BIHAR में धूमधाम से मनायी गयी बी.पी. मंडल की सौंवीं जयंती

0
296

पटना। राज्यभर में आज स्व. बी.पी. मंडल की 100वीं जयंती मनायी गयी। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने सुबह पटना में आयोजित राजकीय जयंती समारोह में हिस्सा लिया और उनकी प्रतिमा पर फूल अर्पित किये। इस अवसर पर सूचना जनसंपर्क विभाग ने आरती-पूजन और देश भक्ति गीतों का आयोजन किया था।

मुख्यमंत्री उसके बाद मधेपुरा जिले के मुरहो ग्राम में आयोजित स्व. बी.पी. मंडल की 100वीं जयंती समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने स्व. मंडल की समाधि स्थल पर पुष्प-चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

- Advertisement -

समारोह स्थल के निकट बने मंच पर मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने स्व. मंडल की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। तत्पश्चात सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए। स्व. मंडल की 100वीं जयंती समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक (स्मारिका) का विमोचन भी किया।

इससे पूर्व मधेपुरा जिले के मुरहो ग्राम स्थित राजकीय कमलेश्वरी मध्य विद्यालय के समीप बने हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्थानीय नेताओं ने पुष्प-गुच्छ एवं फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री सह मधेपुरा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पाण्डेय, आपदा प्रबंधन मंत्री श्री दिनेश चंद्र यादव, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री श्री रमेश ऋषिदेव, सांसद श्री राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, विधान पार्षद श्री ललन सर्राफ, विधायक श्री नरेन्द्र नारायण यादव, पूर्व विधायक एवं स्व. बी.पी. मंडल के सुपुत्र श्री मनेंद्र कुमार मंडल, जदयू प्रदेश प्रवक्ता श्री निखिल मंडल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मनीष कुमार वर्मा, आयुक्त कोशी प्रमंडल डॉ. सफीना ए.एन., जिलाधिकारी श्री नवदीप शुक्ला, पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएः मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच अपार स्नेह का त्योहार है। महिलाओं की सुरक्षा, अस्मिता, महिला सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित कर महिलाओं को सम्मान दें। हम प्रदेशवासी लगन, निष्ठा, सेवा भाव से बिहार के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। रक्षाबंधन पर्व आपसी प्रेम, भाईचारा एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनायें।

श्राद्ध में शामिल होने मधुबनी पहुंचेः मुख्यमंत्री ने मधुबनी जिले के राजनगर प्रखंड के रांटी गांव स्थित वरिष्ठ पत्रकार श्री बिनोद बंधु के आवास पर जाकर उनकी माता जी के श्राद्धकर्म में भाग लिया और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय, पंचायती राज मंत्री श्री कपिलदेव कामत सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

यह भी पढ़ेंः कृषि क्षेत्र में मनरेगा की भूमिका पर किसानों से सीधा संवाद

- Advertisement -