विश्व शांति स्तूप की स्थापना की वर्षगांठ में राष्ट्रपति लेगे भाग

0
162
अधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी
अधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी

बिहारशरीफ। विश्व शांति स्तूप की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ का समारोह अक्टूबर में और गुरु नानक देव का 550वां प्रकाश पर्व का दिसंबर में होगा। राजगीर में प्रस्तावित इन आयोजनों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। विश्व शांति स्तूप के स्थापना दिवस समारोह में भारत के राष्ट्रपति के शिरकत करने की संभावना है। मुख्य समारोह शांति स्तूप के समीप आयोजित किया जाएगा।

इसी दिन अपराह्न में आरआईसीसी राजगीर में भी महात्मा बुद्ध के जीवन संदेश पर आधारित परिचर्चा एवं उनकी जीवनी तथा संदेश पर आधारित नाटिका का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्य समारोह स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन तथा विधि व्यवस्था का संधारण ब्लू बुक में निर्धारित प्रोटोकोल के अनुरूप किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर शांति स्तूप तक जलापूर्ति के लिए लगी जर्जर पाइप लाइन को पीएचईडी द्वारा बदला जा रहा है।

- Advertisement -

जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को यह कार्य अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया। शांति स्तूप तक जाने वाली सीढ़ियों की मरम्मत एवं रखरखाव वन विभाग द्वारा किया जा रहा है। सीढ़ियों पर दो उपयुक्त स्थल पर पेयजल, अस्थाई शौचालय तथा मेडिकल टीम की व्यवस्था करने का निर्देश संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दिया गया। इस अवसर पर फ्यूजी गुरुजी के जीवन दर्शन पर आधारित पेंटिंग का प्रदर्शन 23 अक्टूबर से किया जाएगा।

इस समारोह में जापान सहित अन्य देशों के सैकड़ों बौद्ध श्रद्धालु शामिल होंगे। समारोह के अवसर पर सारी व्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन विभाग, बिहार द्वारा की जाएगी। इस समारोह के अवसर पर राजगीर के महत्वपूर्ण भवनों पर महात्मा बुद्ध एवं उनके संदेश को पेंटिंग द्वारा प्रदर्शित किया जाएगा। गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व समारोह का आयोजन दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में संभावित है। इस अवसर पर हजारों की संख्या में सिख श्रद्धालु राजगीर में शिरकत करेंगे।

यह भी पढ़ेंः नालंदा के सरमेरा, परबलपुर, सिलाव व बिहारशरीफ में बनेगा स्टेडियम

कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को पेयजल एवं शौचालयों की व्यवस्था करने तथा कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत राजगीर को साफ सफाई के लिए आवश्यक संसाधनों का आकलन कर समय पर उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर राजगीर एवं आसपास के क्षेत्र के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश अनुमंडलाधिकारी राजगीर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर को संयुक्त रूप से दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, एसडीओ राजगीर, एसडीपीओ राजगीर, कार्यपालक अभियंता भवन पीएचईडी विद्युत, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत राजगीर, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजगीर, अंचलाधिकारी राजगीर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

- Advertisement -