वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने गये स्वामी अग्निवेश से धक्कामुक्की

0
186

नयी दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश के साथ भाजपा समर्थकों के अभद्र आचरण का एक बार फिर दर्शन हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश के साथ शुक्रवार को भाजपा कार्यालय के पास कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की गयी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ लोगों को 79 वर्षीय अग्निवेश के साथ धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है।

- Advertisement -

अग्निवेश ने संवाददाताओं से कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने भाजपा मुख्यालय जाते समय उन पर हमला किया गया। करीब 20-30 भाजपा कार्यकर्ता आए और उन्हें घेरकर धक्का-मुक्की करने लगे। उनकी पगड़ी गिर गयी और उन्होंने उन्हें देशद्रोही कहना शुरू कर दिया। वह किसी तरह उनसे बच कर निकल पाये। कुछ ही दिन पहले झारखंड में भी अग्निवेश के साथ इसी तरह का सलूक किया गया था। उनके कपड़े फाड़ दिये गये और पगड़ी उतार ली गयी थी। लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया था। इस घटना को भी सोशल मीडिया पर खूब उछाला गया। पक्ष-विपक्ष में खूब टिप्पणियां की गयीं।

उन्होंने कहा कि उन लोगों (भाजपा समर्थकों) ने उन्हें विष्णु दिगंबर चौराहे की ओर धक्का देना शुरू कर दिया और उनके साथ गालीगलौच की। वहां कुछ पुलिस वाले खड़े थे, लेकिन कुछ महिलाओं समेत ये लोग हाथों में जूते चप्पल लेकर मुझे अपशब्द बोलते रहे।

स्वामी अग्निवेश ने दावा किया कि उन्होंने भाजपा कार्यालय जाने से पहले पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन को इसकी जानकारी दी थी। वह मारपीट के मामले में पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस ने अभी तक मुझसे संपर्क नहीं किया है। मैं पुलिस में शिकायत दर्ज कराउंगा। मुझ पर पहले भी हमला किया गया था और इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की गयी है। हिंसा और असहिष्णुता का माहौल है।’’

पिछले महीने ही झारखंड के पाकुड़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की थी।

यह भी पढ़ेंः अटल बिहारी वाजपेयी जी के 1942 में रोल की सत्यता 

(नोटइस खबर के साथ दिख रही तस्वीर झारखंड के पाकुड़ की है। दिल्ली की घटना इसी प्रकृति की है, इसलिए प्रतीकात्मक तौर पर इसे लगाया गया है)

- Advertisement -