बिहार की चुनावी चर्चाः अनंत सिंह के साथ होगा कांग्रेस का हाथ

0
238
अनंत सिंहः मुंगेर में मिल रही जीत की चुनौती
अनंत सिंहः मुंगेर में मिल रही जीत की चुनौती

मुंगेर लोस से कांग्रेस प्रत्याशी बनेंगे, 18 जनवरी को मुंगेर में रोड शो करेंगे

  • राणा अमरेश सिंह

पटना। मोकामा के बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह कांग्रेस का हाथ पकड़ कर दिल्ली का सफर करेंगे। उन्होंने मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की बात कही है तो यकीनन इसके पीछे कोई ताकत है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस ने साथ देने का उन्हें भरोसा दिया है। वैसे एक टीवी चैनल को अनंत सिंह ने खुद यह जानकारी दी है।

अनंत सिंह ने बताया कि खरमास बाद 18 जनवरी को वह मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में रोड शो  कर अपनी ताकत और उम्मीदवारी का आगाज करेंगे। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि कांग्रेस पर्दे के पीछे से उनका साथ देगी या उन्हें अपना बना लेगी। कांग्रेस बिहार के महागठबंधन में है और महागठबंधन के बड़े दल राजद ने अपने साथ उन्हें लेने  singh will coसे बैड एलीमेंट कह कर मना कर दिया है।

- Advertisement -

पिछले सप्ताह अनंत सिंह ने महागठबंधन के बैनर तले मुंगेर से चुनाव लड़ने की बात कह कर मीडिया जगत में सनसनी फैला दी थी। उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद की प्रशंसा करते उन्हें सबसे बड़े जनाधार का लीडर बताया था। इससे यह संदेश गया कि वह राजद में शामिल होंगे और उसके उम्मीदवार बन कर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि 24 घंटे के अंदर ही राजद विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव ने उन्हें बैड एलीमेंट बता कर राजद में शामिल होने की संभावना पर विराम लगा दिया था।

फिलहाल मुंगेर से लोजपा की सांसद वीणा सिंह हैं, जो एक दूसरे बाहुबली सूर्यभान सिंह की पत्नी हैं। खबर है कि वीणा देवी नवादा लोस सीट से चुनाव लड़ेंगी। जदयू से नीतीश कुमार कैबिनेट के मंत्री ललन सिंह को मुंगेर से प्रत्याशी बनाये जाने की संभावना जताई जा रही है। इससे मीडिया की नजर में मुंगेर खास बन गया है। हालांकि वीणा ने किसी भी कीमत पर मुंगेर से ही चुनाव लड़ने की बात कई बार कहा है।

अनंत सिंह के मुंगेर से चुनाव लड़ने की खबर से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। बताया जा रहा है कि उनके समर्थक मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में एक्टिव भी हो गए हैं। उन्होंने हर हालत में चुनाव लड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई थी। सासंद वीणा सिंह ने मीडिया में अनंत सिंह को डरपोक बताते हुए कहा था उन्हें तो बाथरूम जाने में डर लगता है। इसी तरह का बयान जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी दिया था। यानी मुंगेर सीट की लड़ाई दिलचस्प होगी, इसमें किसी को संदेह नहीं।

अपनी कड़कमिजाजी और आजीबोगरीब शौक के लिए मशहूर अनंत सिंह का मोकामा क्षेत्र में काफी प्रभाव माना जाता है। उनकी मर्जी के खिलाफ वहां पत्ता भी नहीं खड़कता। अनंत सिंह ने जेल में रह कर ही पिछले विधान सभा चुनाव में 22 हजार मतों से जदयू के नीरज को मात दी थी।

सूत्रों की मानें तो अनंत सिंह के टिकट की पैरवी कांग्रेस के कद्दावर नेता अखिलेश सिह ने की है। उनके ही इशारे पर अनंत ने महागठबंधन की ओर से राजद के टिकट पर चुनाव में उतरने की बात कही थी। दरअसल अनंत सिंह को एक मजबूत प्रत्याशी माना जाता है। राजद ने मना किया तो कांग्रेस ने उन पर डोरे डालने शुरू कर दिये। महागठबंधन ने एक बात शिद्दत से महसूस की है कि किसी भी हाल में जीतने वाले उम्मीदवार को ही टिकट देना है। महागठबंधन की इसी कमजोरी का लाभ अनंत सिंह उठाना चाहते हैं।

यह भी पढ़ेंः बिहार में अनंत सिंह की लालटेन जलाने की साध अधूरी रहेगी

- Advertisement -