सरेंडर करने लालू रांची गये, जानें जाते-जाते क्या कुछ बोल गये

0
212

पटना। RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद कल से अपनी रातें रांची की जेल में बितायेंगे। कल ही उन्हें सरेंडर करना है। अभी तक स्वास्थ्य कारणों से वह प्रोविजन बेल पर थे। रांची हाईकोर्ट ने उनकी बेल की मियाद बढ़ाने से इनकार कर दिया था और 30 अगस्त को सरेंडर करने के लिए कहा था।

कोर्ट ने कहा था कि जमानत अवधि में वह किसी राजनीतिक गतिविधि में शामिल नहीं होंगे। इसका उन्होंने पालन भी किया, लेकिन जेल के लिए रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद ने आज जमानत की शर्तों के खिलाफ जाकर राजनीतिक बयान दिये। पिछले कुछ समय से उन्होंने खामोशी ओढ़ रखी थी, लेकिन आज वे अपने दिल के दर्द को छिपा नहीं पाये। उन्होंने अपने स्वास्थ्य, बेल और देश की राजनीति पर बेबाक बात की।

- Advertisement -

लालू प्रसाद जमानत पर रहने के दौरान जब भी पटना से कहीं आये-गये, व्हील चेयर का इस्तेमाल किया। आज पहली बार वह बिना ह्वील चेयर के एयरपोर्ट के अंदर गये। वे गाड़ी से बिना किसी का सहारा लिये उतरे और व्हीलचेयर पर बैठने से मना कर दिया। उन्होंने मीडिया से मुखातिब होकर बात की। इस दौरान राजद के कार्यकर्ता लालू जिन्दाबाद के नारे लगाते रहे।

लालू ने कहा कि उनकी किडनी में इंफेक्शन है। उन्हें अस्पताल में आराम करने का शौक नहीं है। प्रोविजनल बेल मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा- मैंने मुम्बई और दिल्ली एम्स में इलाज कराया, लेकिन ठीक नहीं हुआ हूं। तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए सभी दवाइयां लेकर जा रहा हूं। मुझे झारखंड हाईकोर्ट पर पूरा भरोसा है। कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा हूं। जहां भेजा जाएगा, वहां जाऊंगा। आज नहीं तो कल इंसाफ से मिलेगा ही।

लालू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की साजिश के आरोप में पांच बुद्धिजीवियों की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि देश तानाशाही की तरफ बढ़ रहा है। मोदी जी डर गये हैं। कब किस नेता की गिरफ्तारी हो जाये, कहा नहीं जा सकता। ऐसा लगता है कि इमरजेंसी के लिए रास्ता साफ हो गया है।

यह भी पढ़ेंः बिहार में बंपर वैकेंसी निकली, 4192 पदों पर होगी बहाली

लालू प्रसाद ने कहा कि उनके बच्चों पर झूठे केस लाद दिये गये हैं। उन्हें घेर कर रखने के लिए इतने केस किये गये हैं। इनका मकसद है कि हम तनाव में रहें और इनका चुनाव पार हो जाए। हम राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। राजनीति में भाग लेना है, लेकिन इन सबके बाबजूद कोर्ट पर मुझे पूरा भरोसा है।

लालू ने अरसे बाद नीतीश कुमार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बिहार में आये दिन हत्या और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है। बिहार में घोर अराजकता है। रोम जल रहा था और नीरो वंशी बजा रहा था। नीतीश कुमार का भी कुछ यही हाल है।

यह भी पढ़ेंः BIHAR : सियासी खीर बन रही या पक रही है खिचड़ी

- Advertisement -