JOHAR JHARKHAND: मंत्री सीपी सिंह ने चलाया स्वच्छता अभियान

0
461

रांची। राज्य के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने शुक्रवार को राजधानी रांची के सैनिक मार्केट में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में नगर निगम और विभिन्न संगठनों के लोगों ने भाग लिया। मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि स्वच्छता अभियान में हर व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने से कई बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

निर्बाध बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह

रांची। रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को विद्युत प्रबंधक से मुलाकात की और पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। बिजली विभाग की ओर से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया गया। इसके लिए सभी पूजा समितियों से विधिवत रूप से कनेक्शन लेने का आग्रह किया गया।

- Advertisement -

पारा शिक्षकों का मानदेय सीधे बैंक खाते में जमा होगा

रांची। राज्य के करीब 69 हजार पारा शिक्षकों को अब मानदेय सीधे उनके बैंक खाते में दिया जायेगा। दुर्गा पूजा से पहले उन्हें एक महीने का मानदेय दे दिया जायेगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से समग्र शिक्षा की पहली किस्त के रूप में 189 करोड़ रुपये राज्य को उपलब्ध कराये गये हैं। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद- जेईपीसी ने सभी जिलों से पारा शिक्षकों के नाम, बैंक खाता संख्या और बैंक का नाम उपलब्ध कराने को कहा है।

सड़क सुरक्षा समिति के मैनेजर व अभियंता ने निरीक्षण किया

रांची। रांची जिला सड़क सुरक्षा समिति के मैनेजर निशांत रौशन तथा अभियंता द्वारा शुक्रवार को बूटी मोड़ से विकास विद्यालय तक की सड़क का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस क्रम में खेलगांव मोड़ का भी निरीक्षण किया गया। अभी हाल के दिनों में खेलगांव क्षेत्र में कई सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। विदित है कि खेलगांव चिन्हित ब्लैकस्पॉट है। इस क्षेत्र में रम्बल स्ट्रिप तथा साइनेज लगाने का निर्णय लिया गया। इस मार्ग में बीएसएनएल प्रशिक्षण संस्थान के समीप निमार्णाधीन पुल का जायजा लिया गया। इस दौरान कई स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए तथा ओवर स्पीडिंग रोकने के लिए कई स्थान पर रम्बल स्ट्रिप बनाने का निर्णय लिया गया।

ट्रेन में शराब की बोतल के साथ गिरफ्तार 

रांची। रांची रेलवे स्टेशन से आरपीएफ की टीम ने शुक्रवार को एक युवक को शराब की बोतल के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक बिहार के पटना का रहने वाला था और वह रांची से ट्रेन पर लाद कर शराब की बोतलों को बिहार ले जाने का काम करता था।

स्कूटी के साथ नाले में गिरा, अस्पताल में भर्ती

रांची। राजधानी रांची के कोर्ट रोड स्थित तिरुपति बालाजी प्रतिष्ठान के निकट शुक्रवार को एक व्यक्ति स्कूटी के साथ नाले में जा गिरा। बाद में मौके पर किशोर कुमार, साहेब बसीर, हिमांशु लोहिया और रिक्शावालों की मदद से उसे बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हादसे में स्कूटी सवार बुरी तरह से घायल हो गया। बताया गया है कि नाला इतना गहरा था कि घायल के उसमें डूब जाने का खतरा था।

बछेंद्री पाल मिशन गंगा अभियान में होंगी शामिल

रांची। पर्वतारोही बछेंद्री पाल के नेतृत्व में टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के तत्वावधान में पांच अक्टूबर से मिशन गंगा की शुरूआत की जायेगी। इस 40 सदस्यीय टीम में माउंड एवरेस्ट पर चढ़ने वाली प्रथम भारतीय महिला बछेंद्री पाल के साथ प्रेमलता अग्रवाल भी शामिल होंगी। टीम के सदस्य पांच अक्टूबर को हरिद्वार से मिशन गंगा अभियान की शुरूआत करेंगे, यह अभियान 24 अक्टूबर को पटना में समाप्त होगा।

5 रेलकर्मी सेवानिवृत्त, सेटेलमेंट पेमेंट व फेयरवेल

रांची। रांची रेल मंडल में सितंबर महीने में पांच रेलकर्मी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इन रेलकर्मियों को शुक्रवार को मंडल कार्मिक अधिकारी की ओर से सेटेलमेंट पेमेंट और फेयरवेल दिया गया। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में आग्स्टीन तिर्की, मिचेल बारला, महिमोय दत्ता, कल्याणी बंद्योपाध्याय और विश्राम लकड़ा शामिल हैं। ये सभी अधिकारी रेलसेवा से सेवानिवृत्त हो गये। रेलवे की तरफ से मंडल कार्मिक अधिकारी रांची की ओर से उन्हें फेयरवेल दिया गया। इसका संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी ने किया। इस अवसर पर सहायक कार्मिक अधिकारी एवं मंडल वित्त प्रबंधक मौजूद थे। मेंस यूनियन सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और उनके परिवार के आगे की जिंदगी सुखमय होने की कामना की।

यह भी पढ़ेंः झारखंड में अधिकतर दवा दुकानें बंद, मरीजों को हुई परेशानी

- Advertisement -