बाढ़ के पानी में डूबने से 2 बच्चों की मौत, इनमें 1 लड़का, 1 लड़की

0
1009

कटिहार। बरारी प्रखंड में गंगा नदी के पानी में डूबने से एक बच्चा और एक बच्ची की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे खेल-खेल में गहरे पानी में चले गए, जिससे डूब कर उनकी मौत हो गयी। दोनों बच्चों में एक की उम्र 8 साल, जबकि बच्ची की उम्र 9 साल बताई जा रही है। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिये गये। घटना बरारी प्रखंड के उत्तरी भण्डारताल पंचायत के हरीशपुर गाँव की है। बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान डबने से मृत बच्चों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी भंडारतल पंचायत के हरीशपुर गांव के  मो. तबारक की 8 वर्षीय बेटी नसरिम खातून उर्फ पुती एवं मो. हकीम का 7 वर्षीय पुत्र दुलाल पास के ही हरीशपुर स्कूल  के दक्षिण में गंगा के बाढ़ के पानी में नहाने के लिए गांव के कुछ बच्चों के साथ गये हुए थे। इसी क्रम में दोनों के पैर फिसलने से गहरे पानी में चले जाने से डूब कर उनकी मौत हो गयी।

- Advertisement -

मो. तबारक को 2 लड़के एवं 3 लड़कियां हैं। इनमें एक लड़की की मौत आज बाढ़ के पानी में डूबने से हो गई है। वहीं मो. हकीम को 2 लड़के और 1 लड़की हैं। इनमें एक लड़के की मौत आज बाढ़ के पानी में नहाने के क्रम में हो गई है।

पंचायत के सरपंच खगेश कुमार यादव ने बताया कि  गांव में इस घटना से सन्नाटा पसरा हुआ है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले सोमवार को इन दोनों के दादा मो. मानिक का इंतकाल हुआ है और आज एक साथ दोनों बच्चों की मौत से पूरे परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट गया है। घटना काफी दुःखद है। लोगों को बाढ़ के समय जागरूक होना होगा कि बाढ़ में बच्चे इधर उधर न निकलें। प्रशासन को बाढ़ के पानी को रोकने की कोई ठोस व्यवस्था करनी होगी। हर वर्ष बाढ़ के समय कोई न कोई अनहोनी घटती रहती है।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अंचल अंचल पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार एवं अंचल निरीक्षक मृत्युंजय कुमार पहुँचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। सीओ ने बताया कि पीड़ित परिवार के द्वारा दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही गयी है। इस वजह से परिवार को मुआवजा नहीं मिल सकता है।

यह भी पढ़ेंः बेगूसराय जिले की तीन पंचायतों में बाढ़ ने बरपाया कहर

- Advertisement -