मेरे चरित्र में वृद्धि हो सकती है, संपत्ति कभी नहीं बढ़ेगी : राकेश सिन्हा

0
230

बेगूसराय को ढाई करोड़ रुपए अपने फंड से विकास के लिए देने की घोषणा की

बेगूसराय (नंद किशोर सिंह)। राज्यसभा सांसद प्रोफेसर राकेश सिन्हा ने कहा कि मैं आज इस मंच से संकल्प आप सबों के बीच लेता हूँ कि मेरा चरित्र बढ़ेगा, संपत्ति कभी नहीं बढ़ेगी। मैं सामान्य व्यक्ति बन कर ही रहूंगा। ये बातें आयुर्वेदिक कॉलेज के मैदान में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित अपने अभिनंदन समारोह में शनिवार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहीं।

उन्होंने कहा, मेरी नजर है देश में बढ़ती हुई असमानता और बढ़ती हुई बेरोजगारी पर। मैं हर दिन सोचता हूं कि विनोबा भावे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और महात्मा गांधी कैसे लोग थे। उनकी ओर देख रहा हूं। इस जिले का नाम औद्योगिक नगरी के नाम से पूरे देश में जाना जाता था। अगर वामपंथी के हाथ में इसकी चाबी  चली गयी तो इस देश को बर्बाद कर वे रख देंगे। उन्होंने बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा, वामपंथ को बंगाल में सत्ता की चाबी मिली थी। वहाँ के लोग बेरोजगारी से कंगाल हो गए हैं। बेगूसराय की धरती की यही  महानता रही है कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जैसे पुत्र को जन्म देकर पूरे देश में अपने जिला का नाम इसने रौशन किया।

- Advertisement -

उन्होंने कहा कि हमेशा चुनाव के समय लोग यह संकल्प लेते हैं कि मैं वादा करता हूं कि भारत को सोने की चिड़िया बना दूंगा। लेकिन जब वह जीत कर जाते हैं तो उनका घर सोने की चिड़िया बन जाता है और भारत वैसे ही रह जाता है। श्री सिन्हा ने इस मौके पर अपने फंड से बेगूसराय जिला को ढाई करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वह भारत के प्रधानमंत्री पद पर 2014 में शपथ ले रहे थे तो उस समय उनके परिवार का कोई भी उपस्थित नहीं था। मैं भी आपको वचन देता हूं कि सार्वजनिक जीवन में कभी भी अपने परिवार को हस्तक्षेप नहीं करने दूंगा। जिस संगठन का नेतृत्व कार्यकर्ता करता है, वह संगठन काफी मजबूत बनता है। उन्होंने बेगूसराय के लोगों को आगाह किया कि बेगूसराय की राजनीति में कोई चूहा ना घुस जाए, इसका ख्याल रखें।

बेगूसराय के सांसद डॉ. भोला सिह ने अपने मोबाइल फोन पर सभा में संदेश दिया कि कोई ताकत नहीं है कि पार्टी को अब दूसरी दिशा में ले जाए। भाजपा त्याग और कुर्बानी की पार्टी रही है। राकेश जी जैसे लोगों के आने से मैं समझता हूँ कि खुद उपस्थित हूं। पार्टी के जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि राज्यसभा में प्रोफेसर राकेश सिन्हा जी को शिक्षा के क्षेत्र से मनोनीत किया गया है। आज मुझे  सिमरिया पुल से जो दृश्य  देखने को मिला, वह हम उम्मीद नहीं कर सकते थे। माननीय प्रधानमंत्री जी ने बेगूसराय के विकास के लिए 25 हजार करोड़ रुपये खर्च किये हैं। उसमें बेगूसराय के सांसद डॉ. भोला बाबू का अहम स्थान है। उन्होंने आने वाले 2019 के चुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बेगूसराय में राष्ट्र विरोधी को उतार कर बेगूसराय की जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं। यह बेगूसराय की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। लोगों को यह डर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहेंगे तो उनकी दुकान का शटर गिर जाएगा।

इसके पूर्व राजेंद्र पुल गंगा घाट से ही राज्यसभा सांसद प्रोफेसर राकेश सिन्हा का भव्य स्वागत हाथी, घोड़े, बैंड-बाजे और हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी मोटरसाइकिल का काफिला निकाल कर किया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के महामंत्री राम लखन सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र मेहता, ललन कुंवर, श्री कृष्ण सिंह, पूर्व मंत्री अशोक महतो, रेनू कुशवाहा, लोकसभा के बेगूसराय प्रभारी डॉ राम सागर, अमरेंद्र पांडे, अमरेंद्र कुमार अमर, मिथिलेश, सर्वेश कुमार, वंदना सिंह, डॉ. सुरेश प्रसाद राय, बजरंग दल के शुभम भारद्वाज, जिला महामंत्री  पूर्व मुखिया सरोजनी भारती, बखरी के पूर्व विधायक रामानंद राम समेत दर्जनों लोग मंच पर उपस्थित थे।

यह भी पढ़ेंः इलाज के लिए अब लोगों को हाथ नहीं फैलाना पड़ेगाः रघुवर

- Advertisement -