सारण में एक बाइक सवार मरा, नवब्याहता का शव मिला

0
95

छपरा। बाइक दुर्घटना में फिर परसा में एक युवक की मौत हो गयी तथा एक गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया। घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि परसा-परसौना मुख्य पथ पर दरियापुर थाना क्षेत्र के सैदपुर सतुआरा विद्यालय के समीप गत गुरुवार की मध्यरात्रि में अपाची बाइक पर सवार दो युवक  बरात जा रहे थे। तभी अनियंत्रित किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गये। जिससे बाइक पर सवार एक युवक की घटना स्थल पर मौत हो गयी, जबकि एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। मृतक युवक गड़खा थाना क्षेत्र के कदना गाँव निवासी रामाशंकर सिंह का पुत्र धनंजय कुमार, जबकि घायल युवक ललन सिंह का पुत्र लालू कुमार के रूप में पहचाने गये।

स्थानीय लोगो के सहयोग से घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहाँ चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के उपरान्त गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर उपचार के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परसा थाना में कार्यरत एसआई विजय कुमार मिश्रा ने घटना स्थल पहुँच घटना की जानकारी ली। शव को कब्जे में कर दरियापुर पुलिस को सौप दिया।

- Advertisement -

मालूम हो कि बरात जाने के क्रम में हरपुर परसा में गत 4 जुलाई को बाइक दुर्घटना में परसौना गाँव के दो युवकों की मौत हो गयी थी।

भेल्दी नदी से नवविवाहिता महिला का शव बरामदः सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के भेल्दी गांव में एक नवविवाहिता की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया था, जो शुक्रवार को भेल्दी नदी से बरामद किया गया। इस मामले में गुरुवार को मृतका के भाई व परसा थाना क्षेत्र के मारड़ गांव निवासी मुंशी साह के पुत्र राकेश कुमार ने प्राथमिकी दर्ज करायी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलने के बाद छापेमारी की गयी तो, घर वाले घर छोड़ कर फरार थे और शुक्रवार को नदी से शव बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि संतोष साह की पत्नी प्रियंका देवी की हत्या कर शव गायब करने का प्रयास किया गया था। वह परसा थाना क्षेत्र के मारड़ गांव निवासी मुंशी साह की पुत्री है। प्रियंका की शादी फरवरी 2016 में हुई थी।

- Advertisement -