अटल जी की प्रेरणा से नये भारत का हो रहा निर्माण: राजीव रंजन

0
164

पटना। अटल जी के विचारों से प्रेरित हो नए भारत के निर्माण में निरंतर लगे होने की बात कहते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता सह पूर्व विधायक राजीव रंजन ने कहा कि भारतीय राजनीति के अजातशत्रु कहे जाने वाले अटल जी की भारत को विश्वगुरु बनाने की नीति सर्वविदित है। भारत की संस्कृति को अक्षुण्ण रखते हुए एक नए भारत का निर्माण करना उनकी प्राथमिकताओं में सदैव शामिल रहा।

आज अटल जी की उन्हीं नीतियों से प्रेरित हो केंद्र सरकार एक नए भारत के निर्माण की तरफ पूरी गति से निरंतर कार्यरत है। अटल जी के जय जवान-जय किसान, जय विज्ञान के नारे से प्रेरित हो आज केंद्र सरकार भारत की ग्रामीण अर्थव्यस्था, रक्षा क्षेत्र तथा आधुनिक प्रधौगिकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम कर रही है, जिससे आज पूरी दुनिया में भारत की साख में हुई अप्रत्याशित बढ़ोतरी साफ़ देखी जा सकती है।

- Advertisement -

यह उनकी नीतियों का असर है कि आज किसानों के हित में बीज से बाजार तक फैसले लिए जा रहे हैं, जिनसे उनकी आय में सतत वृद्धि हो रही है। कोई नहीं भूल सकता कि जब पोखरण परमाणु के परीक्षण के बाद जब पूरी दुनिया ने भारत पर अनेक प्रतिबंध लगा दिए थे, तब कैसे अटल जी ने अपनी दूरदर्शिता और कुशल नीतियों से भारत को विकास पथ पर अनवरत बनाए रखा था। उस समय उनका कहना था किसुपर कंप्यूटर नहीं मिले, क्रायोजेनिक इंजन नहीं मिले तो परवाह नहीं, हम खुद उन्हें  बनाएंगे, और उन्होंने देश की प्रतिभा और वैज्ञानिक कुशलता के बल पर असंभव दिखने वाले इन कार्यों को संभव करके दिखाया भी। आज उनका रोपा वह बीज प्रधानमन्त्री मोदी जी के कार्यकाल में मेक इन इण्डिया अभियान बन चुका है, जिसके कारण आज भारत मोबाइल, ऑटोमोबाइल, मेडिसिन और रक्षा क्षेत्र के प्रमुख निर्माताओं में शुमार हो चुका है।

अटल जी कवि हृदय, भावुक मन के थे तो पराक्रमी सैनिक मन वाले भी थे, आज उनके इस गुण की छाप भी केंद्र सरकार के निर्णयों में स्पष्ट देखी जा सकती है। भारतीय सेना को सशक्त बनाने के लिए उन्होंने जो कार्य किए थे, उसे मौजूदा सरकार ने और आगे बढाया है, जिससे आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी सैन्य ताकत बन चुकी है।

इसके अलावा वैश्विक राजनीति में जैसी अटल जी की व्यापक स्वीकार्यता थी, आज वैसी ही स्वीकार्यता प्रधानमन्त्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी हासिल कर चुके हैं। आज केंद्र अटल जी के सपनों के अनुसार ही नए भारत का निर्माण करने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

यह भी पढ़ेंः करोड़ों लोगों के दिलों में अटल जी हमेशा अमर रहेंगेः राजीव रंजन

- Advertisement -