नीतीश का अधिकारियों को निर्देश, छठ में रास्ते व रोशनी ठीक करें

0
192

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक आस्था के महापर्व छठ पर्व के मद्देनजर आज दूसरी बार छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टीमर से दानापुर के नासरीगंज से खाजेकलां घाट तक गंगा घाटों का निरीक्षण किया और घाटों की सफाई, सुरक्षा एवं स्वच्छता के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने लगभग ढाई घंटे तक नासरीगंज से खाजेकलां घाट के बीच अवस्थित सभी छठ घाटों का बारीकी से अवलोकन किया और लगातार अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते रहे, ताकि छठव्रतियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। मुख्यमंत्री ने छठव्रतियों की सुविधा के लिए सीढ़ी और स्लोप ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों तक पहुंचने की कनेक्टिविटी भी दुरूस्त की जाये। साथ ही सभी घाटों पर उपयुक्त बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जायं। घाटों के कटाव के मद्देनजर उन्होंने कहा कि पानी के लेवल को देखकर वहां बैरिकेटिंग सुनिश्चित करायी जाये। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव पर नजर रखें और समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने घाटों के आसपास बालू के जमाव को हटाने के साथ-साथ नदी के बीच में कहीं-कहीं जमा हुए बालू को भी हटाने का निर्देश दिया। डिसिल्टेशन से घाटों एवं नदी के बहाव को ठीक रखा जा सकता है। डिसिल्टेशन की वजहों का अध्ययन कराने का भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी श्रद्धालु भारी संख्या में अर्घ्य देने के लिये आते हैं, उन्हें अर्घ्य देने में असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छठव्रती के अतिरिक्त दूसरे परिवार के श्रद्धालु आते हैं, इसके कारण होने वाली भीड़ को देखते हुए आवागमन  को  दुरुस्त  रखना  होगा। इस  संबंध में  भी  उन्होंने  अधिकारियों  को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मुख्यमंत्री दानापुर के नासरीगंज से पटना सिटी के खाजेकलां घाट तक गंगा तटों पर चल रहे छठ घाटों की तैयारी से संतुष्ट नजर आये।

- Advertisement -

घाटों के निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि छठ लोक आस्था का महापर्व है और छठ के समय गंगा नदी पर लाखों की संख्या में लोग अर्घ्य देने  के लिए आते हैं। हमने शुरू से ही  कहा है कि घाटों पर किसी प्रकार की  कठिनाई  न हो। उन्होंने कहा  कि  ज्यादा  से ज्यादा  घाटों का  निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। लोगों के आने-जाने के लिए रास्ता सुगम हो, इसका ध्यान रखकर घाटों को तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक साल ऐसी घटना घट गई थी कि उसके बाद  से  इस  पर हमलोगों  ने विशेष ध्यान  रखना  शुरु किया  है।  उन्होंने  कहा  कि  छठ व्रत करने वाले लोगों को किसी तरह की कोई कठिनाई न हो, इसके लिये घाटों की गहराई पर भी  विषेष ध्यान  दिया  जा  रहा  है। 03  नवम्बर  को  भी हमने  मुआयना  किया  था और कुछ सुझाव दिये थे। साथ ही यहाॅ दोबारा 8 नवम्बर को आने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि काम तेजी से हो रहा है और बेहतर हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ और निर्देष दिये गये हैं, जिसे दो दिनों के अंदर ठीक कर लिया जाएगा। मुख्य सचिव को भी हमने कहा है कि वे स्वयं इस पर निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और नगर आयुक्त इन सब चीजों  की  निगरानी  कर  रहे  हैं  और  तैयारी संतोषजनक  है।  हमलोग  तो  फैसीलिटी देते  हैं लेकिन हर साल छठव्रतियों की संख्या बढ़ती जा रही है, इसको भी ध्यान में रखकर तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के क्रम में उप मुख्यमंत्री श्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री श्री नंदकिशोर यादव, ऊर्जा मंत्री श्री विजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री सुरेश शर्मा, मेयर पटना नगर निगम श्रीमती सीता साहू, मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक श्री के.एस. द्विवेदी, प्रधान सचिव पथ निर्माण श्री अमृत लाल मीणा, प्रधान सचिव ऊर्जा श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री चंचल कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मनीष कुमार वर्मा, सचिव लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण श्री जितेन्द्र श्रीवास्तव, सचिव परिवहन श्री संजय कुमार अग्रवाल, विषेष सचिव मुख्यमंत्री सचिवालय श्री अनुपम कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक श्री जे.एस. गंगवार, प्रमण्डलीय आयुक्त श्री आर.एन. चोंग्थू, आई.जी. पटना श्री नैयर हसनैन खान, डी.आई.जी. पटना श्री राजेश कुमार, जिलाधिकारी पटना श्री कुमार रवि, वरीय पुलिस अधीक्षक पटना श्री मनु महाराज, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, नगर आयुक्त पटना नगर निगम श्री अनुपम कुमार सुमन सहित पटना नगर निगम, बुडको एवं बिहार राज्य जल पर्षद के वरीय पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ेंः SC/ST और अति पिछड़ा वर्ग के के लिए नीतीश ने किया बड़ा ऐलान

आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज देश के वरिष्ठ नेता श्री लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनायें दीं। मुख्यमंत्री ने श्री लालकृष्ण आडवाणी के स्वस्थ एवं दीघार्यु जीवन की कामना की है।

- Advertisement -