठ नहीं रहेंगे सूखे, कोनार सिंचाई परियोजना का हुआ उद्घाटन

0
136
अब खेतों के भी कंठ नहीं रहेंगे सूखे, कोनार सिंचाई परियोजना का हुआ उद्घाटन

42 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद हजारीबाग को मिली सौगात

विष्णुगढ़ (हजारीबाग): मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को 42 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 7 किमी अंडरग्राउंड टनल वाले कोनार सिंचाई परियोजना का उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे सीएम ने कहा कि सूबे के किसान परिवारों में अब खुशहाली का दौर आ चुका है। भाजपा सरकार ने किसानों की बेहतरी के लिए ‘कृषि आशीर्वाद योजना’ की शुरूआत की। सिंचाई परियोजना के संबंध में उन्होंने कहा कि इससे हजारों किसानों की खेतों तक पानी पहुंचेगा और उनकी फसल लहलहाती नजर आएगी।

सीएम की लैंडिंग के लिये हेलीपैड का किया गया था निर्माण

कार्यक्रम का उद्घाटन करने के लिए मुख्‍यमंत्री हेलीकॉप्टर से विष्णुगढ़ पहुंचे। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपैड का निर्माण किया गया था। इससे पहले मंगलवार को स्थल का जायजा लेने एसडीओ मेघा भरद्वाज, एसी दिलीप तिर्की, बीडीओ अमित भगत, अंचल अधिकारी कृष्ण कुमार मरांडी, डीएसपी, इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के अलावा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे थे। स्पेशल ब्रांच की टीम प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक अनंत कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम स्थल की जांच की गयी।

- Advertisement -

अब साल में तीन-तीन फसल उपजा सकेंगे किसान

शरघुवर दास ने कहा कि किसानों के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्हें किस मौसम में किस फसल की खेती करनी चाहिए. उसकी पूरी जानकारी दी जा रही है। किसानों को स्वाइल हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा हर पंचायत में मिट्टी के डॉक्टर चयनित किए गए हैं। उन्हें एक लाख रुपए का वैज्ञानिक किट प्रदान किया गया है। वे मिट्टी की जांच कर बताएंगे कि किस खेत की मिट्टी किस फसल की खेती के लिए उपयुक्त है। इसके आधार पर किसानों को फसलों को उपजाने में सहूलियत होगी। वह दिन दूर नहीं, जब किसान एक साल में एक नहीं तीन-तीन फसल उपजाएंगे।

गांवों के विकास से ही राज्य और देश की समृद्धि

जबतक गांव समृद्ध नहीं होंगे, राज्य और देश में समृद्धि नहीं आ सकती है। इसी को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर राज्य सरकार काम कर रही है। इसी का नतीजा है कि झारखंड आज तेज़ी से विकास के रस्ते पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमत्री ने कहा कि बहुत जल्द झारखंड वैश्विक मानचित्र पर अपनी पहचान बना लेगा और विश्व के विकसित देशों के समकक्ष खड़ा रहेगा।

अधर में लटकी थी योजना

कोनार सिंचाई परियोजना पिछले 42 साल से अधर में थी। 2014 के बाद योजना पर काम शुरू हुआ और 5 साल में पूरा कर दिया गया। आज मुख्‍यमंत्री ने हजारीबाग के सांसद जयंत सिन्‍हा और कोडरमा की सांसद अन्‍नपूर्णा देवी की मौजूदगी में इसका उद्घाटन किया।

11 सौ करोड़ से बढ़कर 25 सौ करोड़ की हुई योजना

बताया जा रहा है कि 11 सौ करोड़ की इस परियोजना की लागत बढ़कर अब तक 25 सौ करोड़ पहुंच चुकी है। कोनार सिंचाई परियोजना से हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड के 20 गांव, गिरिडीह के डुमरी और बगोदर प्रखंड के 62 गांव और बोकारो के नावाडीह प्रखंड के 3 गांवों के किसानों को सीधा फायदा पहुंचेगा। परियोजना की क्षमता 1700 क्यूसेक पानी छोड़ने की बतायी जा रही है।

मुख्‍यमंत्री ने किया ट्वीट

बुधवार सुबह मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि 42 वर्षों से था जिसका इंतज़ार…वो सपना आज हो रहा है साकार…काम किया है…और करेंगे। इस ट्वीट के साथ उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया।

- Advertisement -