दारू बंद हुई तो गांजा की ओर मुखातिब हुए बिहार के नशेड़ी

0
606

पटना। बिहार में दारू बंद होने के बाद गांजे की तस्करी जोरों से हो रही है। लोगों ने दारू का विकल्प तलाश लिया है। दो दिन पहले पटना में एक ट्रेन से गांजा की बड़ी खेप पकड़ी गयी थी। 18 जून को रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक गिट्टी-छड़ दुकानदार के घर पर छापामारी कर तहखाना से डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किया है। उसके घर से एक एकनाली बंदूक व स्कार्पियो भी बरामद कर लिया है। लम्बे अर्से बाद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि  उन्हे गुप्त सूचना मिली कि गिरधरपुर निवासी दशरथ सिंह लम्बे अर्से से गिट्टी-छड़ दुकान के नाम पर गांजा बेचने का धंधा करता है। पुलिस सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसके घर को चारो तरफ से घेर लिया। घर की गहन जांच-पड़ताल की गई। जांच-पड़ताल में उसके घर स्थित तहखाना से भारी मात्रा मे गांजा बरामद किया गया। साथ ही स्कार्पियो एवं एक एकनाली बंदूक भी बरामद की गई है। मौके से धंधेबाज दशरथ सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद गाजा को थाना परिसर मे तौला गया, जिसका वजन डेढ़ क्विंटल बताया गया। छापेमारी में भारी संख्या मे पुलिस बल मौजूद था।

- Advertisement -