रक्षा बंधन के बाद इन राशियों के जातकों को होगा धनलाभ

0
442

पटना। पंडित राकेश झा शास्त्री के मुताबिक रक्षाबंधन (26 अगस्त) के बाद 27 अगस्त दिन सोमवार को भाद्रपद मास कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शौर्य, साहस, बल, पराक्रम, आत्मविश्वास प्रदान करने वाला ग्रह मंगल संध्या 7:36 बजे से मार्गी हो रहा हैI  27 जून से मंगल शनि की राशि एवं स्वयं के उच्च राशि मकर में वक्री हो गए थे। जिस कारण पिछले 62 दिनों में प्राकृतिक आपदा, वाद-विवाद, बाढ़, आगजनी जैसी समस्याओं में बढ़ोतरी हो गयी थीI

यह भी पढ़ेंः सात्विक बंधन ही सही अर्थ में रक्षा बंधन हैः श्रीश्री रविशंकर

- Advertisement -

अब मंगल के मार्गी होने से इन समस्याओं से राहत मिलेगीI मंगल ग्रह के गोचर काल का अपनी उच्च राशि मकर में होने से लोगों को राहत मिलेगीI इनके रुके हुए कार्यो को भी अच्छी गति मिलेगीI

लाभ में रहेगा व्यापारी वर्गः शास्त्री ने कहा कि मंगल ग्रह अपनी उच्च राशि मकर में गोचर करेगाI इससे व्यापार, भूमि-भवन, अचल सम्पत्ति तथा भवन निर्माण सामग्री जैसे कार्यो में लगे लोगों की खूब उन्नति होगीI मंगल के मार्गी होने से कुछ राशियों पर इसका अनुकूल प्रभाव पड़ेगा और साथ-साथ व्यापार के क्षेत्र में भी बढ़ोतरी होंगीI

शुक्र करेंगे तुला राशि में प्रवेशः पंडित राकेश झा ने बताया कि ग्रहों के अनुकूल होने से खुशियां आएंगीI  मंगल ग्रह के मार्गी होने के साथ तुला राशि में देव गुरु बृहस्पति, दैत्य गुरु शुक्र की युति शंख योग बनाएगीI ज्योतिष में यह युति बेहद शुभ मानी जाती हैI  दोनों ग्रहों की युति साल में एक बार ही होती हैI  इन दोनों ग्रहों की युति से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक प्रभाव दिखेंगेI शुक्र 1 सितंबर से 1 जनवरी 2019 तक तुला राशि में रहेंगेI बृहस्पति भी 11 अक्टूबर तक तुला राशि में ही रहेंगेI

मेषः मेष राशि के स्वामी मंगल हैं, जो अब तक वक्री चाल चल रहे थे। जिसकी वजह से इस राशि वालों के लिए परेशानियां बनी हुई थीं, लेकिन अब मंगल के मार्गी होने के कारण आपकी राशि को लाभ मिलेगा। रुके हुए कार्य इस दौरान पूरे हो जाएंगे। यदि आपने कोई आर्थिक योजना बना रखी है तो वह इस समय में पूरी होगी। संपत्ति खरीदने के योग बन रहे हैं। नौकरी-पेशा लोगों के लिए यह समय अत्यधिक शुभ रहने वाला है। आपको तरक्की मिलेगी।

वृषः मंगल के मार्गी होने की वजह से वृष राशि वालों का ज्यादा समय भक्ति और अध्यात्म में व्यतीत होगा। आप अंदर से सकारात्मक महसूस करेंगे। यदि अभी तक आपको असफलता मिल रही है तो यह समय प्रत्येक क्षेत्र में आपको तरक्की दिलाने वाला साबित होगा। रुके हुए सभी कार्य पूर्ण होंगे। धन-संपदा में वृद्धि होगी। मंगल की ये सीधी चाल आपको धन लाभ भी करवाएगी। आपके क्रोधी स्वभाव के कारण जो भी रिश्ते दूर हो गए थे, वे वापस मिलने के योग बन रहे हैं।

मिथुनः इस राशि के जातकों के लिए मंगल की ये चाल शुभ साबित होगी। जिन लोगों की नौकरी किसी कारणवश छूट गई थी या जो नौकरी की तलाश में हैं, उन्हें उम्मीद से ज्यादा अच्छी नौकरी मिलने वाली है। वाहन खरीदने के भी प्रबल योग बन रहे हैं। आर्थिक परेशानियों से छुटकारा मिलेगा। साथ ही पारिवारिक जीवन में भी खुशहाली आएगी।

कर्कः कर्क राशि वालों के लिए पारिवारिक और दांपत्य जीवन काफी अच्छा रहने वाला है। जीवन साथी से लंबे वक्त से चला आ रहा विवाद खत्म होगा। यदि आप कोई नया कार्य आरंभ करने वाले हैं तो जीवन साथी की राय जरूर लें। आर्थिक लाभ के लिए किसी का दिल न दुखाएं। मंगल के प्रभाव से नये प्रेम संबंध बनेंगे। कार्य-व्यवसाय में लाभ मिलेगा।

सिंहः सिंह राशि के जातकों को स्वास्थ में लाभ मिलेगा। आपका धन काफी लंबे वक्त से बीमारियों के इलाज में खर्च हो रहा था, लेकिन मंगल के मार्गी होने के कारण अब इससे आपको छुटकारा मिलेगा। सहकर्मियों से चल रहा मनमुटाव समाप्त होगा। व्यापारियों के लिए शुभ फल प्राप्ति के योग हैं। व्यापार में हो रहे घाटे में कमी आएगी। शत्रु इस दौरान आपके आगे सिर नहीं उठा पाएंगे। यदि आप नौकरी करते हैं तो प्रमोशन या स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं।

कन्याः मंगल की ये चाल आपके लिए शुभ साबित होने वाली है। 27 अगस्त के बाद आपको कई क्षेत्रों में लाभ मिलने वाला है। जीवन साथी से प्रेम संबंधों में इजाफा होगा। संतान पक्ष के साथ आपके रिश्ते सुधरेंगे और मजबूत बनेंगे। आर्थिक और भौतिक सुखों की प्राप्ति होगी। कहीं यात्रा पर जा सकते हैं। आप फिजूलखर्ची पर लगाम लगाएंगे और धन संचय की ओर कदम बढ़ाएंगे।

तुलाः इस राशि के चौथे भाव, जो कि सुख स्थान होता है, में मंगल मार्गी हो रहे हैं। इस राशि में देवगुरु बृहस्पति और शुक्र की युति शंख योग बनाएगी। यह अत्यंत शुभ मानी जाती है। दोनों ग्रहों की युति साल में एक बार ही बनती है। ये परिवर्तन इस राशि के जातकों के लिए अत्यधिक लाभदायी रहेगा। आर्थिक मामलों में आपको जमकर लाभ होने वाला है। भौतिक सुख-साधनों की प्राप्ति के भी योग बन रहे हैं। लॉटरी, प्रॉपर्टी और शेयर मार्केट से आपको धनलाभ होने के योग हैं। यदि आप किसी बिजनेस की प्लानिंग कर रहे हैं तो वह इस समय में फलित होगी।

वृश्चिकः इस राशि वालों का स्वामी भी मंगल है, अत: ये परिवर्तन आपको लाभ देने वाला साबित होगा। यदि आपने अभी तक अपना मकान नहीं लिया है तो इस दौरान आप खुद का घर खरीद सकते हैं। नया वाहन भी घर में आ सकता है। कृषि कार्यों से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा, युवाओं को नई नौकरी मिलने के योग हैं।

धनुः इस राशि के जातक धन संचय कर पाएंगे। आर्थिक स्थिति बेहतर बनेगी। याद रहे कि इस दौरान आर्थिक मामलों में आपके करीबियों से आपका झगड़ा हो सकता है, इसलिए सतर्कता के साथ काम करें। किसी को पैसा उधार देने से पहले जांच परख लें। संतान पक्ष पर पैसा खर्च हो सकता है।

मकरः मंगल का मार्गी होना आपके लिए सुख सुविधाएं लेकर आएगा। इसकी वजह से आप शारीरिक रूप से मजबूत बनेंगे तथा आपको बीमारियों से मुक्ति मिलेगी। धन का संग्रहण होगा। इस दौरान आपके व्यक्तित्व में ऐसा आकर्षण पैदा होगा कि आप अपनी मर्जी अनुसार कार्य करवा पाएंगे। कार्यस्थल पर आपके अधीन कार्य करने वाले आपको पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।

कुंभः आपके अनावश्यक खर्चों पर अब लगाम लगने वाली है। मंगल आपको धनलाभ करवाएगा। पैसों की बचत कर पाएंगे। नौकरी पेशा लोगों के लिए समय अच्छा रहने वाला है। संपत्ति खरीद सकते हैं। पैतृक संपत्ति की वजह से जो भी विवाद चल रहा है, वह खत्म होने के योग हैं। प्रेम संबंध अच्छे रहेंगे।

मीनः इस राशि के लोगों की आय के साधनों में वृद्धि हो सकती है। एक से अधिक स्रोत से पैसा आ सकता है। यानी अचानक धन लाभ भी हो सकता है। परिवार के लोग आपको मान-सम्मान देंगे। उधार दिया हुआ पैसा इस वक्त में वापस मिल सकता है।

- Advertisement -