रांची में कोरोना का हाट स्पाट बन गया है हिंदपीढ़ी का इलाका

0
174
रांची का हिंदपीढ़ी इलाका कोरोना का हाट स्पाट बन गया है। सात मरीज वहां पॉजिटिव पाये गये हैं। देश भर में पॉजिटिव 5734 हो गये हैं। प्रशासन ने दी जानकारी
रांची का हिंदपीढ़ी इलाका कोरोना का हाट स्पाट बन गया है। सात मरीज वहां पॉजिटिव पाये गये हैं। देश भर में पॉजिटिव 5734 हो गये हैं। प्रशासन ने दी जानकारी

DELHI/ PATNA/ RANCHI : रांची का हिंदपीढ़ी इलाका कोरोना का हाट स्पाट बन गया है। सात मरीज वहां पॉजिटिव पाये गये हैं। देश भर में पॉजिटिव 5734 हो गये हैं। अब तक देशभर में 166 मौतें हुई हैं। 473 लोग ठीक हुए हैं। ठीक हुए लोग अस्पताल से  डिस्चार्ज हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में 549 नए मामले सामने आए हैं और 17 मौतें हुई हैं। यह जानकारी  स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने नियमित बिरीफिंग में दी। इस बीच ओडिशा ने लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केंद्र से 30 अप्रैल तक ट्रेन और हवाई सेवा शुरू नहीं करने का आग्रह किया है। राज्य में शैक्षणिक संस्थान 17 जून तक बंद रहेंगे। इधर रांची उपायुक्त ने बताया कि रांची में कोरोना के 7 मरीज अब तक मिले हैं। इनमें 6 मामले एक ही परिवार के हैं। हिंदपीढ़ी एरिया को और अगले 72 घंटे के लिए सील किया गया है। राज्यभर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या दो दर्जन को पार कर चुकी है।

हेमंत कल विधायकोंसांसदों से करेंगे बात

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार 10 अप्रैल 2020 को अपराह्न 3 बजे राज्य के सभी विधायकों एवं सांसदों  के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से  मुख़ातिब होंगे। मुख्यमंत्री वर्तमान में कोविड-19 से राज्य में उत्पन्न संकट पर चर्चा करेंगे। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों को निदेश दिया है कि जिले के झारनेट सेंटर पर इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को सुनिश्चित करायें। साथ ही इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का सही से पालन करने का उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है।

- Advertisement -

हिंदपीढ़ी क्षेत्र अगले 72 घंटे के लिए सील

रांची के हिंदपीढी क्षेत्र से कोरोनावायरस के नए मामले सामने आने के बाद रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची अनीश गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर लोकेश मिश्रा और सिविल सर्जन, रांची बीवी प्रसाद के साथ संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कोरोना पॉजिटिव के आए मामलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। रांची में 7 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। इनमें 6 लोग एक ही परिवार के हैं। 5 नए कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं। इन सभी व्यक्तियों को रिम्स के आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है। जो नए पांच मामले कोरोना पॉजिटिव के आए हैं, उनकी कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा चुकी है और जो भी उनके संपर्क में आए हैं, उनकी सैंपलिंग का कार्य किया जा रहा है।

उपायुक्त ने लोगों से एक बार फिर से अपील की है कि अगर उनमें कोरोना के लक्षण दिख रहे हैं तो वे खुद जांच के लिए जिला प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जितनी सैंपलिंग होगी, संक्रमण से उतना ही बचाव होगा। कोरोना के लक्षण पाए जाने पर 1950 नंबर पर सूचित करें, ताकि जांच कराई जा सके। उन्होंने लोगों से कहा कि घर में रहें, लॉक डाउन का पालन करें और सुरक्षित रहें। साथ ही बताया कि लोगों तक विभिन्न हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ होगी FIR

हिंदपीढ़ी का इलाका सील कर दिया गया है। वार्ड नंबर 21, 22 और 23 में निषेधाज्ञा पहले से ही लागू है। पूरे इलाके को 72 घंटे के लिए फिर से सील कर दिया गया है। आज सुबह 10 बजे से ही अगले 72 घंटे के लिए इलाके को सील कर दिया गया है। किसी भी व्यक्ति के बाहर निकलने पर पूर्णतया रोक है। आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन से 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। यातायात भी पूरी तरह से बंद रहेगा। बिना कारण घर से बाहर निकलने पर कार्रवाई की जाएगी। पूरे क्षेत्र में पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि लोग अपने घरों से बाहर न निकलें। आवश्यक वस्तुओं के लिए वॉलिंटियर्स की प्रतिनियुक्ति की गई है। हिंदपीढी क्षेत्र में इन वॉलिंटियर्स के माध्यम से ही आवश्यक वस्तुएं लोगों के घर तक पहुंचाई जा रही हैं।

रांची के हिंदपीढ़ी इलाके की ड्रोन से निगरानी

वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता ने बताया कि हिंदपीढ़ी इलाके में आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से पाबंदी है। मेडिकल इमरजेंसी, आवश्यक वस्तु की जरूरत होने पर जिला प्रशासन या वॉलिंटियर्स से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पूरे इलाके की निगरानी 4 ड्रोन कैमरे से की जा रही है। श्री अनीश गुप्ता ने कहा कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लॉक डॉन के उल्लंघन करने के मामले में अब तक 70 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।

बिहार में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 50 पार

पटना से मिली सूचना के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 51 हो गयी है। इनमें सर्वाधिक लोग सीवान के हैं। वहां इनकी संख्या 19 बतायी जा रही है। एक ही परिवार के आधा दर्जन लोग हैं। इसके साथ ही बिहार में भी हाट स्पाट की शिनाक्त शुरू हो गयी है। इस क्रम में पटना से बेगूसराय जाने वाले रास्ते को सील कर दिया गया है। सीवान को भी सील करने के निर्णय हुआ है। इसके लिए पुलिस फोर्स को भेजा गया है।

यह भी पढ़ेंः झारखंड में कोरोना के हालात की गवर्नर द्रौपदी मुर्मू ने समीक्षा की

- Advertisement -