भाजपा नेता सूरज नंदन कुशवाहा का हार्ट अटैक से निधन

0
331

राज्यपाल, सीएम और डिप्टी सीएम समेत कई दलों के नेताओं ने जताया शोक

पटना (नंदकिशोर सिंह)।  बिहार भाजपा के कद्दावर नेता सह बिहार भाजपा के एमएलसी प्रोफेसर सूरज नंदन कुशवाहा का हार्ट अटैक से शुक्रवार की देर रात निधन हो गया। सूरज नंदन कुशवाहा शुक्रवार की रात ही श्रीलंका दौरे से वापस घर लौटे थे। उनके निधन पर राज्यपाल लालजी टंडन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक प्रकट किया है।

एमएलसी सूरज नंदन कुशवाहा इतिहास के प्रोफेसर थे। वे बिहार विधान परिषद में आपदा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष भी थे। आज सुबह से ही स्व. कुशवाहा के निधन की खबर मिलने के बाद पटना सिटी स्थित उनके आवास पर प्रदेश भाजपा के कई नेता पहुंचने लगे। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद भाजपा समेत अन्य उनके चहेतों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। मिलनसार स्वभाव की छवि वाले सूरज नंदन कुशवाहा काफी संयमित राजनेता के तौर पर जाने जाते थे।

- Advertisement -

प्रोफेसर कुशवाहा के निधन पर राज्यपाल लालजी टंडन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, राजद नेता तेजस्वी यादव, जदयू नेता संजय सिंह सहित प्रदेश के कई नेताओं ने शोक जताया है। राज्यपाल लालजी टंडन ने कहा कि वे बेहद मिलनसार और सामाजिक सरोकार वाले नेता थे। उनके निधन से उन्हें गहरा दु:ख पहुंचा है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राजनीति में उनकी कमी जरूर खलेगी। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि वह बहुत ही मिलनसार और कुशल व्यक्तित्व के धनी थे। जदयू नेता संजय सिंह ने कहा कि मित्रवत भाई सूरज नंदन का  असमय चला जाना मुझे काफी मर्रमाहत कर रहा है। विधान परिषद में उनकी ऊर्जामयी उपस्थिति हमेशा स्मरणीय रहेगी।

वहीं रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि विधान पार्षद प्रोफेसर सूरज नंदन कुशवाहा के निधन की दुखद खबर से मैं मर्माहत हूँ। शैक्षणिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों के वे कुशल ध्वजवाहक थे। केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा है कि हम सब के मित्र वरिष्ठ कार्यकर्ता बिहार विधान परिषद के सदस्य व भाजपा के प्रदेश पूर्व महामंत्री डॉ सूरज नंदन कुशवाहा हम लोगों के बीच अब नहीं रहे। भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने कहा कि बिहार भाजपा के कर्मठ, जुझारू, समर्पित एवं सहृदय नेता सूरज नंदन कुशवाहा के असामयिक निधन की खबर से स्तब्ध हू्ं।

यह भी पढ़ेंः दरभंगा में एयरपोर्ट का हो गया भूमि पूजन, जून से शुरू होगी उड़ान

यह भी पढ़ेंः समस्तीपुर में मात्र 30 मिनट के अंदर दो जगहों पर लूट

- Advertisement -