जदयू के दिवंगत कार्यकर्ता के मढ़ौरा स्थित घर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश

0
110

छपरा। जदयू के समर्पित कार्यकर्ता दिवंगत राजेंद्र सिंह के घर पहुंच कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनकी याद में उन्होंने आम का फलदार वृक्ष भी लगाया। इसके उपरांत शोक संतप्त परिवार को सांत्वना प्रदान करते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

मालूम हो कि प्रखंड जदयू के पूर्व मढ़ौरा प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र सिंह का निधन लंबी बीमारी के कारण हो गया।  13 अगस्त को आयोजित श्राद्ध कर्म में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री आने वाले थे, लेकिन स्वसुर के निधन हो जाने के कारण मुख्यमंत्री श्राद्धकर्म में शामिल नहीं हो सके। मुख्यमंत्री का प्रतिनिधि बनकर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने राजेंद्र सिंह के श्राद्धकर्म में भाग लिया और उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उसी दिन मुख्यमंत्री का पैगाम दिवंगत राजेंद्र सिंह के पुत्र एवं जदयू के प्रखंड अध्यक्ष गामा सिंह को मिला कि 17 अगस्त के बाद मुख्यमंत्री आयेंगे।

- Advertisement -

समता पार्टी के कार्यकाल से ही मुख्यमंत्री के करीबी रहे राजेंद्र सिंह जदयू के गठन के समय से ही मढ़ौरा प्रखंड के अध्यक्ष के पद पर वर्ष 2014 तक बने रहे और गरीबों की आवाज बुलंद करते रहे। अस्वस्थता के कारण जदयू के प्रखंड अध्यक्ष पद की कमान अपने पुत्र गामा सिंह के कंधे पर दे दिया और उनका मार्गदर्शन करते रहे। गंभीर रूप से अस्वस्थ रहते हुए भी गरीब गुरबों की वह आवाज बने रहे। यही वजह है कि राजेंद्र बाबू मुख्यमंत्री के काफी करीबी बने।

राजेंद्र सिंह की बीमारी की खबर सुनकर मुख्यमंत्री पांच माह पूर्व उनके घर पहुंचे थे और उनका हालचाल जाना था। उस समय भी वयोवृद्ध राजेंद्र बाबू ने अपने पुराने सहयोगी को मदद करते रहने का आश्वासन दिया था।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुबह से ही मढ़ौरा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। धेनुकी चौक से लेकर राजेंद्र सिंह के मकान तक के सड़क मार्ग को सुरक्षा घेरे में लिया गया था। सड़क मार्ग को सील कर दिया गया था। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। मुख्यमंत्री पटना से सड़क मार्ग से धेनुकी पहुंचे और लगभग 15 मिनट तक राजेंद्र सिंह के घर पर रुके। उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात उनकी याद में फलदार वृक्ष लगाया। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए पुनः सड़क मार्ग से पटना के लिए वापस हो गये। उनके सुरक्षा घेरे में एसएसजी के कमांडो, एसआरएएफ, एसएएफ, सीआईडी, आईबी सहित बिहार पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया था। डीएम सु्ब्रत कुमार सेन, एसपी हर किशोर राय, एसडीओ विनोद कुमार, डीएसपी सहित जिला एवं प्रदेश स्तर के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री की अगुवाई में जदयू के वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र प्रताप सिंह, वैद्यनाथ सिंह विकल, कामेश्वर सिंह, विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, जिला अध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू, जिला परिषद के अध्यक्ष मीना अरुण, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राकेश कुमार सिंह, नागेंद्र यादव, मुन्ना लाल गुप्ता, पूर्व विधायक मंटू सिंह, छोटे लाल राय सहित कई कार्यकर्ता और राजनेता सम्मिलित रहे।

- Advertisement -