स्वर्ण व्यवसायी को तीन घंटे तक बंधक बना कर डाला डाका

0
263

समस्तीपुर। दलसिंहसराय अनुमंडल के विद्यापतिनगर  घटहो थाना अंतर्गत कांचा गांव में शुक्रवार की मध्य रात्रि  करीब बारह बजे कतिपय हथियारबंद अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी को बंधक बनाकर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात व नकदी लूट लिये। घटना को अंजाम देने  के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की। उसके बाद  सभी अपराधी स्वर्ण व्यवसायी के घर से आराम से बाहर निकल गए।

अपराधियों की संख्या सात बतायी जा रही है। सभी  22- 25 वर्ष के बताए गए हैं। सभी  अग्नेयास्त्र व धारदार  हथियार से लैस बताए गए हैं। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कांचा गांव निवासी स्वर्ण व्यवसायी अपने परिजनों के साथ सो रहे थे। तभी पीछे की दिशा से छज्जी के सहारे छत पर चढे कतिपय अपराधियों ने छत से नीचे उतर लोंगों को जगाया। इसके बाद सभी हथियारबंद अपराधियों ने गृहस्वामी व अन्य परिजनों को कब्जे में लेकर एक कमरे में बंधक बना लिया। अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए गृहस्वामी संजय साह, विनोद साह व उनकी पत्नी सुनीता देवी को पिस्टल की बट व धारदार हथियार से सिर पर हमला कर घायल कर दिया।

- Advertisement -

उसके बाद स्वर्ण व्यवसायी रूबी लाल साह के  पुत्र संजय साह व विनोद साह सहित अन्य परिजनों से तिजोरी की चाभी लेकर साथ लाए झोले में सारा सामान रख चलते बने। अपराधियों ने सुरक्षित भागने के लिए स्वर्ण व्यवसायी के भांजे को अपने कब्जे में ले लिया। फिर बाइक पर सवार होकर उसे कब्जे से मुक्त कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक कुंदन कुमार, पुलिस निरीक्षक रंजीत कुमार निराला, थानाध्यक्ष विक्रम कुमार झा सहित पुलिस बल ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। पुलीस उपाधीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि घटना को लेकर एसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, अस्प्ताल में भर्ती

अज्ञात बदमाशों ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के चौसीमा हुरहिया पेट्रोल पंप के समीप शनिवार  दोपहर एक युवक को दिनदहाड़े गोली मारकर जख्मी कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी पुलिस घटना स्थल पर पहुँची और जख्मी को चिकित्सा हेतु समस्तीपुर लेकर गयी। जख्मी युवक ताजपुर थाना क्षेत्र के मोरवा बाजार निवासी मो. खालिद का 28 वर्षीय पुत्र मो. अंजार है। बताया जाता है कि जख्मी युवक नानी के घर से अपने घर मोरवा बाजार मोटरसाइकिल से लौट रहा था। इसी बीच हुरहिया पेट्रोल पंप के पास गोली मारकर अपराधी भागने में सफल रहे।

यह भी पढ़ेंः ससुराल बुलाकर पत्नी ने पति की करायी हत्या, पत्नी हुई गिरफ्तार

- Advertisement -