साले ने बहनोई को मारी गोली, पुलिस ने पूछताछ के लिए 2 को उठाया

0
186

बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के नरूलापुर गांव निवासी बद्री रजक के पुत्र राकेश रजक (26 वर्ष) को उसके सहोदर भाई अमरजीत रजक के अपने साले ने गोली मारकर जख्मी कर दिया। घटना शुक्रवार देर रात की है। राकेश रजक छाती में एक गोली लगने के बाद जमीन पर बेहोश होकर गिर गया। उसे परिजनों ने तुरंत उठा कर इलाज के लिए बेगूसराय शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया।

उसकी छाती से गोली निकालने के बाद अब वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। घटना का मुख्य कारण अमरजीत रजक की पत्नी और राकेश रजक की पत्नी के साथ बराबर झगड़ा होना बताया जाता है। अमरजीत रजत और उसकी पत्नी ने मिलकर राकेश की पत्नी को पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस घटना को लेकर राकेश रजक की पत्नी ने उसे मुंबई से घर बुलाया था।

- Advertisement -

राकेश रजक मुंबई में और उसका सहोदर भाई अमरजीत रजक कोलकाता में मजदूरी का काम करते हैं। शुक्रवार की देर शाम लगभग 9:30 बजे रात में राकेश रजक ने मुंबई से घर पहुंचने के बाद अपने भाई-भौजाई से झगड़ा के बारे में पूछताछ शुरू की। उसके बाद विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ गया। उसकी अपने भाई के साथ भी मारपीट हो गयी। इस घटना की जानकारी अमरजीत रजक की पत्नी ने अपने चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के खांजहांपुर गांव निवासी सहोदर भाई को मुकेश रजक को दी। उसके भाई मुकेश रजक अपने गुर्गों के साथ नुरुलापुर गांव देर रात हथियार के साथ पहुंचा। उसने राकेश रजक के ऊपर गोली चला दी। गोली राकेश रजक  के सीने में लग गई। जिसके कारण वह बेहोश  होकर जमीन पर गिर गया। उसके बाद वह हवाई फायर करते हुए घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की जानकारी घर के परिवार वालों  द्वारा खोदावंदपुर थाना अध्यक्ष रंजन कुमार को दी गई। थाना अध्यक्ष रंजन कुमार अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर आये और घटनास्थल से दो संदिग्ध व्यक्ति को शक के आघार पर पकड़कर थाना ले गये। उन दोनों व्यक्तियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़ेंः बेटी-दामाद का झगड़ा छुड़ाने आई सास को दामाद ने गोली मारी

इस संबंध में पूछने पर थानाध्यक्ष रंजन कुमार  ने बताया कि राकेश रजक, जिसे गोली लगी है, का फर्द बयान अभी तक नहीं लिया गया है। फर्द बयान लेने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर  सभी नामजद अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

- Advertisement -