कुशवाहा हास्टल के घायल छात्रों से मिलने बेगूसराय पहुंचे उपेंद्र

0
166

कुशवाहा छात्रावास के छात्रों के साथ हुई घटना को जघन्य बताया, स्पीडी ट्रायल की मांग

बेगूसराय। भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा शनिवार को बेगूसराय सदर अस्पताल कुशवाहा छात्रावास के घायल सभी छात्रों से मिलने लगभग 3.45 बजे शाम में पहुंचे। उन्होंने सभी घायल छात्रों से मिलकर उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की। मालूम हो कि बीते बुधवार के दिन कुशवाहा छात्रावास के हॉस्टल में रहकर पढ़ने वाले गरीब 4 छात्रों के साथ बेगूसराय के बेखौफ अपराधियों ने न सिर्फ मार-पीट की, बल्कि अपना वर्चस्व दिखाने के लिए वहां फायरिंग भी की। घायल चारों  छात्रों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। उनहें ही  देखने के लिए केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा पहुंचे थे।

उन्होंने छात्रों के साथ हुई घटना की काफी निंदा करते हुए मीडिया को बताया कि जिस तरह से इन छात्रों के साथ बर्ताव हुआ है और जिसने भी किया है, उसने अमानवीय काम किया है। इससे ज्यादा निंदनीय घटना कोई हो ही नहीं सकती है। इस घटना में जो भी लोग संलिप्त हैं, उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई आवश्यक है। श्री कुशवाहा ने कहा कि हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी इस संबंध में बातें करेंगे। इसमें स्पीडी ट्रायल की जरूरत है, ताकि घटना की लीपापोती ना हो। 4 साल, 5 साल या 10 साल तक जांच ही होती न रहे।

- Advertisement -

उन्होंने कहा कि घटना की 3 महीने के भीतर जांच कर और इसे 3 महीने में परिणति तक पहुंचाने का काम हो, तभी लोगों को सीख मिलेगी। तभी समाज में एक अच्छा मैसेज जाएगा। प्रशासन पर लोगों का भरोसा बढ़ेगा।

बिहार के कानून व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम कानून व्यवस्था की बातें करने यहाँ नहीं आए हैं। हम यहां जो घटना हुई है, उसे देखने-समझने आए हैं। घटना काफी जघन्य है। इस पर जल्दी कार्रवाई हो, स्पीडी ट्रायल कराकर जो भी मुजरिम इस घटना में संलिप्त हैं, उन्हें सजा दी जाए, हम यही चाहते हैं। इसके पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उसके बाद वह सदर अस्पताल पहुंचे, जहाँ पर इलाजरत घायल छात्रों से मिल उनका हालचाल पूछा।

यह भी पढ़ेंः भगवान बुद्ध की राह पर चलने से ही होगी विश्व में शांति

- Advertisement -