झारखंड में कोरोना पॉजिटिव 3 और मिले, संख्या 41 पहुंची

0
131
कोरोना काल में ऐसी खबरें, जो भारत की ताकत का एहसास कराती हैं
कोरोना काल में ऐसी खबरें, जो भारत की ताकत का एहसास कराती हैं

रांची। झारखंड में कोरोना पॉजिटिव 3 और मरीज मिले हैं। इसके साथ ही झारखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 41 हो गयी है। रविवार को 3 और मामले मिले हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु लॉक डाउन का पालन अवश्य करें। सोशल डिस्टेन्सिंग के माध्यम से ही इस बीमारी के संक्रमण से बचा जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अभी तक  राज्य में 4,464 लोगों का कोविड-19 टेस्ट लिया गया है, जिनमें से 41 पॉजिटिव पाए गये एवं 3,494 लोगों का टेस्ट नेगेटिव आया है। वहीं 936 लोगों के टेस्ट के रिजल्ट की अभी प्रतीक्षा है। पॉजिटिव पाए गए लोगों मे 9 बोकारो, 2 हज़ारीबाग़, 1 गिरिडीह, 1 कोडरमा, 1 सिमडेगा, 2 धनबाद एवं 21 राँची के हैं। कोरोना से बचाव के लिए राज्य में 4,062 क्वॉरेंटाइन सेंटर कार्य कर रहे हैं, जिसमें 8,855 लोगों को क्वॉरेंटाइन किया जा रहा है, वहीं 97,418 लोग होम क्वॉरेंटाइन में रह रहे हैं। अभी तक 1,19,000 लोगों ने अपना क्वॉरेंटाइन पूरा कर लिया है।

- Advertisement -

राज्य में 6,660 दीदी किचेन से मिल रहा लोगों को खाना

लॉक डाउन के दौरान कोई राज्य में भूखा न रहे, इस हेतु विभिन्न योजनाओं के तहत लोगों तक भोजन और खाद्य सामग्री पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में मुख्यमंत्री दीदी किचन योजना बहुत ही कारगर सिद्ध हो रही है। इस योजना के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में 6,660 दीदी किचेन द्वारा पिछले 24 घंटे में 4,91,478 लोगों को खाना खिलाया गया है। दीदी किचेन द्वारा लोगों को पका हुआ गर्म भोजन खिलाया जाता है। भोजन देते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाता है। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा  लोगों तक विभिन्न योजनाओं के तहत  राशन एवं खाना पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा  प्राप्त आंकड़ो के अनुसार अब तक 1,73,803 लोगों तक अनाज पहुंचा दिया गया है। वहीं नन पीडीएस के तहत 2,13,316  लोगों तक अनाज उपलब्ध करा दिया गया है। दाल-भात की विभिन्न योजनाओं में अब तक 71,66,277 लोगों को खाना खिलाया गया है।

सरकार द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न राहत  कैम्पों में 1,81,899 प्रवासी मजदूरों को खाना खिलाया जा रहा है। एनजीओ एवं वॉलिंटियर्स की  872 टीमों द्वारा राज्य में विभिन्न जगहों पर 29,20,724 लोगों को खाना खिलाया गया है। साथ ही आकस्मिक राहत पैकेट का वितरण भी जरूरतमंदों के बीच किया जा रहा है। अबतक 46,180 लोगों तक विशेष राहत सामग्री के पैकेट पहुंचाये गए हैं।

राज्य सरकार प्रवासी मजदूरों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध

विश्वव्यापी  महामारी कोविड-19 के संक्रमण से देश में 3 मई तक चलने वाले लॉक डाउन की वजह से झारखंड राज्य के कई लोग राज्य के बाहर फंसे हुए हैं। राज्य सरकार उनकी सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। श्रम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक  झारखंड के बाहर अन्य राज्य एवं  केंद्र शासित प्रदेशों में 12,907 जगहों पर 6,12,805 प्रवासी मजदूरों के फंसे होने की जानकारी प्राप्त हुई है।  अब तक सरकार द्वारा 11,509 जगहों पर फंसे 4,65,684 मजदूरों के खाने एवं रहने की व्यवस्था की गयी है। सभी लोगों के संबंध में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उन तक आवश्यक मदद पहुंचाई जा सके।

यह भी पढ़ेंः कोरोना के बहाने झारखंड में सामाजिक समरसता बिगड़ने नहीं देंगेः हेमंत

- Advertisement -