पीड़िता के पिता ने कहा, राजबल्लभ के धन-बल पर भारी पड़ा न्याय

0
151

बिहारशरीफ। चर्चित नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी राजद के निलंबित नवादा विधायक राजबल्लभ यादव को दोषी करार दिये जाने पर पीड़िता के पिता ने कहा कि धन व बल पर न्याय भारी पड़ा। उन्होंने कहा कि न्यायालय पर हमें आस्था व विश्वास था कि घटना में संलिप्त आरोपियों को दोषी करार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आरोपियों द्वारा हमें क्या-क्या नहीं प्रलोभन दिया गया, लेकिन दोषी करार दिये जाने का इंतजार था। पटना के एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा मुख्य आरोपी विधायक राजबल्लभ यादव समेत छह लोगों को दोषी करार दिये जाने से हम लोग काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि रसूखदार आरोपी के कारण इंसाफ के लिए हमें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। परिवार को अब सजा मिलने का बेसब्री से इंतजार है। इस मामले में सजा की उम्मीद पीड़िता व उनके परिजनों को हीं नहीं, नालंदा, नवादा समेत पूरे सूबे के नागरिकों को थी। अब लोगों को 21 दिसम्बर का इंतजार है।

- Advertisement -

बता दें कि नगर थाना इलाके में किराये पर रह कर पढ़ाई कर रही किशोरी को पड़ोसी सुलेखा देवी और उसकी मां 6 फरवरी 2016 को बर्थडे पार्टी में जाने की बात कह कर अपने साथ ले गईं। किशोरी को विधायक राजबल्लभ यादव के आवास पर ले जाया गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई।

9 फरवरी को पीड़ित किशोरी ने घटना की प्राथमिकी बिहारशरीफ महिला थाने में दर्ज कराई। 10 फरवरी को नालंदा पुलिस ने पीड़ित किशोरी से इंगलिश पथरा व गिरियक स्थलों की पहचान कराई। 13 फरवरी को पीड़िता ने विधायक के फोटो से उसकी पहचान की। इसके बाद डीआईजी शालिन ने विधायक की गिरफ्तारी का आदेश दिया। कोर्ट द्वारा आरोपियों को दोषी करार दिये जाने के बाद विधायक के घर के आसपास सन्नाटा पसरा है।

यह भी पढ़ेंः नाबालिग से रेप मामले में विधायक राजवल्लभ यादव दोषी करार

- Advertisement -