रघुवर की पहल पर दुबई से सुरक्षित लौटेगा संतोष

0
174

रांची। मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास की पहल पर झारखण्ड के संतोष गिरि को एक सप्ताह के अंदर दुबई से भारत लाया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री दास ने सरायकेला-खरसांवा निवासी संतोष को दुबई से भारत लाने हेतु अधिकारियों को सभी संबंधित कार्रवाई पूर्ण करने का निदेश दिया है, ताकि वे अपने वतन परिवार के पास सकुशल लौट आयें। मुख्यमंत्री की पहल पर विदेश मंत्रालय, भारत सरकार नई दिल्ली के कार्यालय द्वारा श्री संतोष गिरि को एक सप्ताह के अंदर भारत भेजने का आदेश दिया गया है।

ज्ञात हो कि संतोष गिरि ने 8 जून 2018 को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव को ई-मेल कर बताया कि जमशेदपुर के किसी एजेंट ने उसे दुबई भेजा था और दुबई आये हुये उसे 12 दिन हो गये हैं, परंतु दुबई आने के बाद उसे लगा कि वह फंस गया है। उसे वहां बंदी बनाकर रखा गया है और खाना भी नहीं दिया जा रहा है। श्री गिरि ने मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई थी।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित झारखण्ड भवन के स्थानिक आयुक्त को निदेश दिया कि संतोष गिरि को दुबई से भारत लाने हेतु विदेश मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली से संपर्क स्थापित कर सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जल्द से जल्द भारत लाने की कार्रवाई की जाये।

सुरक्षित लाये जा रहे मानसरोवर यात्रा पर गये लोगः मुख्यमंत्री रघुवर दास की पहल पर झारखंड से कैलास मानसरोवर की यात्रा पर गये यात्रियों को सुरक्षित लाया जा रहा है। विदेश मंत्रालय द्वारा नेपाल में भारतीय दूतावास को निर्देश दिया गया है कि चार जुलाई से छह जुलाई 2018 तक सिमी कोट और हिल्सा में फंसे सभी तीर्थ यात्रियों को विशेष हेलीकाप्टर से जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से नेपालगंज लाया जाये।

विदेश मंत्रालय के निदेश पर आज से अतिरिक्त हेलीकाप्टर सेवा द्वारा तीर्थयात्रियों को सुरक्षित लाया जा रहा है। नेपाल में भारतीय दूतावास ने इसके लिये अतिरिक्त हेल्पलाइन सुविधा शुरू करायी है और अतिरिक्त पदाधिकारियों को लगाया गया है। तीर्थ यात्रा का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।

 

- Advertisement -