प्रधानमंत्री गया होकर शनिवार को जायेंगे झारखंड के पलामू

0
169
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

पटना/ डालटनगंज। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का शनिवार को (5 जनवरी) झारखंड जाने के क्रम में गया पहुंचेंगे। गया में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी उनका स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री झारखंड के पलामू में 6 सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करने वाले हैं। पलामू के लिए जाने के क्रम में दिल्ली से हवाई जहाज से गया आयेंगे और अल्पविश्राम के बाद गया से हेलीकॉप्टर द्वारा पलामू जायेंगे। इस दौरान गया में मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री प्रधानमंत्री से मिल कर उनका स्वागत करेंगे।

प्रधानमंत्री झारखंड की 6 सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे

डालटनगंज में झारखंड के मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से पलामू की जनता और किसानों की समृद्धि हेतु किसी ने चिंता नहीं की, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने पलामू और गढ़वा को विकास की राह पर लाने की पहल की है। पलामू सांसद श्री विष्णु दयाल राम, चतरा सांसद श्री सुनील कुमार सिंह और औरंगाबाद सांसद श्री सुशील कुमार सिंह ने अपने जन प्रतिनिधि होने की परिभाषा को सार्थक किया। मंडल डैम का निर्माण होने से क्षेत्र के किसानों की समृद्धि का द्वार खुल जायेगा। मंडल डैम से 19 हजार 604 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। श्री दास शुक्रवार को डालटनगंज परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शनिवार को उत्तर कोयल (मंडल डैम) परियोजना, कनहर सोन पाइपलाइन सिंचाई योजना और सिंचाई योजना और नहरों के लाइनिंग का शिलान्यास करेंगे। ये योजनाएं पलामू में सिंचाई और पेयजल आपूर्ति हेतु मील का पत्थर साबित होंगी।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान, गांव, महिला और युवाओं के समग्र विकास हेतु कटिबद्ध हैं। राज्य सरकार भी झारखण्ड के किसानों पर गर्व करती है। आज उन मेहनतकश किसानों की बदौलत ही महज 4 वर्ष में राज्य का कृषि विकास दर – 4 % से +14% हो गया। किसानों की समृद्धि और बदलते समय के अनुरूप उन्हें कृषि कार्य में दक्ष बनाने के उद्देश्य से 2018 में 50 किसानों के दल को इजरायल भेजा गया। ये किसान इजरायल से काफी आत्मविश्वास के साथ लौटे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना और किसानों की मेहनत के बल पर राज्य के किसानों की आय 4 गुणा करने का लक्ष्य लेकर सरकार कार्य कर रही है।

श्री दास ने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। सखी मंडल समेत अन्य योजनाओं के माध्यम से उनका आर्थिक स्वावलंबन सुनिश्चित किया जा रहा है। राज्य की महिला किसानों को भी आधुनिक युग की खेती की जानकारी हेतु इजरायल भेजा जाएगा। प्रथमचरण में 50 महिला व 50 पुरुष इजरायल जायेंगे। श्री दास ने बताया कि ई नाम में निबंधित 21 हजार किसानों को प्रथमचरण में स्मार्ट फोन दिया जायेगा। राज्य के अन्य किसान भी ई-नाम में अपना नाम निबंधित करा लें। सरकार की योजना है कि राज्य के 28 लाख किसानों को स्मार्ट फ़ोन दिया जाए। ताकि समय के साथ कृषि से संबंधित जानकारी उनकी हथेली पर आजाये।

मुख्यमंत्री श्री दास ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 5 जनवरी 2019 को झारखंड के 6 महत्वाकांक्षी सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे और इसके साथ ही 47 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद पलामू और गढ़वा का विकास की ओर अग्रसर होगा।

- Advertisement -