नीतीश ने महिलाओं का किया ऐतिहासिक विकास

0
108

नवादा जिला जदयू महिला सम्मेलन में शामिल हुए आर.सी.पी. सिंह

नवादा। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सांसद रामचंद्र प्रसाद सिंह (आर.सी.पी. सिंह) ने कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं का ऐतिहासिक विकास किया है। आजादी के बाद आज तक किसी सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए इतना बढ़-चढ़ कर काम नहीं किया। वे शनिवार को नवादा नगर भवन में जिला जदयू के महिला प्रकोष्ठ के सम्मेलन का उद्घाटन के बाद महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी महिलाओं के उत्थान के लिए सबसे बड़ा कदम है। इस कदम से महिलाएं बढ़-चढ़कर सुरक्षित व सम्मानित हुई हैं। भले ही राज्य सरकार को इससे हजारों करोड़ का घाटा हुआ है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से ही मुख्यमंत्री ने बालिकाओं का मुफ्त शिक्षा, साइकिल, ड्रेस योजना चलायी, ताकि गरीब तबके के घर की बेटियां भी सम्मान पूर्वक एक तरह का कपड़ा पहन कर स्कूल जा सकें।

- Advertisement -

उन्होंने कहा कि मैट्रिक पास सभी समाज की बेटियों के लिए अनुदान की व्यवस्था आज तक किसी सरकार ने नहीं की थी। उन्होंने कहा कि पहले शौचालय बड़े-बड़े लोगों के घरों में होते थे, लेकिन अब नीतीश कुमार ने घर-घर शौचालय का निर्माण कराया है, जो महिला सम्मान के लिए सबसे बड़े कार्य है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ग्रामीण इलाकों में पानी की परेशानियां झेलनी पड़ती थीं। कुआं व कल से पानी ढोना पड़ता था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घर घर नल का जल योजना चलाकर हर घर में पानी सुलभ कर दिया। जब भी आप नल खोलेंगे आपको मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जरूर याद आएंगे।

पूर्व विधायक कौशल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार का ऐतिहासिक विकास किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान के कार्य के लिए नीतीश कुमार एक ऐतिहासिक नेता माने जाएंगे। उन्होंने कहा कि  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को आरक्षण देकर बड़ा सम्मान दिया। आज 50% महिला प्रतिनिधि अपने पद पर आसीन होकर शासन सत्ता के भागीदार बनी हैं। समाज महिलाओं को घर से निकलने नहीं देता था, जबकि नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए पद आरक्षित कर उन्हें ऊंची  कुर्सी पर बैठाया। जिनके आगे-पीछे आज समाज के अच्छे-अच्छे लोग घूम रहे हैं। यही महिला विकास के क्षेत्र में मुख्यमंत्री की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

यह भी पढ़ेंः नीतीश की पटकनी से मुंह के बल गिरे कुशवाहा, जानिए सच

विधान पार्षद सलमान राजीव मुन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अल्पसंख्यक महिलाओं तथा समाज के वंचितों के लिए काम किया है। इसका कोई शानी नहीं। बिहार में जिस कोने में जाइए, विकास ही विकास दिख रहा है। जदयू के पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रांतीय अध्यक्ष श्वेता विश्वास ने कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सम्मान व विकास के लिए जो किया है, इसे कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर जिला पार्षद पिंकी भारती, अफरोज़ा खातून, विनय यादव, नारायण स्वामी सहित भारी संख्या में महिला प्रतिनिधि उपस्थित थी।

यह भी पढ़ेंः उपेंद्र कुशवाहाः जायें तो जायें कहां, इधर कुआं, उधर खाई

- Advertisement -