कुलदीप नैयर के निधन पर नीतीश ने गहरी शोक संवेदना जतायी

0
106

पटना। वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। सोशल मीडिया पर गुरुवार का दिन नैयर साहब के नाम ही लोगों ने समर्पित कर दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि कुलदीप नैयर जिंदगी के आखिरी समय तक लेखनी और पत्रकारिता से जुड़े रहे।

उन्होंने कहा कि 1990 में उन्हें (नैयर) ग्रेट ब्रिटेन में उच्चायुक्त नियुक्त किया गया। 1997 में बेहतर लेखनी के लिए उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया। आपातकाल के दौरान सरकार के खिलाफ लेख लिखने के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा। उनके निधन से न केवल साहित्यजगत में, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी अपूरणीय क्षति हुई है।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों, अनुयायियों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

अश्विनी चौबे ने जताया शोकः पत्रकारिता जगत के एक वरिष्ठ स्तंभ एवं वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर के निधन पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने शोक संवेदना प्रकट की है।

श्री चौबे ने अपने शोक संदेश में कहा कि कुलदीप नैयर पत्रकारिता में निडरता, तटस्थता और निष्पक्षता के एक उदाहरण थे, जिनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। नैयर उन चुनिंदा पत्रकारों में थे, जिन्होंने इमरजेंसी के दौरान अकल्पनीय कार्य किया। लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके द्वारा किये गए काम को ना सिर्फ पत्रकारिता जगत, बल्कि भारत का लोकतांत्रिक जगत हमेशा याद रखेगा। वैचारिक भिन्नता के बावजूद नैयर के विरोधी भी उनको हमेशा मान-सम्मान दिया करते थे। उन्होंने उनके निधन पर अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की है।

यह भी पढ़ेंः बिहार की टाप 10 खबरेंः सासाराम में लावारिस बैग में मिली पिस्तौल

- Advertisement -