बिहार की टाप 10 खबरेंः सासाराम में लावारिस बैग में मिली पिस्तौल

0
1126
  1. सासाराम में शेरशाह मकबरा कैंपस में लावारिस बैग में मिली पिस्तौलः सासाराम रोहतास ऐतिहासिक शेरशाह मकबरा परिषद से मिले एक बैग में हथियार बरामद होने पर सनसनी फैल गई। बरामद बैग में एक पिस्तौल, एक मोबाइल चार्जर बरामद किया गया है। पुरातत्व विभाग की सूचना पर गई मॉडल थाना की पुलिस ने उक्त सामान को जप्त कर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुरातत्व विभाग के संरक्षण सहायक नीरज कुमार ने बताया कि रविवार को एक व्यक्ति भ्रमण करने के लिए आया था और उसने कोक रूम पर अपना बैग जमा कराकर टोकन प्राप्त कर लिया, लेकिन वह व्यक्ति बैग लेने नहीं आया तो सोमवार की शाम बैग खोलकर देखा गया। अन्य सामान के साथ हथियार भी उसमें था। इसकी लिखित सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
  2. वैशाली में जंदाहा प्रखंड प्रमुख की हत्याः अपराधियों ने जंदाहा प्रमुख की गोली मार कर हत्या कर दी। इसकी खबर फैलते ही प्रखण्ड मुख्यालय पूरी तरह गर्म हो गया। प्रमुख मनीष सहनी की मौत से आक्रोशित लोगों ने तोड़ फोड़ शुरू कर दी। आक्रोशित लोगों ने थाना पर हमला कर दिया। पथराव के साथ अगजनी शुरू कर दी। पुलिस ने जबाबी करवाई में अंधाधुंध फायरिंग की। पुलिस ने लगभग एक सौ चक्र गोलियां चलाईं। सात लोगों को गोली लग गयी। पुलिस गोली से जख्मी गुलशन कुमार की मौत हो गयी। सभी घायलों को सदर अस्पताल हाजीपुर लाया गया, जहाँ घायलों की नाजुक हालत देख सभी को पीएमसीएच भेजा गया। जन्दाहा बाजार सहित आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। डीएसपी मालती कुमारी सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी क्षेत्र में पहुंच कर मामले की जांच में जुट गए हैं। साथ ही पूरे क्षेत्र में एक धारा 144 लागू कर दी गयी है। घायलों को देखने सदर अस्पताल में मुज़फ़्फ़रपुर के सांसद अजय निषाद, हाजीपुर सांसद प्रतिनिधि अवधेश प्रसाद सिंह पहुंचे। दोनों ने हत्या की निदा की है। साथ ही विधान पार्षद सुबोध कुमार, राजद  प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने प्रमुख की हत्या को ले सूबे की सरकार की की निंदा की है।
  3. मुजफ्फरपुर बाबा गरीब नाथ मंदिर में भगदड़, 15 कांवरिये घायलः मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध बाबा भोलेनाथ के गरीबनाथ मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी के दिन 4 बजे सुबह में कांवरियों की भीड़ बेकाबू हो गयी। यह भीड़ ओरिएंट क्लब के पास अनियंत्रित हो हुई। इस वजह से कांवरियों के बीच भगदड़ मच  गई। इस भगदड़ में 15 की संख्या में कांवरियों के घायल होने की सूचना है। उन्हें इलाज के लिए  मुखर्जी सेमेनार स्थित मिनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांवरियों के बीच मची इस भगदड़ के कारण आम गोला गुमटी के पास बैरीकेडिंग भी टूट गई।
  4. खगड़िया में गंगा में डूबने से किशोर की मौतः  खगड़िया : गंगा नदी मे तैर कर मवेशी का चारा लाने के लिए जा रहे एक किशोर की मौत गंगा नदी की तेज धारा में डूबकर सोमवार को हो गई। मृतक गोगरी थाना क्षेत्र के मीरगंज नवटोलिया गांव निवासी चंद्रशेखर सिंह का 16 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार बताया जाता है। वह गंगा नदी में तैर कर मवेशी का चारा लाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान नदी की तेज धारा में फंस कर बीच गंगा नदी में डूब गया
  5. सोमनाथ चटर्जी के निधन पर नीतीश ने शौक जतायाः मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने लोकसबा के पूर्व स्पीकर सोमनाथ चटर्जी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि वे 10 बार लोकसभा सांसद रहे। सोमनाथ चटर्जी उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्शों के लिए जाने जाते थे। अपने उत्कृष्ट राजनीतिक मूल्यों के कारण सोमनाथ चटर्जी आम सहमति से लोकसभा के अध्यक्ष बने। अध्यक्षीय कार्यकाल में सोमनाथ चटर्जी ने लोकसभा के शून्य काल का लाइव प्रसारण शुरू कराया। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं समर्थकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
  6. विजयकांत ठाकुर के निधन पर शोकः मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने माकपा के पूर्व राज्य सचिव एवं केन्द्रीय कमेटी सदस्य विजयकांत ठाकुर के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे किसानों, मजदूरों व गरीबों के सच्चे हितैशी थे और उनके हक के लिए हमेशा समर्पित रहते थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं समर्थकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
  7. नायपाल के निधन पर शोकः भारतीय मूल के ब्रिटिश लेखक और नोबेल पुरस्कार विजेता विद्याधर सूरज प्रसाद नायपाल के निधन पर मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि उन्होंने अपनी लेखनी में सच्चाई को सबसे उपर रखा। वे अपनी लेखनी में धर्म एवं राजनीति जैसे विषयों पर बेबाक तरीके से अपना विचार प्रस्तुत करते थे। उनके निधन से साहित्यजगत को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं समर्थकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
  8. केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे बोलेः केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि रेल मंत्रालय बिहार में अपेक्षा से अधिक विकास का काम त्वरित गति से कर रहा है। नई लाइन बिछाने, विद्युतीकरण और पूंजीगत निवेश में रेल मंत्रालय ने आश्चर्यजनक काम किए हैं, जिसकी बदौलत बिहार में तेजी से विकास हो रहा है। सोमवार को पटना में दानापुर रेल मंडल के DRM  रंजन प्रकाश ठाकुर,  इरकॉन के चीफ इंजीनियर श्री झा, CGM, GM  तथा उच्च पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक के बाद श्री चौबे ने कहा कि बिहार में रेलवे ने वर्ष 2014 से 19 के बीच कुल 2983 करोड रुपए का पूंजीगत निवेश किया, जबकि 2009 से 14 के बीच यह 1135 करोड़ रुपये का था। इस दौरान इसमे 163 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वर्ष  2014 से 18 के बीच कुल 151 किलोमीटर नई लाइन बिछाई गई है, जबकि 40234 करोड रुपए का प्रावधान कर 540 किलोमीटर नई सड़क रेल लाइन बिछाने का प्रस्ताव नए सर्वे के बाद हुआ है।  इसी तरह 2004 से लेकर 14 तक बिहार में विद्युतीकरण 140 किलोमीटर रेल लाइन का हुआ, जबकि 2014 से 18 के बीच 478 किलोमीटर रेल लाइन का विद्युतीकरण का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ और अभी वर्तमान में 1114 रूट किलोमीटर का विद्युतीकरण का काम प्रगति पर है।
  9. बेगूसराय के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा राष्ट्र ध्वज फहराएंगेः  इस बार राष्ट्र अपना 72 वाँ स्वतंत्रता दिवस पूरे धूमधाम से मनाने जा रहा है। इस मौके पर बेगूसराय जिला के शहर स्थित गांधी स्टेडियम के मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन किया गया है। बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा 15 अगस्त को सुबह 9 बजे मैं  राष्ट्र ध्वज फहराएंगे। इसकी जानकारी जिला के प्रभारी एनडीसी मो० जियाउर्रहमान ने दी।
  10. भागलपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो मरे, तीन घायलः गोराडीह थाना क्षेत्र के बढ़हरी बहियार में सोमवार की शाम धान की रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से धान की रोपनी कर रहीं चार महिलाएं घायल हो गईं। जिनमें एक महिला की मौत मौके पर ही हो गई। तीन महिलाएं बुरी तरह झुलस गईं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों ने इलाज हेतु आनन-फानन में गोराडीह स्थित एक निजी क्लीनिक में पहुंचाया, जहां घायलों का इलाज कराया जा रहा है। घायलों में से एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक महिला की पहचान बढ़हरी गांव निवासी घुटुस मंडल की 45 वर्षीय पत्नी राजो देवी के रुप में की गई है। वहीं घायल महिला मंजू देवी, बबिता देवी एवं कंचन देवी भी बढ़हरी गाँव की रहने वाली हैं। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कोला नारायणपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से से कारू यादव की बारह वर्षीय पुत्री पेप्सी कुमारी की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि पेप्सी घर में खाना खा कर हाथ धोने बाहर निकली। इसी बीच वह वज्रपात के चपेट में आ गईं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ेंः सभी एक दूसरे के धर्मों का आदर करेंः नीतीश

 

- Advertisement -
- Advertisement -