बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में गोली लगने से 5 की मौत

0
464
बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में गोली लगने से 5 की मृत्यु हुई है। विभिन्न जगहों पर हमले में 7 उम्मीदवार घायल हुए हैं।
बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में गोली लगने से 5 की मृत्यु हुई है। विभिन्न जगहों पर हमले में 7 उम्मीदवार घायल हुए हैं।
  • डी. कृष्ण राव

कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में गोली लगने से 5 की मृत्यु हुई है। विभिन्न जगहों पर हमले में 7 उम्मीदवार घायल हुए हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर  विभिन्न राजनीतिक दलों के एजेंटों और समर्थकों पर हुए हमले में कम से कम 30 लोगों के घायल होने की सूटना है। दोपहर तक विभिन्न घटनाओं में 20 लोगों की गिरफ्तारी की भी खबर मिली है।

पिछले तीन चरणों में मतदान केंद्र के एक सौ मीटर के अंदर किसी तरह की  मृत्यु या संघर्ष की  घटनाएं नहीं हुईं, चौथे चरण में आज सुबह करीब 10:30 बजे शीतलकुची विधानसभा क्षेत्र के जुड़ापटवा इलाके में 126/5  मतदान केंद्र पर  गांव के लोगों ने सीआईएसएफ के जवानों को  घेर कर हमला किया। सीआईएसएफ की ओर से आत्मरक्षा के लिए गोली चलायी गयी, जिसमें 4 युवकों की मृत्यु हो गयी। इसके पहले इसी विधानसभा क्षेत्र के पठान थाली में आनंद बर्मन नाम के युवक पर वोट देकर निकलते समय बूथ के अंदर ही कई लोगों ने फायरिंग की। घटनास्थल पर ही युवक की मृत्यु हो गई।

- Advertisement -

कूचबिहार के एसपी देवाशीष  धर ने बताया कि सुबह से ही इस 126 नंबर बूथ पर कुछ लोग हमला की कोशिश कर रहे थे। अचानक एक खबर फैली कि सुरक्षा बल के लाठीचार्ज में कई लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। इसके बाद स्थानीय गांव के  200 से 300 लोगों ने सीआईएसएफ के जवानों को घेर लिया और उनके हथियार छीनने की कोशिश की। सीआईएसएफ की ओर से स्थानीय  क्विक रिस्पांस टीम को खबर दी गयी। टीम घटनास्थल पर पहुंची तौ देखा कि गांव के लोग उन पर हमले की तैयारी कर रहे हैं। बूथ से ईवीएम लूटने की कोशिश कर रहे हैं। तब 567/C बटालियन की ओर से 15 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें स्थानीय 4 युवकों की मृत्यु हो गई। 4 अन्य बुरी तरह घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरी ओर गांव वालों के हमले में कम से कम 8  मतदानकर्मी और केंद्रीय फोर्स के जवान घायल हुए हैं। इस गोलीकांड में मृत 4 युवकों में हमीदुल हक, समीउल्लाह हक, मुनीरउल हक व  नूर आलम  शामिल हैं। इस गोलीकांड में घायल हुए 4 को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के तुरंत बाद चुनाव आयुक्त  सुदीप जैन ने घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है। घटना के तुरंत बाद विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से टिप्पणी आनी शुरू हो गयी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना के लिए दुख जताते हुए कहा कि मृतक परिवारों के साथ उनके पार्टी है। राज्य भाजपा की ओर से घटना के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा गया कि पिछले कई दिनों से ममता बनर्जी जिस तरह उत्तर बंगाल की विभिन्न सभाओं में लोगों को सेंट्रल फोर्स के खिलाफ उकसा रही थीं और   घेराव कर मारने की बात कह रही थीं, उसी कारण आज यह घटना हुई। घटना पर टिप्पणी करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि यह घटना अमित शाह ने करवायी।

इस घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग के पास घटना की जांच की मांग की गई और आगामी  रविवार को पूरे राज्य में काला दिवस मनाने की घोषणा की गयी है। तृणमूल के वरिष्ठ नेता सुब्रत मुखर्जी ने बताया कि भाजपा राज्य में सेंट्रल फोर्स और चुनाव आयोग के माध्यम से  आतंकी परिस्थिति तैयार करने की कोशिश कर रही है। कल ममता बनर्जी स्पेशल फ्लाइट से उत्तर बंगाल पहुंचेंगी। घटना में मृतक परिवार के घर भी जाएंगी।

इधर राज्य भाजपा की ओर से यह आरोप लगाया गया कि आज सुबह  तृणमूल के मास्टरमाइंड पीके अर्थात प्रशांत किशोर के लीक हुई एक  ऑडियो क्लिप में प्रशांत किशोर को यह कहते सुना जा रहा कि राज्य में भाजपा तृणमूल को हराकर सत्ता में आएगी। भाजपा का आरोप है कि आम लोगों को पीके की इस ऑडियो टेप से भटकाने के लिए सीतलकुची की घटना को अंजाम दिया।

तीसरे चरण की तरह चौथे चरण  में भी उम्मीदवारों पर हमले जारी रहे। आज सुबह पहले  कसबा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार इंद्रनील खान को 107 नंबर बूथ पर तृणमूल के लोगों ने पुलिस के सामने  धक्का मारना शुरू किया। यहां तक कि उनके मुख्य एजेंट को भी काफी मारा-पीटा गया। उसके कपड़े फाड़ दिये गए। पूरी घटना पुलिस मौन होकर देखती रही। भाजपा उम्मीदवार खान का कहना है कि  इलाके में तृणमूल के लोगों ने  बूथ लूट की। इसकी खबर मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे। तृणमूल के महिला मोर्चा की कम से कम 50 महिलाओं ने पुलिस के सामने ही उनको धक्का मारा और वहां से बाहर निकाल दिया। इसके बाद 10:00 बजे के करीब भानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एआईएसएफ के उम्मीदवार पर स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने हमला किया।

आज चौथे चरण में चार जिलों की 44 सीटों के लिए मतदान हुआ। इनमें हावड़ा की 9, हुगली की 10, दक्षिण 24 परगना की 11, अलीपुरद्वार की 5 और कूचबिहार की 9 सीटों के लिए मतदान  हुआ। कुल 15940  बूथों  के लिए 798 कंपनी सुरक्षा बल तैनात किया गया था। लेकिन इतने तामझाम के बाद भी हिंसा नहीं रुक पायी। इधर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव आयोग को सर्टिफिकेट देते हुए कहा देश के विभिन्न प्रांतों में इससे बड़े चुनाव हो रहे हैं। चुनाव  आयोग पेशेवर तरीके से चुनाव करा रहा है, लेकिन बंगाल में हो नहीं पाता। इसके पीछे कारण है आतंक की  राजनीति और हिंसक सोच।

आज सुबह सबसे पहले जादवपुर विधानसभा के केके दास स्कूल में  टीएमसी के लोगों ने सीपीएम उम्मीदवार सूजन चक्रवर्ती के एक महिला एजेंट को मार कर आंख से खून निकाल दिया। यहां एक भाजपा एजेंट को भी बुरी तरह पीटा गया। इसके अलावा बाली विधानसभा क्षेत्र के लालबाग कॉलेज में भी सुबह से तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने सीपीएम और भाजपा के एजेंटों को  मार कर बूथ से निकालने की कोशिश की, लेकिन बाद में केंद्रीय बल के हस्तक्षेप से सभी एजेंट बूथ में बैठ सके। दूसरी ओर बेलापुर विधानसभा क्षेत्र के 142  नंबर बूथ पर वोटरों को तृणमूल की ओर से डराया- धमकाया गया। वहां तोड़फोड़ खबर मिलते ही भाजपा उम्मीदवार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की सहायता से लोगों को मतदान केंद्र के अंदर तक पहुंचाने में कामयाबी मिली। हावड़ा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही बमबाजी और गोली चलने की खबरें मिलते रहीं। 44 उम््मीदवारों पर आज जगहृ-जगह हमले हुए।

- Advertisement -