मधुबनी पेंटिंग से सज कर समस्तीपुर से रवाना हुई बिहार संपर्क क्रांति

0
331

समस्तीपुर। समस्तीपुर रेल मंडल से लम्बी दूरी की खुलनेवाली ट्रेनों को  मधुबनी पेंटिंग से से सजाया जायेगा।  पूर्व मध्य रेल के डीआरएम आरके जैन ने बताया कि अभी प्रयोग के तौर पर बिहार संपर्क क्रांति की कुछ बोगियों को मधुबनी पेंटिग से सजाया गया है। अगर मुसाफिरों का फीडबैक अच्छा आता है तो फिर इसे देश की अन्य ट्रेनों में भी प्रयोग किया जायेगा।

बिहार की मधुबनी पेंटिग पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। अब इस चित्रकारी का इस्तेमाल भारतीय रेलवे भी कर रहा है। दरअसल, दरभंगा और दिल्ली के बीच चलने वाली 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के 9 कोच को अब इसी चित्रकारी से खूबसूरत बनाया गया है। बिल्कुल नई  नवेली दुलहन की तरह सज-धज कर यह ट्रेन गुरुवार को दरभंगा से दिल्ली के लिए सुबह 8:25 पर रवाना हुई।

- Advertisement -

बता दें कि शुरुआत के तौर पर बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की 9 बोगियों को पिछले एक महीने से मधुबनी पेंटिग से सजाया जा रहा था। इन बोगियों को मधुबनी पेंटिग से सजाने के लिए 50 से अधिक महिला चित्रकार दिन-रात काम कर रही थीं।

हालांकि  इस ट्रेन में अभी और भी बोगियां हैं, जिन्हें अभी मधुबनी पेंटिंग से नहीं सजाया गया है, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि बहुत जल्द इस ट्रेन की सभी बोगियों को मधुबनी पेंटिग से सजा दिया जाएगा।

शुरुआत के तौर पर फिलहाल 9 बोगियों को मधुबनी पेंटिग से खूबसूरत बनाया गया है। गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से चल रही भारतीय रेल की बोगियां अक्सर लाल, नीले या हरे रंग की होती हैं, लेकिन अब रेलवे के अधिकारियों को लगा है कि ट्रेन में चलने वाले मुसाफिरों की यात्रा को और सुखद बनाने के लिए कुछ नयी कोशिश करने की जरूरत है। इसी क्रम में अब बोगियों को मधुबनी पेंटिग से सुसज्जित किया जा रहा है।

नए लुक में इस ट्रेन का उद्घाटन करने के लिए समस्तीपुर के डीआरएम रविंद्र कुमार जैन खुद मौजूद थे। वह भी इस ट्रेन में सफर कर रहे हैं। डीआरएम  ने बताया कि वैसे तो मधुबनी पेंटिग पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है, लेकिन देश में अब यह ट्रेन जिस रूट से भी गुजरेगी,  इसका और प्रचार-प्रसार होगा। डीआरएम ने बताया कि रेलवे की इस पहल से मधुबनी पेंटिग को देश में और बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ेंः शराबी पति से तंग महिला ने दो बच्चों को नदी में फेंक मार डाला

- Advertisement -