बिहार की जानने लायक खबरेंः एक ने फांसी लगाई, कहीं रुपये छीने

0
250
शिवहर में इंदिरा आवास सहायक ने जहां फांसी लगाई, वहां जांच के लिए जुटे अधिकारी
शिवहर में इंदिरा आवास सहायक ने जहां फांसी लगाई, वहां जांच के लिए जुटे अधिकारी

शिवहर में इंदिरा आवास सहायक ने लगाई फांसी, सारण के वासी थे 

 पटना। बिहार की जानने लायक खबरें। शिवहर में एक ने फांसी लगायी, सारण में कांरियों की वैन पलटी और खगड़िया में बैंक से पैसे निकाल जा रहे एक आदमी से 5 लाख की छिनतई हुई। बिहार के शिवहर जिले में इंदिरा आवास सहायक ने फांसी लगा कर जान दे दी। वह सारण जिले के भेल्दी का रहने वाला बताया जाता है। शिवहर जिले के पिपराढ़ी प्रखंड क्षेत्र के बसहैया के इंदिरा आवास सहायक ने कमरे के अंदर पंखे से झूल कर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है।

घटना की सूचना पर उप विकास आयुक्त मोहम्मद वारिस खान, एसडीपीओ राकेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी तौकीर हाशमी, पिपराढ़ी प्रखंड विकास पदाधिकारी अंकिता कुमारी, शिवहर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर श्रीकांत प्रसाद सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना का जायजा लिया तथा वीडियोग्राफी के सहारे किवाड़ को तोड़ कर शव को अपने कब्जे में लिया।

- Advertisement -

इस बाबत मकान मालिक अवध बिहारी महतो द्वारा शिवहर थाना एवं पुलिस अधीक्षक को दूरभाष पर सूचना दी गयी थी कि किराएदार  मोहम्मद मकसूद आलम सुबह से ही गेट का दरवाजा नहीं खोल रहा है। इस घटना की सूचना आग की तरह प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय रोड में फैल गई। लोग घटनास्थल तक पहुंचने लगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार छपरा जिले के मकेर थाना अंतर्गत भेल्दी गांव निवासी 27 वर्षीय मोहम्मद मकसूद आलम विगत 5 वर्षों से पिपराढ़ी प्रखंड के बसहिया शेख पंचायत में इंदिरा आवास सहायक पद पर कार्य कर रहे थे। वे स्वाभाव से काफी सरल इंसान थे।

उनके इंदिरा आवास सहायक सहकर्मियों ने घटनास्थल पर बताया कि वह काफी दिनों से प्रेशर में रहने की बात कर रहे थे तथा काम का अत्यधिक बोझ रहने के कारण कभी-कभी बेचैन भी रहते थे। घटनास्थल पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया है कि घटना की सूचना मिलने पर तुरंत वे घटनास्थल पहुंचे और जायजा लिया। शव को पंखे से झूलता पाया गया। घटना के कारण का पता किया जा रहा है। फिलहाल उन्होंने बताया है कि पुलिस अनुसंधान कर रही है। शीघ्र ही कारणों का पता लगा लिया जाएगा।

कांवरियों को ले जा रही पिकअप वैन पलटी, 1 की मौत, 10 घायल

छपरा। बिहार के सारण जिले के  रिविलगंज थाना क्षेत्र के देवरिया गांव के पास कांवरियों को लेकर जा रही पिकअप वैन पलट गयी। इसमें 1 की मौत हो गयी। 10 लोग घायल बताये जाते हैं। घटना मंगलवार को दिन के करीब 10 बजे की है। घायल कांलरियों को इलाज के लिए आस-पास के लोगों द्वारा छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में दो कांवरियों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।

इस घटना को लेकर सदर अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना की सूचना पाकर पुलिस घटना स्थल पहुंची। पुलिस ने वैन को जब्त कर लिया है। घायलों के परिजनों को पुलिस द्वारा घटना की सूचना दी गई। सभी कांवरिया देवघर बैद्यनाथ धाम से जलाभिषेक कर वापस लौट रहे थे और सभी सीवान जिले के रहने वाले हैं।

यह भी पढ़ेंः सारण के जवान ने मुजफ्फरपुर पुलिस लाइन में की खुदकुशी

घायलों में हसनपुरा थाना क्षेत्र के लहेजी गांव निवासी श्याम लाल साह के 22 वर्षीय पुत्र तूफानी साह, गौरी शंकर साह के पुत्र सतीश कुमार, लहेजी मठिया गांव निवासी इंद्रदेव यादव के 32 वर्षीय पुत्र अरविंद यादव, नथुनी साह के 22 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार, अखिलेश साह के पुत्र राजन साह, छपिया गांव निवासी राम प्रवेश साह के 19 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार, सुंदर साह के 18 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। सहाजन यादव के पुत्र दीनदयाल यादव, गोपालपुर गांव निवासी शिव बालक यादव के पुत्र रमेश यादव को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। घटना स्थल पर ही हसनपुरा थाना क्षेत्र के लहेजी गांव निवासी सुदामा साह के 35 वर्षीय पुत्र राजू साह की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

बैंक से पैसे निकाल लौट रहे थे, खगड़िया बदमाशों ने 5 लाख छीने

खगड़िया। बैंक से पैसे निकाल कर लौट रहे एक व्यक्ति से बदमाशों ने 5 लाख रुपये छीन लिये। घटना बिहार के खगड़िया जिले के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के पूरबी केबिन के समीप हुई। जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम बैंक से राशि निकाल कर बाजार की ओर जाने के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने रुपये से भरे थैले को छीन लिया और भाग निकले। घटना की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। चित्रगुप्त नगर थानाध्यक्ष प्रियरंजन ने बताया कि 5 लाख की छिनतई की सूचना मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः नालंदा में तालाब खोदते वक्त मिली अति प्राचीन मूर्तियां

- Advertisement -