2019 में रांची को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनायेः रघुवर

0
130

रांची। मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि स्वच्छ झारखण्ड के निर्माण  के लिए नीति और रणनीति बेहतर बनाने की आवश्यकता है। वर्ष 2019 में होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण में रांची शहर पूरे देश में अव्वल स्थान में रहे, इस हेतु प्रतिबद्धता के साथ बेहतर रणनीति बनाते हुए कार्य करें। नगर निगम, सफाई मित्र एवं सामाजिक संगठन के लोग आपसी समन्वय स्थापित कर देश के बेहतरीन स्वच्छ शहरों में रांची को  स्थापित करेंगे। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने आज नेहरू स्टेडियम धुर्वा में “स्वच्छता ही सेवा है” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सफाई मित्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारी सर्वाधिक गरीब और पिछड़े वर्ग के परिवार से होते हैं। इन सफाई कर्मियों को आर्थिक न्याय दिलाने के लिए हमारी सरकार कृतसंकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी सफाई कर्मियों को अगले एक माह में अभियान चलाकर मजदूर कल्याण बोर्ड (झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड) के तहत पंजीकृत किया जाएगा। इसके लिए प्रथम बार ₹10 तथा पंजीकृत होने पर प्रत्येक वर्ष ₹100 की राशि देय होगी। पंजीकृत होने के फलस्वरूप झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के द्वारा निबंधित श्रमिकों के लिए सरकार द्वारा चलाये जा रहे 15 कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त होगा। इन योजनाओं में से मुख्यतः श्रमिक औजार सहायता योजना, साइकिल सहायता योजना, समेकित आम आदमी बीमा योजना, झारखंड निर्माण कर्मकार मृत्यु / दुर्घटना सहायता योजना, मेधावी पुत्र / पुत्री छात्रवृति योजना, चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना, चिकित्सा सहायता योजना, मातृत्व सुविधा योजना, अंत्येष्टि सहायता योजना, विवाह सहायता योजना, पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन, पारिवारिक पेंशन योजना,  अनाथ पेंशन, निर्माण श्रमिक  सेफ्टी किट योजना के तहत लाभ मिल सकेगा।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों जो कल्याण बोर्ड से पंजीकृत होते हैं, उन्हें साइकिल खरीदने हेतु ₹3500  की सहायता राशि उनके बैंक खाते में डायरेक्ट कैश ट्रांसफर करने की  घोषणा की। इस व्यवस्था के अंतर्गत लाभुक के द्वारा राशि प्राप्त होने के 3 महीने के अंदर सामग्री खरीद कर रसीद संबंधित श्रम कार्यालय में जमा किया जाना अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री ने 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सफाई कर्मियों को पात्रता के अनुरूप ट्रेड के औजार कीट खरीदने के लिए राज्य सरकार की ओर से ₹2500 की सहायता राशि  दिए जाने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक न्याय देकर ही सफाई कर्मियों को सशक्त बनाया जा सकता है। गरीब की सेवा से बड़ा पुण्य कार्य इस संसार में और कुछ भी नहीं हो सकता है। सफाई कर्मी एवं असंगठित मजदूर वर्ग के लोग सम्मान की जिंदगी जिए यह सरकार का लक्ष्य है। समाज में गरीब आदमी के प्रति व्यवहार और आचरण को बदलने की आवश्यकता है। हम सभी गरीबों का सम्मान करेंगे तभी एक बेहतर झारखण्ड का निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मियों के वेतन में वृद्धि की जाएगी। वर्तमान में अकुशल मजदूरों को 6612 रुपए प्रतिमाह मिलता है। सभी सफाई कर्मी जो सफाई कर्मचारी आयोग या झारखंड कौशल विकास सोसायटी द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, उन कर्मियों को अर्द्धकुशल मजदूरी जो कि ₹7053 प्रतिमाह है, वह राशि दी जाएगी। अकुशल से अर्द्धकुशल मजदूर बनने पर सभी सफाई कर्मियों के लिए एक प्रोन्नति का रास्ता निकलेगा। साथ ही वेतन में भी बढ़ोतरी होगी।

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि ऐसे सभी सफाई कर्मी जो अर्द्धकुशल हैं और कार्यरत हैं, वे झारखंड कौशल विकास सोसाइटी के द्वारा आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसे ड्राइवर, इलेक्ट्रीशियन, सुपरवाइजर, सिक्योरिटी गार्ड, पलंबर इत्यादि का प्रशिक्षण प्राप्त कर कुशल श्रेणी में अपनी नियुक्ति प्राप्त कर सकेंगे। इस हेतु राज्य सरकार द्वारा निर्देश दिया गया है कि इन कार्यों हेतु उक्त पदों पर नगर निकाय अथवा उनके एजेंसी द्वारा सीधे पदों पर बहाली नहीं कर जो अर्द्धकुशल सफाई कर्मी हैं, उनमें कौशल विकास सोसाइटी से प्रशिक्षित कर नियुक्त किए जाएं। इससे सफाई कर्मियों को अकुशल से अर्द्धकुशल तथा अर्द्धकुशल से कुशल श्रेणी में नियुक्ति मिल सकेगी। इसके अलावा प्रत्येक अकुशल, अर्द्धकुशल एवं कुशल कर्मी जो अपने कार्यों के अतिरिक्त कार्य करता है तो उसे अतिरिक्त मजदूरी देय होगा।

यह भी पढ़ेंः इस वर्ष 12.5 लाख किसानों को क्रेडिट कार्ड देगी झारखंड सरकार

- Advertisement -