NITISH के संग नाश्ते पर बैठे SHAH, रात का खाना भी साथ

0
225

पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एक दिन के बिहार दौरे पर गुरुवार को पटना पहुंचे। कल वह रांची में थे। वहां से चार्टर्ड प्लेन से गुरुवार की सुबह वह पटना आये। पटना एयरपोर्ट पर शाह का स्वागत पार्टी नेताओं ने किया।

अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए भाजपा के नेता हाथों में फूल-गुलदस्ते लिए कतार में खड़े थे। अमित शाह एक-एक कर सभी के पास पहुंचे और उनका अभिवादन स्वीकार किया। शाह एयरपोर्ट से सीधे स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे। स्टेट गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मुलाकात के बाद उन्होंने वहीं नाश्ता किया। अमित शाह के लिये खास नाश्ता बनवाया गया था। बिहारी डिश से लेकर फल और छाछ तक शामिल थे। नाश्ता में पोहा, उपमा, सत्तू के पराठे, कचौरी, चना-तोरई की तरकारी, आलू की सब्ज़ी, मट्ठा, लस्सी था। सेव, पपीता, आम जैसे फल भी परोसे गये।

- Advertisement -

शाह आज पूरे दिन बूथ कार्यकर्ताओं से लेकर विस्तारकों तक के साथ बैठक करते रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया तो उन्हें जीतने के टिप्स भी दिये। शाह गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। वह स्टेट गेस्ट हाउस में भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। पार्टी कोर कमेटी व चुनाव कमेटी के साथ भी उनकी विशेष बैठक होगी।

मुख्यमंत्री के साथ रात्रिभोज में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पार्टी के बिहार प्रभारी भूपेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, कृषि मंत्री प्रेम कुमार, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय शामिल होंगे। जदयू की ओर से राष्ट्रीय महासचिव व सांसद आर.सी.पी. सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के अलावा ऊर्जामंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह रहेंगे।

अमित शाह सुबह 10 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। शाह एयरपोर्ट से सीधे राजकीय अतिथिशाला के लिए रवाना हो गए। शाह तकरीबन डेढ़ साल बाद पटना आये हैं।

नाश्ता करने के बाद अमित शाह ने सबसे पहले बापू सभागार में 11.30 से 12.30 बजे तक सोशल मीडिया विंग के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद अमित शाह ने ज्ञान भवन में 12.45 बजे से 1.45 बजे दोपहर तक विस्तारकों की बैठक में भाग लिया। ज्ञान भवन परिसर में ही दोपहर का भोजन भी किया। दोपहर ढाई बजे से 3.30 बजे तक शक्ति केंद्र प्रभारियों की बैठक बापू सभागार में होगी। इस बैठक के बाद अमित शाह राजकीय अतिथिशाला जाएंगे, जहां शाम 4 बजे से 7 बजे तक चुनाव तैयारी समिति की बैठक में भाग लेंगे।

दिन भर की बैठकों के बाद अमित शाह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ डिनर करेंगे। राजनीतिक जानकारों की मानें तो पूरे दिन पार्टी नेताओं से फीडबैक लेने के बाद सीएम नीतीश कुमार और अमित शाह के बीच सीटों पर बात हो सकती है। कुछ जानकारों का कहना है कि डिनर डिप्लोमेसी में सीट शेयरिंग को लेकर बहुत कुछ तय हो सकता है।

- Advertisement -