नवरात्र खासः कलश स्थापना बुधवार को, कैदी भी करेंगे पूजन

0
221

बेगूसराय। शारदीय नवरात्र 10 अक्टूबर (बुधवार) से शुरू हो रहा है। 9 दिनों में मां दुर्गा के विभिन्न रूपों का पूजन किया जाएगा। आश्विन मास की शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से नवमी तक नवरात्र व्रत व दुर्गा पूजन किया जाता है। शास्त्रों के मुताबिक नवरात्र के पहले दिन शुभ मुहूर्त में कलश की स्थापना कर विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा करनी चाहिए। इससे देवी पूजन मंगलकारी और फलदायक होती है। प्रतिपदा तिथि बुधवार को सुबह 7.25  बजे तक है। कलश स्थापन के लिए यह मुहूर्त शुभ है।

यह शुभ मुहूर्तः प्रतिपदा तिथि बुधवार को सुबह 7.25  बजे तक है। जो लोग 9 दिन व्रत रखते हैं और घर में घट की स्थापना करते हैं, वे सुबह 6.3 4 बजे से 7.25 बजे तक शुभ मुहूर्त में घट स्थापना कर सकते हैं। पंडित राघवेंद्र उर्फ हीरा जी के अनुसार इस साल प्रतिपदा तिथि 9 अक्टूबर को सुबह 9:16 से लग रही है। यह तिथि 10 अक्टूबर को सुबह 7 बज कर 25 मिनट तक है।

- Advertisement -

क्षय हो रही है यह तिथि: प्रतिपदा तिथि में सूर्योदय 10 अक्टूबर को है। इसलिए देव कार्य में यही तिथि ग्रह्य है। बुधवार को दिन भर घट स्थापना की जा सकती है। इस बार द्वितीय तिथि का क्षय हो रहा है। प्रतिपदा तिथि में सूर्योदय होने के कारण पूरे दिन प्रतिपदा तिथि मान्य रहेगी। नवरात्र का आरंभ बुधवार को हो रहा है। बुध को बुद्धि और ज्ञान का कारण ग्रह माना जाता है। इसलिए नवरात्र विद्यार्थियों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के व्रत रखने पर विशेष फलदाई है।

ये हैं मां के नौ स्वरूप: नवरात्र की हर रात्रि में मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। पहले दिन मां शैलपुत्री, दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी, तीसरे दिन चंद्रघंटा, चौथे दिन मां कुष्मांडा, 5 वें दिन मां स्कंदमाता, छठे दिन मां कात्यायनी, सातवें  दिन मां कालरात्रि, अष्टमी के दिन महागौरी और अंतिम दिन नवमी को मां सिद्धिदात्री रूप को पूजने का विधान है।

इस समय ना करें घटस्थापना: बुधवार को चित्रा नक्षत्र और वैघृति योग है। इसमें घटस्थापना आदि निषेध है। अगर किसी कारणवश शुभ मुहूर्त सुबह 7.25 बजे तक घट स्थापना नहीं कर पाते हैं, तो आपको घटस्थापना के लिए दोपहर तक का इंतजार करना होगा। बुधवार को चित्रा नक्षत्र सुबह एक 11.02 बजे और वैधृति योग दोपहर 12 बजे तक है। इसके बाद ही घट स्थापना करनी चाहिए।

कलश स्थापना की तैयारीः शारदीय नवरात्र में बेगूसराय के विभिन्न मंदिरों में बड़े पैमाने पर तैयारी चल रही है। दुर्गा पूजा को लेकर विभिन्न मंदिर परिसरों में साफ-सफाई के साथ रंग रोगन किए गए हैं। मंदिर आने वाले भक्तों के लिए पूजा करने में उन्हें कोई असुविधा ना हो, इसका इस बार विशेष ध्यान रखा गया है।

मंडल कारा में भी नवरात्र की तैयारी हैः बेगूसराय मंडल कारा के अंदर भी कल से होने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर तैयारी चल रही है। इस संदर्भ में पूछने पर मंडल कारा के अधीक्षक बृजेश सिंह मेहता ने बताया कि इस बार जेल के अंदर हमारे कुछ कैदी भी शारदीय नवरात्र का पूजन  कल से घटस्थापना कर नियमित रूप से करेंगे। जेल के पंडित लक्ष्मण झा के नेतृत्व में जेल में इस बार 54 बंद कैदी नवरात्र का अनुष्ठान व्रत रखेंगे। इनमें 48 पुरुष और 6 महिलाएं हैं। उन सभी कैदियों के लिए दूध और ड्राई फ्रूट्स की व्यवस्था कराई गई है। साथ ही पूरे नियम- निष्ठा से कलश स्थापना कर कल से पूजन सभी बंद कैदी करेंगे।

यह भी पढ़ेंः चित्रा नक्षत्र व वैधृति योग में 10 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र

- Advertisement -